विकी कौशल की सबसे कमाऊ फिल्म 'छावा' का सीक्वल बनेगा?
विकी इस बार किसका किरदार निभाने वाले हैं?

Chhaava साल 2025 की हाइएस्ट ग्रॉसिंग फिल्मों में से एक थी. उसने बॉक्स ऑफिस पर 807 करोड़ रुपये कमाए थे. वो न केवल Vicky Kaushal के करियर की सबसे बड़ी फिल्म साबित हुई, बल्कि उसने उन्हें एक बैंकेबल स्टार भी बनाया. खबर है कि मेकर्स उस मूवी का सीक्वल प्लान कर रहे हैं. विकी इस प्रोजेक्ट में Chhaatrapati Shahu Maharaj यानी शाहूजी फर्स्ट का किरदार निभा सकते हैं.
टाइम्स ऑफ इंडिया ने सूत्रों के हवाले से बताया,
"छावा छत्रपति संभाजी महाराज की ज़िंदगी पर बेस्ड थी. मगर ये सीक्वल उनके बेटे यानी शाहू महाराज पर आधारित होगा."
शाहू महाराज, छत्रपति शिवाजी महाराज के पोते थे. उनके पिता संभाजी की मौत के बाद रायगढ़ का किला मुगलों के कब्जे में चला गया था. ऐसे में शाहूजी और उनकी मां येसूबाई को भी मुगलों ने कैद कर लिया था. यही कारण है कि शाहू का पूरा बचपन मुगलों की कैद में ही बीता था. औरंगज़ेब की मौत के बाद वो उस कैद से रिहा हुए और कुछ समय बाद छत्रपति बने. मगर छत्रपति बनने के लिए उन्हें अपनी सौतेली चाची ताराबाई की सेना के सामने खेड़ के युद्ध में उतरना पड़ा था. उस लड़ाई में जीत के बाद ही शाहू मराठा साम्राज्य के कर्ता-धर्ता बने थे.
रिपोर्ट की मानें तो विकी इस सीक्वल में काफी इंट्रेस्ट दिखा रहे हैं. उन्होंने पहले पार्ट के डायरेक्टर लक्ष्मण उतेकर से बातचीत भी शुरू कर दी है. लक्ष्मण अभी श्रद्धा कपूर की फिल्म 'इथा' की शूटिंग कर रहे हैं. उससे निपटकर ही वो 'छावा 2' पर काम शुरू करेंगे. इस तरह फिल्म की शूटिंग 2027 के अंत या 2028 के स्टार्ट में ही शुरू हो पाएगी. हालांकि इस मूवी को 'छावा 2' कहा जाएगा, इसके आसार कम ही हैं. ऐसा इसलिए क्योंकि ये नाम छत्रपति संभाजी महाराज से जुड़ा है. इसलिए हो सकता है कि इस सीक्वल को कुछ और नाम मिले. वैसे, ये चर्चा फिलहाल काफी अर्ली स्टेज में है. मेकर्स ने अपनी तरफ से ऑफिशियली इस प्रोजेक्ट को लेकर कोई कमेंट नहीं किया है. और जबतक वो ऐसा नहीं कर देते, इस पर ताल ठोकना थोड़ी जल्दबाजी होगी.
जहां तक विकी की बात है, 'छावा' के बाद से वो संजय लीला भंसाली की 'लव एंड वॉर' की शूटिंग में बिजी हैं. ये फिल्म लगातार डिले हो रही है. इस वजह से विकी अपने दूसरे प्रोजेक्ट्स पर काम शुरू नहीं कर पा रहे हैं. वैसे, 'लव एंड वॉर' के बाद वो मैडॉक फिल्म्स की 'महावतार' में परशुराम के रोल में नजर आएंगे. वो फिल्म 'छावा' से भी छह गुना बड़ी बताई जा रही है. विकी को उस किरदार में ढलने के लिए काफी मसल गेन करना है. साथ ही उसमें वीएफएक्स का भी काफी काम होगा, जिसमें काफी समय लगने वाला है. इसलिए ‘महावतार’ प्रोजेक्ट से फ्री होने के बाद ही वो किसी दूसरी फिल्म पर काम शुरू कर पाएंगे.
वीडियो: AR Rahman ने 'छावा' के म्यूजिक को लेकर क्या कह दिया?

.webp?width=60)
