'रामायण' में कौन सा एक्टर, किसका रोल कर रहा है, सब पता चल गया!
रणबीर कपूर और यश के अलावा नितेश तिवारी की 'रामायण' में और कौन से एक्टर्स शामिल हैं?

Nitesh Tiwari की Ramayana न केवल साल 2026, बल्कि भारतीय सिनेमा इतिहास की सबसे बड़ी फिल्म होने जा रही है. इस साल दीपावली पर फिल्म का पहला पार्ट रिलीज़ होगा. चर्चा है कि मेकर्स रामनवमी यानी 26 मार्च के आसपास इसका ऑफिशियल टीज़र रिलीज़ कर सकते हैं. ऐसे में एक नज़र डालते हैं फिल्म से जुड़ी पूरी स्टारकास्ट पर. इसमें कुछ नामों की औपचारिक पुष्टि हो चुकी है. वहीं कुछ नाम लगातार चर्चा में हैं.
# रणबीर कपूर- राम
रणबीर कपूर को अपने करियर में 'रामायण' के लेवल का प्रोजेक्ट शायद ही कभी दोबारा करने को मिले. इसलिए वो पूरे जी-जान से इस फिल्म पर लगे हुए हैं. रिपोर्ट्स थीं कि उन्होंने राम के किरदार में ढलने के लिए शराब, सिगरेट और मांस से दूरी बना ली है. वो पहले पार्ट की शूटिंग महीनों पहले कर चुके हैं. पिछले दिनों उन्होंने दूसरे पार्ट पर भी काम शुरू कर दिया है.
# साई पल्लवी- सीता
साई पल्लवी फिल्म में सीता का किरदार निभा रही हैं. वो साउथ इंडियन सिनेमा में जाना-पहचाना चेहरा हैं. लेकिन हिंदी पट्टी में लोग अभी उनसे ज्यादा परिचित नहीं. इसलिए शुरुआत में उनकी कास्टिंग को लेकर लोग थोड़ा संदेह में थे. इसलिए पल्लवी के पास खुद को साबित करने की चुनौती रहेगी. हालांकि ‘रामायण’ से पहले वो ‘एक दिन’ नाम की हिंदी फिल्म में नज़र आएंगी. इसमें उनके साथ आमिर खान के बेटे जुनैद खान ने काम किया है.
# यश- रावण
रावण के किरदार में यश की कास्टिंग को शुरुआत से ही इंटरनेट पर काफ़ी हाइप मिली है. यश की कद-काठी और आइकॉनिक दाढ़ी उन्हें इस किरदार के लिए परफेक्ट चॉइस बनाती है. वो ‘रामायण’ से सिर्फ एक्टर ही नहीं, बल्कि को-प्रोड्यूसर के तौर पर भी जुड़े हैं.
# सनी देओल- हनुमान
सनी देओल 'रामायण' में हनुमान बने हैं. पहले पार्ट में उनका स्क्रीनटाइम सीमित रहेगा. लेकिन दूसरे में वो मेजर हाइलाइट होंगे. हाल ही में उन्होंने सेकेंड पार्ट की शूटिंग शुरू की है. रिपोर्ट्स हैं कि मेकर्स उनके साथ हनुमान पर एक स्पिन-ऑफ फिल्म भी प्लान कर रहे हैं.
# रवि दुबे- लक्ष्मण
लक्ष्मण के किरदार में रवि दुबे की कास्टिंग फैन फेवरेट्स में से एक है. रवि इस प्रोजेक्ट को लेकर शुरुआत से ही काफ़ी सीक्रेसी बनाए घूम रहे हैं. उनकी पत्नी और एक्ट्रेस सरगुन मेहता के मुताबिक, रवि ने उन्हें भी इस फिल्म के बारे में कुछ नहीं बताया है.
# लारा दत्ता- कैकेयी
लारा दत्ता फिल्म में राजा दशरथ की तीसरी पत्नी और भरत की मां कैकेयी का किरदार निभा रही हैं. 'रामायण' में राम को वनवास दिलाने में उनकी बड़ी भूमिका थी. पिछले साल फिल्म के सेट से लारा की तस्वीरें भी लीक हो चुकी हैं.
# विजय सेतुपति- विभीषण
विभीषण रावण के छोटे भाई होने के बावजूद न्याय के लिए राम के पक्ष में चले गए थे. ये चर्चा लंबे समय से चली आ रही है कि विजय सेतुपति फिल्म में विभीषण का रोल करेंगे. हालांकि बॉलीवुड हंगामा से हुई बातचीत में उन्होंने इस बात का खंडन किया था. ऐसा माना जा रहा है कि इस किरदार के इर्द-गिर्द मिस्ट्री बनाए रखने के लिए उन्होंने ऐसा किया. NDA (नॉन डिसक्लोज़र अग्रीमेंट) की वजह से भी एक्टर्स फिल्म का हिस्सा होने की बात नहीं स्वीकारते.
# इंदिरा कृष्णन- कौशल्या
इंदिरा कृष्णन फिल्म में राजा दशरथ की पहली पत्नी और राम की मां कौशल्या का किरदार निभा रही हैं. उन्होंने बताया था कि 'रामायण' में उनके किरदार के VFX और बॉडी मेजरमेंट के लिए 'इंटरस्टेलर' के 86 कैमरे वाले सेटअप का इस्तेमाल किया गया था.
# रकुलप्रीत सिंह- शूर्पणखा
रकुलप्रीत सिंह फिल्म में रावण की उसी बहन शूर्पणखा का रोल कर रही हैं, जिसकी नाक लक्ष्मण ने काट डाली थी. रिपोर्ट है कि पहले ये रोल प्रियंका चोपड़ा को ऑफर किया गया था. मगर उनके साथ बात नहीं बन सकी.
# राघव जुयाल- मेघनाद
राघव जुयाल फिल्म में रावण के बेटे मेघनाद का किरदार निभा रहे हैं. पहले ऐसी चर्चा चल रही थी कि इस रोल के लिए विक्रांत मैसी को कास्ट किया गया है. मगर विक्रांत ने स्पष्ट किया कि उन्हें ये किरदार कभी ऑफर ही नहीं हुआ था.
# सुहैल नैय्यर- सुग्रीव
सुहैल नैय्यर 'रामायण' में बालि के छोटे भाई और वानर राज सुग्रीव का किरदार निभा रहे हैं. चूंकी सुग्रीव और बालि जुड़वा भाई थे, इसलिए खबरें हैं कि सुहैल फिल्म में डबल रोल में नज़र आ सकते हैं. वो इससे पहले 'सारे जहां से अच्छा' और 'मर्डर मुबारक' जैसे प्रोजेक्ट्स में नज़र आ चुके हैं.
# काजल अग्रवाल- मंदोदरी
काजल अग्रवाल को 'मगधीरा' और 'सिंघम' जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्मों के लिए जाना जाता है. 'रामायण' में वो रावण की पत्नी मंदोदरी के किरदार में नज़र आएंगी.
# अरुण गोविल- दशरथ
रामानंद सागर की ‘रामायण’ में भगवान राम की भूमिका से चर्चित हुए अरुण गोविल नितेश तिवारी की ‘रामायण’ का भी हिस्सा हैं. इस प्रोजेक्ट में वो भगवान राम के पिता राजा दशरथ के पात्र में नज़र आएंगे.
# कुणाल कपूर- इंद्र
'रंग दे बसंती' और 'गोल्ड' जैसी फिल्मों में नज़र आए कुणाल कपूर को फैंस इंद्र के किरदार में परफेक्ट बताते हैं. वो खुद भी काफ़ी पहले ही ये पुष्टि कर चुके हैं कि वो 'रामायण' का हिस्सा हैं. सेट से उनकी कुछ तस्वीरें भी वायरल हुई थीं.

