'कल्कि' के बावजूद 'बैड न्यूज़' ने पहले दिन बॉक्स ऑफिस पर बिगुल बजा दिया!
Vicky Kaushal के करियर की सबसे बड़ी ओपनिंग Bad Newz को मिली है. पहले ये रिकॉर्ड Uri के नाम था.

Vicky Kaushal, Tripti Dimri और Ammy Virk की फिल्म Bad Newz 19 जुलाई को सिनेमाघरों में उतरी. Karan Johar की कंपनी धर्मा के बैनर तले बनी इस फिल्म को Anand Tiwari ने डायरेक्ट किया है. ‘बैड न्यूज़’ की रिलीज़ से पहले उसकी मार्केटिंग ने अच्छा-खासा बज़ बना दिया था. यही बज़ फिल्म के ओपनिंग डे कलेक्शन में भी दिखा. ट्रेड वेबसाइट Sacnilk के मुताबिक ‘बैड न्यूज़’ को 8.5 करोड़ रुपये की ओपनिंग मिली है. ये विकी कौशल के करियर की सबसे बड़ी ओपनिंग है. इससे पहले उनकी फिल्म Uri को 8.2 करोड़ रुपये की ओपनिंग मिली थी.
ऐसा नहीं है कि ‘बैड न्यूज़’ को बॉक्स ऑफिस पर सोलो रिलीज़ मिली थी. उसके सामने Prabhas की Kalki 2898 AD और Akshay Kumar की Sarfira जैसी फिल्में हैं. ‘सरफिरा’ को 2.5 करोड़ रुपये की ओपनिंग मिली थी. आगे भी फिल्म के कलेक्शन ने कोई बड़ा नंबर दर्ज नहीं किया. ऊपर से ‘बैड न्यूज़’ को ‘सरफिरा’ की तुलना में दुगनी स्क्रीन मिली थीं. ‘सरफिरा’ को पहले दिन मुंबई में 472 शो मिले थे, वहीं ‘बैड न्यूज़’ को 835 शोज़ मिले थे. बीते कुछ समय से छोटे स्केल पर बनने वाली फिल्में बॉक्स ऑफिस पर अच्छा कलेक्शन कर रही है. इसी साल आई ‘श्रीकांत’ और ‘मिस्टर एंड मिसेज़ माही’ के साथ भी यही देखने को मिला था, और ओपनिंग डे कलेक्शन देखकर लग रहा है कि ‘बैड न्यूज़’ भी उसी राह पर चलने वाली है. बाकी पूरी तस्वीर वीकेंड कलेक्शन के बाद ही साफ होगी.
‘बैड न्यूज़’ और ‘सरफिरा’ के अलावा ‘कल्कि’ की बात करें तो ये इंडिया में 600 करोड़ रुपये से ज़्यादा की कमाई कर चुकी है. मेकर्स के मुताबिक फिल्म दुनियाभर से 1000 करोड़ रुपये कमा चुकी है. ये इस साल की सबसे बड़ी इंडियन फिल्म बन चुकी है. ‘कल्कि’ के मेकर्स मायथोलॉजी और साइंस फिक्शन के एलिमेंट्स को साथ लेकर आए और कलेक्शन देखकर लग रहा है कि उनका एक्सपेरिमेंट कारगर साबित हुआ. ‘कल्कि’ जल्द ही अपनी रिलीज़ का एक महीना पूरा करने वाली है, और अभी तक फिल्म की कमाई में कोई भारी गिरावट देखने को नहीं मिली. इतनी बड़ी फिल्म के आगे ‘बैड न्यूज़’ अपनी जगह कैसे बनाकर रखेगी, ये देखना होगा.
बता दें कि ‘बैड न्यूज़’ काफी समय से प्रोडक्शन में थी. पहले इसे ‘मेरे महबूब मेरे सनम’ के टाइटल से बनाया जाना था लेकिन बाद में मेकर्स ने नाम बदल दिया. ‘बैड न्यूज़’ में विकी कौशल, तृप्ति डिमरी और एमी विर्क के अलावा अनन्या पांडे और नेहा शर्मा जैसे एक्टर्स ने भी कैमियो किया है.
वीडियो: 'तौबा-तौबा' पर ऐसा डांस कि विदेशी भी कॉपी करने लगे, विकी कौशल ने क्या कमेंट किया?

