The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Entertainment
  • Court Pulls Up Makers of The Kerala Story 2, Teaser and Trailer to Be Taken Down

कोर्ट की फटकार, 'द केरल स्टोरी 2' मेकर्स डिलीट करेंगे फिल्म का टीज़र-ट्रेलर?

25 फरवरी को फिल्म देखने के बाद कोर्ट तय करेगी कि ये फिल्म 27 फरवरी को रिलीज़ होगी या नही.

Advertisement
pic
24 फ़रवरी 2026 (अपडेटेड: 24 फ़रवरी 2026, 08:34 PM IST)
the kerala story 2,
'द केरल स्टोरी 2' को विपुल अमृतलाल शाह ने प्रोड्यूस किया है.
Quick AI Highlights
Click here to view more

The Kerala Story 2 रिलीज़ से पहले ही बड़े विवाद में फंस गई है. फिल्म को पॉलिटिकल बैकलैश तो मिल ही रही, साथ ही Kerala High Court में भी मामले की सुनवाई चल रही है. फिल्म के खिलाफ़ तीन पिटीशन फ़ाइल किए गए हैं. उनमें फिल्म के सेंसर सर्टिफिकेट को रोकने और फिल्म पर बैन लगाने की मांग की गई है. उन मामलों पर आगे बढ़ने से पहले जज खुद भी इस मूवी को देखना चाहते हैं. तब तक के लिए, उन्होंने मेकर्स को फिल्म के टीज़र-ट्रेलर को पब्लिक प्लैटफॉर्म से हटाने का आदेश दिया है.

पहले पार्ट की तरह इस सीक्वल में भी 'लव जिहाद' और धर्म परिवर्तन जैसे मुद्दों को उठाया गया है. मगर पिछली मूवी जहां केरल सेन्ट्रिक थी, इस बार राजस्थान और मध्य प्रदेश से जुड़े केस दिखाए गए हैं. बावजूद इसके, मेकर्स ने फिल्म के टाइटल में केवल केरल का इस्तेमाल किया है. कोर्ट ने मामले की सुनवाई करते हुए इस बात पर मेकर्स को खूब लताड़ा है. जस्टिस बेचू कुरियन थॉमस ने मेकर्स से कहा,

"केरल के लोगों की चिंताओं को नज़रअंदाज़ नहीं किया जा सकता. क्योंकि आपने फिल्म का नाम ही केरल रखा है. आम तौर पर मैं फिल्मों में दखल नहीं देता, क्योंकि वो कला की अभिव्यक्ति है. लेकिन जब आप कहते हैं कि फिल्म सच्ची घटनाओं से प्रेरित है और उसका नाम किसी राज्य पर रख देते हैं, तो इससे साम्प्रदायिक तनाव पैदा हो सकता है."

कोर्ट ने मेकर्स से कहा कि वो फैसला आने तक फिल्म का टीज़र-ट्रेलर सोशल मीडिया से हटा दें. हालांकि खबर लिखे जाने तक दोनों वीडियोज़ यूट्यूब पर मौजूद हैं. खैर, कोर्ट ने मेकर्स से कहा कि वो मामले पर आगे सुनवाई करने से पहले खुद इस मूवी को खुद देखना चाहेंगे. ऐसा इसलिए ताकि वो ये तय कर सकें कि उन्हें तीनों पिटीशंस में से किस पर अधिक ज़ोर देना है. मेकर्स स्क्रीनिंग के लिए तैयार हो गए.

लंच ब्रेक के बाद जब सुनवाई दोबारा चालू हुई, तो मेकर्स ने कोर्ट से अलग चर्चा छेड़ दी. उन्होंने कहा कि अदालत को पहले ये तय करना चाहिए कि जो याचिकाएं उसके सामने आई हैं, वे जनहित में हैं या कोई निजी मामला है. ये उनका बदला हुआ रुख था. ऐसा इसलिए क्योंकि उन्होंने पहले ही साफ़ कहा था कि वो फिल्म का टीज़र और ट्रेलर हटा देंगे. साथ ही अदालत से फिल्म दिखाने के लिए थोड़ा समय भी मांगा था. लेकिन अब वो अपने पिछली बयान से अलग बात कर रहे थे. इस पर जज ने कहा कि मेकर्स नहीं चाहते कि अदालत ये फिल्म देखे. साथ ही उन्होंने ये भी स्पष्ट किया कि वो ‘द केरल स्टोरी 2’ को 25 फरवरी की दोपहर में देखेंगे. स्क्रीनिंग के बाद ही मामले पर आगे सुनवाई बढ़ पाएगी. चूंकि फिल्म 27 फरवरी को रिलीज़ होने वाली है, इसलिए ये सुनवाई फिल्म का भविष्य तय करने में अहम भूमिका निभाएगी. स्क्रीनिंग के बाद ही तय होगा कि ‘दी केरल स्टोरी 2’ 27 फरवरी को रिलीज़ होगी या नहीं. इस फिल्म को कामाख्या नारायण सिंह ने डायरेक्ट किया है.

वीडियो: 'द केरला स्टोरी' के निर्देशक सुदीप्तो सेन ने फिल्मफेयर अवार्ड्स को खूब लताड़ा, 'लापता लेडीज़' और 'किल' पर भी टिप्पणी की

Advertisement

Advertisement

()