# विवेक ओबेरॉय- विद्युतजिह्वा
विद्युतजिह्वा, शूर्पणखा के पति थे. टीवी सीरीयल्स और फिल्मों में अब तक इस नाम की चर्चा शायद ही कभी हुई है. लेकिन नितेश तिवारी ने अपने प्रोजेक्ट में इस किरदार के लिए विवेक ओबेरॉय को कास्ट किया है. खुद विवेक भी इस प्रोजेक्ट से जुड़े होने की पुष्टि कर चुके हैं.
# आदिनाथ कोठारे- भरत
मराठी फिल्मों के चर्चित एक्टर आदिनाथ कोठारे को 'रामायण' में भरत के किरदार में कास्ट किया गया है. उनके कैरेक्टर में काफ़ी लेयर्स हैं. देखना होगा कि आदिनाथ उन्हें किस तरह स्क्रीन पर लेकर आते हैं. कबीर खान की फिल्म ‘83’ में उन्होंने दिलीप वेंगसरकर का रोल किया था.
# शीबा चड्ढा- मंथरा
सीनियर एक्टर शीबा चड्ढा को मंथरा के किरदार में कास्ट किया गया है. मंथरा वही नौकरानी थी, जिसने कैकेयी को राम के खिलाफ़ भड़काया था.
इनके अलावा कुछ अन्य नामों को लेकर भी खबरें चल रही हैं. चर्चा है कि रामायण में अमिताभ बच्चन को जटायु, मोहित रैना को शिव, अनिल कपूर को राजा जनक और 'पंचायत' के प्रह्लाद चा यानी फ़ैसल मलिक को कुंभकर्ण के किरदार में कास्ट किया गया है. हालांकि इन खबरों की पुष्टि अबतक नहीं हो पाई है.
वीडियो: रणबीर कपूर स्टारर 'रामायण' के मेकर्स ने क्रिस्टोफर नोलन को हायर किया?

.webp?width=60)
