'धुरंधर 2' में बड़े साहब बने एक्टर को भी नहीं पता था कि वही बड़े साहब हैं
आदित्य धर ने उन्हें दो-तीन महीने पहले ही जानकारी दी कि वो फ्रैंचाइज़ के बड़े साहब होने वाले हैं.
.webp?width=210)
Dhurandhar के दोनों पार्ट्स की रिलीज़ के बीच तीन महीने का गैप था. इस दौरान लोगों का सबसे बड़ा सवाल यही था कि फ्रैंचाइज़ का मेन विलन यानी 'बड़े साहब' कौन होगा. कोई कहता Akshay Kumar, तो कोई Emraan Hashmi का नाम लेता. मगर 19 मार्च को फिल्म रिलीज़ हुई, तो पता चला कि ये किरदार Maharani 2 में नज़र आए Danish Iqbal निभा रहे हैं. हालांकि Aditya Dhar ने कुछ महीने पहले तक दानिश को भी ये भनक नहीं लगने दी थी कि वो इस फ्रैंचाइज़ के मेन विलन हैं.
जिन लोगों ने 'धुरंधर' का पहला पार्ट देखा है, उन्हें रणवीर सिंह के किरदार के पास पड़ी एक डायरी याद होगी. उसमें वो देश के उन दुश्मनों का नाम लिखते और काटते थे, जिन्हें उन्हें एलिमिनेट करना है. रहमान डकैत भी उस लिस्ट में शामिल था और बड़े साहब भी. मगर तब ये स्पष्ट नहीं था कि ये किरदार असल ज़िंदगी में आखिर है कौन? चर्चा उठी कि ये हाफ़िज़ सईद या परवेज़ मुशर्रफ से प्रेरित हो सकता है. फिर कहा गया कि ये दाऊद इब्राहिम होगा. दाऊद की चर्चा उठी तो लोगों ने कहा कि अक्षय या इमरान हाशमी इस रोल को कर सकते हैं. इस अनुमान के पीछे एक कारण ये भी हो सकता है कि इन दोनों एक्टर्स ने 'वन्स अपॉन अ टाइम इन मुंबई' फ्रैंचाइज़ में दाऊद से प्रेरित किरदार निभाए हैं.
स्पॉइलर अलर्ट! फिल्म में बड़े साहब का किरदार वाकई दाऊद इब्राहिम ही है. अंतर ये है कि इसे अक्षय या इमरान नहीं बल्कि दानिश इकबाल निभा रहे हैं. टाइम्स नाऊ से हुई बातचीत में वो बताते हैं,
"बड़े साहब वाली बात पहले कभी नहीं हुई थी. कुछ महीने पहले तक मुझे खुद नहीं पता था कि मैं बड़े साहब का किरदार निभा रहा हूं. मैं डाउट में था. आदित्य धर बहुत सीक्रेटिव थे और उन्होंने कई बातें अपने तक ही रखीं. मुझे ये जरूर पता था कि मैं दाऊद इब्राहिम का रोल कर रहा हूं. लेकिन दाऊद ही बड़े साहब है, इस बात पर मुझे पूरा भरोसा नहीं था. सेट पर सभी मुझे ‘दाऊद भाई’ या ‘साहब’ कहकर बुलाते थे. लेकिन मेरे किरदार के बारे में किसी ने कुछ साफ नहीं बताया. इसलिए मेरे ज्यादातर सीन्स में मैं ही बोलता रहता हूं.”
फिल्म में दाऊद के किरदार को बूढ़ा होते हुए भी दिखाया गया है. दानिश ने बताया कि वो इस हिस्से की शूटिंग को लेकर काफ़ी एक्साइटेड थे. ऐसा इसलिए क्योंकि उन्होंने फिल्मों में पहली बार इस तरह का रोल किया था. वैसे बता दें कि दानिश इकबाल फिल्म में दाऊद का रोल कर रहे हैं, ये बात पहले पार्ट के क्रेडिट्स में ही बता दी गई थी. जिन्होंने शुरुआती दिनों में इस फिल्म को थिएटर में देखा था, उन्होंने शायद इसे नोटिस भी किया होगा.

लेकिन बाद में आदित्य धर ने प्लॉट लीक हो जाने के डर से इसमें बदलाव कर दिया. 01 जनवरी से फिल्म का जो नया वर्जन सिनेमाघरों में आया था, उसमें 'दाऊद इब्राहिम' के किरदार को केवल 'इब्राहिम' बताया गया था. नेटफ्लिक्स पर भी उसे इसी अधूरे नाम से मेंशन किया गया, जिसके आगे दानिश इकबाल को श्रेय दिया गया था. हालांकि दाऊद इब्राहिम ही फ्रैंचाइज़ में बड़े साहब है, इस पर कुछ हिंट नहीं दिया गया था.
वीडियो: धुरंधर 2 देखने जाएं या न जाएं? इस वीडियो से पता चल जाएगा

.webp?width=60)
