शाहरुख खान को गद्दार कहे जाने पर मनोज तिवारी ने क्या सफाई दी?
Manoj Tiwari on Shahrukh khan: मनोज तिवारी का कहना है कि BJP ऐसा नहीं मानती कि शाहरुख खान गद्दार हैं.

Shah Rukh Khan ने IPL 2026 के लिए बांग्लादेशी प्लेयर Mustafizur Rahman को Kolkata Knight Riders (KKR) में शामिल किया था. चूंकि भारत और बांग्लादेश के बीच इन दिनों रिश्ते अच्छे नहीं चल रहे, इसलिए भाजपा नेता Sangeet Som ने उन्हें 'गद्दार' कह दिया. इस बात पर खूब हो-हल्ला मचा. लेकिन एक्टर-सिंगर से भाजपा नेता बने Manoj Tiwari इस बात से इत्तेफाक नहीं रखते. उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि शाहरुख गद्दार नहीं हैं.
# मनोज तिवारी ने शाहरुख पर क्या कहा?
मनोज ने हाल ही में NDTV को एक इंटरव्यू दिया था. उसमें उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को गद्दार कह दिया. इस पर उनसे पूछा गया कि वो किस आधार पर ये कैरेक्टर सर्टिफिकेशन कर रहे? क्या संगीत सोम की तरह वो शाहरुख खान को भी गद्दार कह देंगे? इस पर मनोज तिवारी ने कहा,
"मैं शाहरुख खान को गद्दार नहीं कह सकता. मैंने संगीत सोम को नहीं सुना. उनका नजरिया कुछ भी हो, मैं शाहरुख को गद्दार नहीं मानता. वो देश के एक एक्टर हैं. मैं उनके देशप्रेम पर सवाल नहीं उठा रहा. संगीत सोम इस पर जो भी सोचते हों, मेरे लिए वो गद्दार नहीं."
# राहुल गांधी और शाहरुख को गद्दार कहने में क्या अंतर बताया?
मनोज बार-बार ये कह रहे थे कि उन्हें संगीत सोम के बयान का कॉनटेक्स्ट नहीं पता. इस पर उन्हें मुस्तफिज़ुर रहमान वाला केस बताया गया. इतना सुनकर मनोज ने कहा,
"देखिए इतनी छोटी बात पर मैं 'गद्दार' जैसा इतना बड़ा तमगा नहीं दे सकता. जब मैं राहुल गांधी जी पर बात करता हूं तो मेरे पास 20 कारण हैं. मगर मैं शाहरुख या किसी दूसरे खान को गद्दार नहीं कहूंगा. बाकी संगीत सोम जो कह रहे, वो उनका अपना विचार है. भाजपा ऐसा विचार नहीं रखती."
# संगीत सोम ने शाहरुख को क्यों कहा था गद्दार?
भाजपा नेता संगीत सोम ने जनवरी 2026 में मेरठ के एक पब्लिक इवेंट में शाहरुख पर ये बयानबाजी की थी. उन्होंने कहा कि बांग्लादेश में हिंदुओं का कत्लेआम हो रहा है. वहां के लोग भारत के खिलाफ़ नारे लगा रहे हैं. लेकिन शाहरुख जैसे गद्दार वहां के प्लेयर को 9 करोड़ रुपये में खरीद रहे. इसलिए उन्हें इस देश में रहने का हक नहीं. भाजपा नेता ने धमकी दी कि यदि मुस्तफ़िज़ुर भारत आते हैं, तो इसके बहुत बुरे परिणाम होंगे. उन्हें एयरपोर्ट से बाहर तक निकलने नहीं दिया जाएगा.
# मुस्तफिज़ुर रहमान को IPL 2026 से बाहर कर दिया गया
एक अन्य इवेंट में उन्होंने 26/11 हमले का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि जब मुंबई में आतंकी हमला हुआ था, तब शाहरुख ने पाकिस्तानी प्लेयर्स को कोलकाता नाइट राइडर्स में शामिल किया था. बांग्लादेश वाले मामले में भी वो ऐसा ही कर रहे. संगीत सोम के इस बयान ने तब काफी तूल पकड़ लिया था. इसके बाद BCCI के आदेश पर मुस्तफिज़ुर रहमान को KKR से बाहर कर दिया गया. हालांकि बाद में संगीत सोम ने स्पष्ट किया कि वो शाहरुख के मुस्लिम होने की वजह से इतने हमलावर नहीं हैं. उनके मुताबिक, यदि शाहरुख की जगह कोई ओमपाल-रामपाल भी होता, तब भी वो यही बातें कहते.
वीडियो: BJP नेता संगीत सोम ने शाहरुख खान को सुपरस्टार मानने से किया इनकार

