The Lallantop
Advertisement

'धूम' फ्रैंचाइज़ी के डायरेक्टर संजय गढ़वी का हार्ट अटैक से निधन

संजय के दोस्तों ने बताया कि कुछ दिन पहले तक उनकी तबीयत सही थी. उन्होंने बताया कि संजय हाल ही में किसी मल्टीप्लेक्स में फिल्म देखने भी गए थे.

Advertisement
pic
19 नवंबर 2023 (पब्लिश्ड: 01:36 PM IST)
sanjay gadhvi dhoom director death
संजय की आखिरी फिल्म 'ऑपरेशन परिंदे' थी.
Quick AI Highlights
Click here to view more

‘धूम’ फ्रैंचाइज़ी के डायरेक्टर संजय गढ़वी का निधन हो गया है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक 57 साल की उम्र में हार्ट अटैक की वजह से उनकी डेथ हुई है. प्रोड्यूसर बोनी कपूर ने इंडियन एक्सप्रेस को बताया कि 19 नवंबर की सुबह 8:45 बजे संजय की डेथ हुई. उन्होंने बताया कि संजय को सुबह हार्ट अटैक आया और वो ज़मीन पर गिर पड़े. संजय के दोस्तों ने इंडिया टुडे को बताया कि बीते कुछ दिनों से उन्हें सेहत को लेकर कोई शिकायत नहीं थी. कुछ दिन पहले ही संजय किसी मल्टीप्लेक्स में फिल्म देखने भी गए थे. 

संजय ने अपने फिल्ममेकिंग करियर की शुरुआत 2001 में की थी. लेकिन उन्हें भयंकर पॉपुलैरिटी दिलाई YRF की ‘धूम’ फ्रैंचाइज़ी ने. संजय ने ‘धूम’ और ‘धूम 2’ डायरेक्ट की थी. दोनों फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर अच्छी कमाई की थी. यशराज फिल्स्ल ने संजय की याद में लिखा,

जो जादू उन्होंने स्क्रीन पर बनाया, उसे हमेशा याद किया जाएगा. उनकी आत्मा को शांति मिले. 

‘हम तुम’ और ‘फ़ना’ जैसी फिल्में बना चुके कुणाल कोहली ने सोशल मीडिया पर लिखा,

ये दंग कर देने वाली खबर है. रेस्ट इन पीस, संजय गढ़वी. कभी नहीं सोचा था कि आपके लिए ऐसा कुछ लिखना होगा. इतने साल तक YRF में ऑफिस, लंच के डब्बे शेयर किए. तुम्हें मिस करूंगा दोस्त. यकीन करना मुश्किल है. 

साल 2001 में रिलीज़ हुई ‘तेरे लिए’ संजय की पहली फिल्म थी. उनकी पहली फिल्म पर किसी का भी ध्यान नहीं गया. लोगों की नज़रों में लाने का काम उनकी दूसरी फिल्म ने किया. YRF के लिए संजय ने ‘मेरे यार की शादी है’ बनाई. कास्ट में जिमी शेरगिल, उदय चोपड़ा, ट्यूलिप जोशी और बिपाशा बासु जैसे नाम थे. ‘मेरे यार की शादी है’ ब्लॉकबस्टर नहीं थी. लेकिन फिल्म ने ठीक-ठाक कमाई कर ली थी. उसके बाद आई संजय के करियर की सबसे बड़ी फिल्म. उन्होंने जॉन अब्राहम, अभिषेक बच्चन, उदय चोपड़ा और रिमी सेन को लेकर ‘धूम’ बनाई. एक हाइस्ट एक्शन फिल्म जिसके एंटी-हीरो को खासा पसंद किया गया. ‘धूम’ के सीक्वल को भी जनता ने खुली बाहों से अपनाया. यहां ऋतिक रोशन, ऐश्वर्या राय और बिपाशा बासु भी नज़र आए. ‘धूम 2’ साल 2006 की सबसे कमाऊ हिंदी फिल्म बनकर निकली. बॉलीवुड हंगामा के मुताबिक ‘धूम 2’ ने दुनियाभर में करीब 150 करोड़ रुपए का ग्रॉस कलेक्शन किया था. 

‘धूम’ फ्रैंचाइज़ी के बाद संजय को फिर कभी वैसी कामयाबी नहीं मिली. उन्होंने ‘किडनैप’ और ‘अजब गजब लव’ जैसी फिल्में बनाईं लेकिन वो नहीं चली. बड़े परदे के बाद संजय ने डिजिटल स्पेस में भी कदम रखा. उन्होंने ज़ी5 के लिए ‘ऑपरेशन परिंदे’ नाम की फिल्म डायरेक्ट की. वहां लीड में अमित साध थे. बता दें कि ये संजय का आखिरी प्रोजेक्ट था.                     
 

वीडियो: मैथ्यू पेरी ने फ्रेंड्स में चैंडलर का रोल किया था, निधन पर क्या बोले स्टार्स

Advertisement

Advertisement

()