The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Entertainment
  • Battle of Galwan: Salman Khan film speculated to be released on 12th June | Galwan Clash 15 June 2020

'बैटल ऑफ गलवान' के लिए सलमान ने ऐसा दिन चुना कि फैन्स का दिल गार्डन‌-गार्डन हो जाएगा

'बैटल ऑफ़ गलवान' का शूट एक्सटेंड होने की वजह से इसकी रिलीज़ पर असमंजस की स्थिति बनी हुई है.

Advertisement
pic
12 फ़रवरी 2026 (अपडेटेड: 12 फ़रवरी 2026, 12:47 PM IST)
Battle of Galwan 12 june, Salman Khan
'बैटल ऑफ़ गलवान' 12 जून 2020 को हुई गलवान वैली संघर्ष पर आधारित फिल्म है. पहली बार सलमान एक रियल लाइफ़ कैरेक्टर में नज़र आएंगे.
Quick AI Highlights
Click here to view more

Salman Khan की अपकमिंग फिल्म Battle of Galwan की रिलीज़ डेट पर असमंजस बना हुआ है. हालांकि मेकर्स ने तो डेट अनाउंसमेंट टीज़र के साथ घोषणा कर दी है, कि फिल्म 17 अप्रैल को रिलीज़ होगी. मगर आए दिन इसकी रिलीज़ डेट को लेकर नित-नए अपडेट आ रहे हैं. 27 दिसंबर को सलमान के जन्मदिन पर घोषणा की गई कि ‘बैटल ऑफ गलवान’ 17 अप्रैल को रिलीज़ होगी. फिर 9 फ़रवरी को अपडेट आया कि सलमान इसे 14 अगस्त को रिलीज़ करना चाहते हैं. इसी दिन Aamir Khan ने Sunny Deol स्टारर Lahore 1947 को 13 अगस्त को लाने का अनाउंसमेंट कर दिया. Kartik Aaryan स्टारर Naagzilla भी 14 अगस्त के लिए लाइंडअप है. ऐसे में यदि ‘बैटल ऑफ़ गलवान’ इस दिन आई, तो दो फिल्मों से टक्कर होगी. 
हालांकि, अब पढ़ने में आ रहा है, कि ‘बैटल ऑफ़ गलवान’ 12 जून को रिलीज़ होगी. और इसके पीछे बड़ी वजह है. दरअसल, गलवान घाटी की वो झड़प जिस पर ये फिल्म बनी है, वो 15 जून 2020 को हुई थी. इसलिए 12 जून ‘बैटल ऑफ़ गलवान’ के रिलीज़ के लिए मुफ़ीद दिन है. दूसरी तरफ़, इस दिन इसे रिलीज़ करने से सनी देओल की फिल्म से क्लैश भी टल जाएगा. और तीसरा पहलू ये, कि 12 जून के आसपास किसी भी बड़ी फिल्म के आने का कोई अपडेट अब तक नहीं आया है. इस तरह फिल्म को अपनी जगह बनाने का भरपूर स्पेस मिलेगा. ये पूरा समीकरण ‘बैटल ऑफ़ गलवान’ के लिए सटीक तो है. मगर ये सोशल मीडिया पर चल रही थ्योरी है. अभी मेकर्स ने रिलीज़ डेट बदलने से जुड़ी कोई घोषणा नहीं की है. 10 फ़रवरी को टाइम्स ऑफ़ इंडिया ने इस बारे में डायरेक्टर अपूर्व लाखिया से चर्चा की. और उन्होंने रिलीज़ डेट में तब्दीली की बात का खंडन किया. उन्होंने कहा,

“मेरी जानकारी में ऐसा कुछ नहीं हुआ है.”

अब एक नज़र फिल्म के करंट स्टेटस पर डालते हैं. हाल ही में सलमान खान ने ‘बैटल ऑफ़ गलवान’ के लिए एक गाना शूट किया है. देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने उनसे ऐसा करने का आग्रह किया था. इसके अलावा अभी फिल्म का पैचवर्क शूट बाकी है. हाल ही में बॉलीवुड हंगामा ने इस बारे में सूत्रों के हवाले से लिखा,

“इस पर 9 फरवरी से ही काम शुरू हुआ है. और 15 फरवरी तक मुंबई की गोल्डन टोबैको फैक्ट्री में ये शूट होगा. इसके बाद कुछ दिन की शूटिंग और बाक़ी रहेगी, जो फरवरी अंत तक चलेगी.”

ये भी बताया जा रहा है, कि फिल्म के तैयार होने के बाद मिनिस्ट्री ऑफ डिफेंस इसका फाइनल कट देखेगी. आर्मी बेस्ड फिल्मों को रक्षा मंत्रालय से अप्रूवल लेना होता है. इस प्रक्रिया में समय लग सकता है. 17 अप्रैल से पहले पोस्ट प्रोडक्शन और अप्रूवल की ये प्रोसेस पूरी होना मुश्किल नज़र आ रहा है. और इन्हीं सब कारणों से प्रबल संभावना है कि फिल्म की रिलीज़ डेट एक बार फिर बदली जाएगी. यदि मेकर्स 12 जून का दिन मुक़र्रर करते हैं, तो वो तारीख़ इस फिल्म के लिए मुफ़ीद तो है. मगर ये देरी, और बार-बार रिलीज़ डेट में तब्दीली फिल्म पर भारी भी पड़ सकती है. हम याद दिला दें, कि शुरुआत में सलमान अपनी फिल्म को ईद यानी 19 मार्च को रिलीज़ करना चाहते थे. मगर उस दिन 'धुरंधर 2' और ‘टॉक्सिक’ भी आ रही है. इसलिए उन्होंने ‘बैटल ऑफ गलवान’ को 17 अप्रैल को लाने का फैसला किया था. अब देखना ये है, कि टीम गलवान 17 अप्रैल की डेडलाइन से पहले फिल्म पूरी कर सकेगी. या फिर एक बार फिर सलमान के फैन्स के हिस्से में इंतज़ार आएगा. 

वीडियो: सलमान खान की 'बैटल ऑफ़ गलवान' की तारीख आगे बढ़ी, आमिर खान की फिल्म से टकराएगी?

Advertisement

Advertisement

()