बिग बॉस 17: खानज़ादी पर बरस पड़े सलमान खान, कहा - "तू मुझे माफ कर दे"
सलमान डांटते हुए कहते हैं कि खानज़ादी ने सभी की दिवाली खराब कर दी है. वो इस बात पर नाराज़ हुए कि एक टास्क जीतने के लिए खानज़ादी ने झूठ बोला.

12 नवंबर यानी दिवाली की रात को Bigg Boss 17 का दिवाली धमाका एपिसोड आएगा. शो ने उसी का प्रोमो रिलीज़ किया. प्रोमो में दिखता है कि सलमान रैपर खानज़ादी को डांट रहे हैं. सलमान कहते हैं कि खानज़ादी, आपको क्या सिर्फ लड़ना-झगड़ना है क्या इस घर में? खानज़ादी अपनी बात कहने की कोशिश करती हैं लेकिन सलमान उन्हें रोक देते हैं. आगे कहते हैं,
कटरीना यहां पर आई हैं दिवाली के लिए और ये चल रहा है इस घर में. यार, तू मुझे माफ कर दे खानज़ादी. आपको कुछ बात समझ में आ रही है जो मैं कह रहा हूं आपसे. लाइन और लिमिट यहां पर कोई क्रॉस ना करे.
सलमान इससे पहले खानज़ादी को कॉल आउट करते हैं. वो कहते हैं कि एक टास्क के दौरान खानज़ादी ने कहा कि उनका दिल अभिषेक के लिए धड़कता है. फिर कहते हैं कि खानज़ादी ने ऐसा टास्क जीतने के लिए बोला. सलमान इस पर कहते हैं,
एक हैम्पर के लिए? अगर घरवालों को लगता है कि ये सब आप गेम के लिए कर रहे हो तो गलत क्या है. ये जो नेरेटिव सेट किया गया है वो फेक नेरेटिव है. अगर फीलिंग्स सही होतीं, अगर वाकई में दिल धड़कता और ये बोलती कि ये स्क्रिप्टेड है, ये फेक है, उस वक्त आप स्टैंड ले सकती थीं. इस वक्त आपका स्टैंड लेना गलती है. ऊपरवाले ने आपको दिमाग दिया है, सोचो थोड़ा सा. यार, तू मुझे माफ कर दे खानज़ादी. बक-बक चालू ही रहती है यार आपकी. खुद की दिवाली खराब, सबकी और खराब, हमारी खराब. दिवाली की कोई अहमियत है कि नहीं आपकी लाइफ में.
सलमान गुस्से में खानज़ादी को सुनाते रहते हैं. उसके बाद कटरीना उन्हें शांत होने को कहती हैं. दोनों की फिल्म ‘टाइगर 3’ 12 नवंबर को रिलीज़ हुई है. उसी के चलते कटरीना शो पर आई थीं. बता दें कि ‘टाइगर 3’ एवरेज रिव्यूज़ के साथ खुली है. फिल्म आने से पहले उसके दो बड़े सीन भी लीक हो गए जहां शाहरुख और ऋतिक रोशन के कैमियो थे. ट्रेड एक्स्पर्ट्स का अनुमान है कि ‘टाइगर 3’ पहले दिन 30 से 35 करोड़ रुपए के बीच कमाएगी. बाकी पुख्ता आंकड़ा दिन खत्म होने के बाद ही सामने आएगा.

