The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Entertainment
  • Dhruv Rathee Brutal Takedown of Dhurandhar 2, Calls It BJP Most Expensive Election Campaign

"भाजपा का सबसे महंगा चुनाव प्रचार"- ध्रुव राठी ने 'धुरंधर 2' के प्रोपगैंडा होने पर क्या दावे कर डाले?

ध्रुव का कहना है कि आदित्य धर, ओसामा बिन लादेन जैसे आतंकी की इमेज भी वाईटवॉश कर सकते हैं.

Advertisement
pic
27 मार्च 2026 (अपडेटेड: 27 मार्च 2026, 10:25 PM IST)
ranveer singh, dhruv rathee, dhurandhar 2,
ध्रुव राठी के 'धुरंधर 2' वाले वीडियो पर 80 लाख से ज्यादा व्यूज़ आ गए हैं.
Quick AI Highlights
Click here to view more

यूट्यूबर Dhruv Rathee ने पिछले दिनों Dhurandhar 2 को एक प्रोपगैंडा मूवी बताया था. इस बात को साबित करने के लिए उन्होंने अब एक लंबा-चौड़ा यूट्यूब वीडियो रिलीज़ किया है. वीडियो का टाइटल है- Every Lie in Dhurandhar 2 Exposed. इसमें उन्होंने डायरेक्टर Aditya Dhar, Bharatiya Janata Party और प्रधानमंत्री Narendra Modi पर हमला बोला है. इतना ही नहीं, उन्होंने आदित्य को भाजपा का 'चाटुकार' तक बता दिया है.

ध्रुव ने अपने वीडियो में 'धुरंधर' को एंटरटेनमेंट से ज्यादा पॉलिटिकल इंस्ट्रूमेंट करार दिया है. वो कहते हैं,

"धुरंधर 2 को एंटरटेनमेंट के लिए नहीं बनाया गया है. ये भाजपा का सबसे महंगा चुनाव प्रचार है. इसे देखने के लिए आपको 500 रुपये देने पड़ते हैं."

उन्होंने फिल्म की शुरुआत में आने वाले डिस्क्लेमर पर सवाल उठाया है. उनका कहना है कि आदित्य शुरू में तो ये लिख देते हैं कि फिल्म असली घटनाओं से प्रेरित फिक्शनल कहानी है. मगर फिर पीएम मोदी की रियल फुटेज का इस्तेमाल करने लगते हैं. वो कहते हैं,

"आदित्य ने नरेंद्र मोदी का असली चेहरा और असली फुटेज इस्तेमाल किया. दाऊद इब्राहिम और बाकी गैंगस्टर्स का असली नाम इस्तेमाल किया. फिर ये कह दिया कि ये तो केवल इत्तेफ़ाक है."

अपने तर्क के साथ ध्रुव ने स्क्रीन पर एक विवादित कैरिकेचर भी दिखाया. उसमें पीएम नरेंद्र मोदी अमेरिकी प्रेसिडेंट डोनाल्ड ट्रम्प के जूते चाटते नज़र आते हैं. ध्रुव का कहना है कि अगर दाऊद और नरेंद्र मोदी का रियल लाइफ रेफरेंस देना इत्तेफ़ाक है, तो फिर ये कार्टून भी असली घटनाओं से प्रेरित एक फिक्शनल कैरिकेचर है. उन्होंने अपना पल्ला झाड़ते हुए कहा कि ये कैरिकेचर किसी रियल लाइफ शख्स से मिलता-जुलता नज़र आता है, तो वो महज़ एक संयोग है. ध्रुव का मानना है कि आदित्य ने फिल्म की शुरुआत में डिस्क्लेमर देकर लोगों को मैनिप्युलेट किया है. इससे जनता फैक्ट और फिक्शन में फ़र्क नहीं कर पाती.

