बीजेपी सांसद ने RRR की टीम को बधाई दी, लोग ट्रोल करने लगे, कहा: पहले तो आप आग लगा रहे थे
ये वही सांसद हैं, जिन्होेंने कभी RRR को दिखाने वाले थिएटर्स में आग लगाने की बात कही थी.

Bandi Sanjay Kumar नाम के नेता हैं. BJP तेलंगाना के प्रेज़िडेंट हैं. करीमनगर से MP. इन दिनों खबरों में हैं. पल्टी मारने की वजह से. RRR की रिलीज़ के वक्त इनके भीतर अनु मलिक की आत्मा समा गई थी. इन्होंने धमकी दी थी कि जिन थिएटर्स में RRR लगेगी, वो उन्हें आग लगा देंगे. फिर RRR ने Golden Globes जीत लिया. अब संजय कुमार फिल्म की इस उपलब्धि पर प्राउड फील कर रहे हैं. लोगों ने उनका दोहरापन धर लिया. इसलिए सोशल मीडिया ट्रायल हो रहा है.
जब RRR का टीज़र आया, तो उसके ऊपर खूब कॉन्ट्रोवर्सी हुई. NTR Jr. के निभाए कोमाराम भीम के किरदार के लुक पर. क्योंकि इस टीज़र में NTR Jr. आंखों में सुरमा लगाए, मुस्लिम स्कल कैप पहने नज़र आ रहे थे. कहा गया कि कोमाराम भीम स्वतंत्रता सेनानी थे. उन्हें स्कल कैप पहने मुस्लिम लुक में दिखाना आपत्तिजनक है. अगर RRR के मेकर्स वो सीन फिल्म से नहीं हटाते, तो बीजेपी कार्यकर्ता फिल्म को रिलीज़ नहीं होने देंगे. इसी दौरान उन्होंने RRR को चलाने वाले थिएटर्स को आग लगाने की बात कही थी. उनके इस बयान पर खबरें बनीं. वैसी ही एक खबर का स्क्रीनशॉट आप नीचे देख सकते हैं-
बाद में इस बारे में RRR के राइटर और राजामौली के पिता के.वी. विजयेंद्र प्रसाद ने NTR जूनियर के लुक के पीछे की कहानी बताई. उन्होंने कहा कि आज कल लोग पूरा मामला समझे बिना विवाद शुरू कर देते हैं. NTR जूनियर फिल्म में मुस्लिम के लुक में इसलिए देख रहे हैं क्योंकि फिल्म में हैदरबाद के निज़ाम उन्हें मारने के लिए ढूंढ रहे हैं. वो निज़ाम के हाथों पकड़े जाने से बचने के लिए अपनी पहचान छुपाकर घूम रहे हैं.
कट टु 11 जनवरी, 2023. खबर आई कि RRR के गाने 'नाटु नाटु' ने बेस्ट ओरिजिनल सॉन्ग कैटेगरी में गोल्डन ग्लोब्स अवॉर्ड जीत लिया है. ऐसा करने के दौरान इस गाने ने रिहाना, लेडी गागा और टेलर स्विफ्ट जैसे पॉपुलर सिंगर्स को पछाड़ दिया. इस खबर के तुरंत बाद संजय कुमार का ट्वीट आता है. अपने इस ट्वीट में वो लिखते हैं-
'''नाटु नाटु' के लिए ओरिजिनल सॉन्ग का गोल्डन ग्लोब अवॉर्ड जीतने के लिए एम.एम. कीरवानी और RRR की पूरी टीम को हार्दिक शुभेच्छा. आप सबने इस ऐतिहासिक अचीवमेंट से वैश्विक स्तर पर भारत का मान बढ़ाया है.''
लोग इस ट्वीट के कमेंट बॉक्स में उनके पिछले बयान पर बनी खबरों के स्क्रीनशॉट्स चिपका रहे हैं. साथ ही उनके बयान के वीडियो का लिंक भी पोस्ट किया जा रहा है. जनता उन्हें मौकापरस्त और तमाम तरह की भली-बुरी बातें कह रही हैं. अब तक इस पूरे मामले पर बंडी संजय कुमार ने कोई जवाब या बयान नहीं दिया है.
डायरेक्टर राजमौली की RRR को मिला गोल्डन ग्लोब अवार्ड 2023

