'ब्रह्मास्त्र' के डायलॉग्स की ट्रोलिंग पर अब राइटर ने जवाब दिया है
लोगों ने यहां तक मीम बनाए थे कि फिल्म में आलिया ने कितनी बार शिवा कहा.

2022 में रिलीज हुई ‘ब्रह्मास्त्र’ बड़ी फिल्म थी, कमाई के लिहाज़ से भी और उसके हिस्से आई ट्रोलिंग के लिहाज़ से भी. लोगों ने बैठकर गिना कि आलिया के किरदार ईशा ने कितनी बार शिवा बोला. इधर रणबीर के किरदार शिवा ने ‘तुम जल गई ना मेरे प्यार में’ बोला और उधर जनता क्रिंज करने लगी. फिल्म के डायलॉग्स की हुई ट्रोलिंग पर फिल्म के डायरेक्टर अयान मुखर्जी ने भी जवाब दिया था. उन्होंने कहा था कि वो लोगों का फीडबैक नोट कर रहे हैं और ‘ब्रह्मास्त्र’ के अगले पार्ट में शिकायत का मौका नहीं छोड़ेंगे.
अब फिल्म के राइटर हुसैन दलाल ने फिल्म के डायलॉग्स की हुई आलोचना पर बात की है. उन्होंने टाइम्स ऑफ इंडिया से बात करते हुए कहा,
मैं इस बात के लिए शुक्रगुज़ार हूं कि मेरे पास काम है. मैं ऐसी दुनिया में बड़ा नहीं हुआ जहां काम, सफलता और शौहरत पर मेरा हक हो. मैंने खुद अपना रास्ता बनाया है. मैं इस बात के लिए शुक्रगुज़ार हूं कि अगर लोग गाली दे रहे हैं तो कम-से-कम देख कर गाली दे रहे हैं. तो मैं बहुत खुश हूं कि उन्होंने वक्त निकाला और देखा. उनकी गालियों को भी मैं गले लगाना चाहता हूं और उनकी तारीफ को भी गले लगाना चाहता हूं.
हुसैन ने आगे कहा कि हर कोई सब कुछ सीखकर नहीं आता. उन्होंने कहा कि बहुत ट्रोलिंग हुई, लोगों ने मज़ाक उड़ाया, मीम बनाए, लेकिन लोगों ने फिल्म देखी. आगे जोड़ा कि जब तक घर में खाना और हाथ में काम है, तब तक वो शुक्रगुज़ार रहेंगे.
अयान मुखर्जी लंबे समय से ‘ब्रह्मास्त्र’ पर काम कर रहे थे. फिल्म को तीन पार्ट्स में बनाए जाने का प्लान है. पहला पार्ट 09 सितंबर, 2022 को रिलीज हुआ था. अयान ने बताया कि वो 2025 में ‘ब्रह्मास्त्र पार्ट 2’ को रिलीज करने की योजना बना रहे हैं. फिल्म का अगला पार्ट देव की कहानी पर फोकस करेगा. ‘ब्रह्मास्त्र पार्ट 1’ में देव की शक्ल नहीं दिखाई गई. मेकर्स का कहना है कि उन्होंने देव के लिए किसी एक्टर को फाइनल नहीं किया है. मीडिया रिपोर्ट्स ने यश, रणवीर सिंह और ऋतिक रोशन को देव के रोल के लिए सबसे मज़बूत दावेदारों में से बताया है.
KGF 2 के बाद यश को दो मेगा बजट बॉलीवुड फिल्म के ऑफर हुई हैं, जिसमें से एक है ब्रह्मास्त्र 2