जब ‘धुरंधर’ के फर्स्ट पार्ट का टीज़र आया था, तब ध्रुव ने उसकी तुलना ISIS की थी. इस बार उन्होंने आतंकी ओसामा बिन लादेन का हवाला देते हुए कहा,

"आदित्य धर ने इंस्पायर्ड बाय रियल इवेंट्स वाली इस वाइट वॉशिंग में महारत हासिल कर ली है. यदि ओसामा बिन लादेन जिंदा होता और उसे अपनी पब्लिक इमेज सुधारनी होती, तो आदित्य उसके लिए फिल्म बनाता. नाम रखता- 'ओसामा: द मिसअंडरस्टूड फिलैनथ्रोपिस्ट. डायरेक्टेड बाय आदित्य धर."

ध्रुव का आरोप है कि आदित्य ने 'धुरंधर 2' में मुसलमानों को क्रूर दिखाया है. इस दौरान उन्होंने फिल्म में कई ऐसे सीन्स जोड़े, जिनका कहानी से डायरेक्ट कनेक्शन नहीं है. ध्रुव का आरोप है कि वो दृश्य केवल मुस्लिमों के खिलाफ़ नफरत फैलाने के लिए जोड़े गए हैं. एग्जाम्पल के लिए उन्होंने फिल्म के उस शुरुआती सीक्वेंस का ज़िक्र किया, जहां पाकिस्तान में भीड़ एक सिख परिवार को जिंदा जला देती है. ध्रुव का कहना है कि आदित्य शुरुआत में ही इस तरह के सीन्स दिखा देते हैं ताकि बाद में प्रोपगैंडा परोसने में सहूलियत हो.

वीडियो में ध्रुव ने उन डायलॉग्स का भी ज़िक्र किया, जहां फिल्म के विलन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का रेफरेंस देते हैं. ध्रुव कहते हैं, 

"फिल्म का सबसे मज़ेदार प्रोपगैंडा बताता हूं. धुरंधर 2 के विलन्स की जिम्मेदारी केवल विलन बनने की नहीं है. उन बेचारों को साथ में मोदी की तारीफ़ भी करनी पड़ रही है. दाऊद इब्राहिम का कैरेक्टर कहता है- 'जबसे ये चायवाला (मोदी) आया है, हमारे लोगों में डर बढ़ गया है'. इंडिया के मोस्ट वॉन्टेड गैंगस्टर ने बैठकर प्रधानमंत्री का रिव्यू दे दिया है. जैसे वो कोई स्विगी डिलीवरी ड्राइवर हो. फाइव स्टार."

अपने वीडियो में ध्रुव ने कहा है कि यदि फिल्म का हीरो हम्ज़ा अली मज़ारी (रणवीर सिंह) प्रधानमंत्री की तारीफ़ करता, तो उसका खास असर नहीं पड़ता. मगर मूवी का सबसे बड़ा विलन ऐसा करता है, तो ऑडियंस उस बात पर विश्वास करने लगती है. ध्रुव का कहना है कि इस फिल्म का मक़सद असल में हम्ज़ा को बेचना नहीं, बल्कि मोदी को बेचना है.

कुल मिलाकर, ध्रुव के नई वीडियो ने 'धुरंधर 2' और प्रोपगैंडा वाली बहस को और हवा दे दी है. एक तबका उनकी बातों से सहमत हो रहा है. वहीं दूसरा, उन्हें ट्रोल करने में लगा हुआ है. इस बीच कई लोग ऐसे भी हैं, जिन्होंने इस वीडियो की टाइमिंग पर सवाल उठाया है. उनका कहना है कि ध्रुव ऐसे समय पर अपना कॉन्टेन्ट लेकर आए हैं, जब फिल्म पहले ही हजार करोड़ रुपये का बिजनेस कर चुकी है. वैसे, ध्रुव ने पहले पार्ट की रिलीज़ के बाद भी इस तरह का एक वीडियो रिलीज़ किया था. मगर उससे मूवी को कुछ खास नुकसान नहीं हुआ. उल्टा लोग ध्रुव पर ही भड़क गए. इसलिए देखना होगा कि इस बार उनका ये प्रयास फिल्म पर कोई डेन्ट छोड़ता है या केवल एक रैंट बनकर रह जाता है.

वीडियो: 'धुरंधर' को ध्रुव राठी ने बर्बाद करने की दी थी धमकी, खुद ही ट्रोल हो गए

Advertisement

Advertisement

()