The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Entertainment
  • Awarapan 2 vs Lahore 1947: Will Emraan Hashmi Settle a 19 Year-Old Score with Sunny Deol?

'आवारापन 2' VS 'लाहौर 1947': इमरान हाशमी, सनी देओल से अपना 19 साल पुराना हिसाब चुकता करेंगे?

2007 में हुए क्लैश में सनी देओल, इमरान हाशमी पर भारी पड़ गए थे.

Advertisement
pic
21 अप्रैल 2026 (अपडेटेड: 21 अप्रैल 2026, 04:35 PM IST)
lahore 1947, sunny deol, emraan hashmi, awarapan 2,
मुकेश भट्ट के मुताबिक, 'आवारापन 2' को पहले से कहीं बड़े स्केल पर बनाया गया है.
Quick AI Highlights
Click here to view more

साल 2026 के इंडिपेंडेंस डे स्लॉट के लिए कई मेकर्स के बीच खींचातानी हुई. कई बड़े प्रोडक्शन हाउस उस मौके पर अपनी फिल्म रिलीज़ करना चाहते हैं. सबसे ताज़ा नाम Emraan Hashmi की Awarapan 2 का है. भट्ट कैंप ने अनाउंस किया है कि वो ये फिल्म इंडिपेंडेंस डे पर लेकर आएंगे. यानी अब उनका सामना Sunny Deol और Aamir Khan की Lahore 1947 से होगा. सनी और इमरान के बीच 19 साल पहले भी एक क्लैश हुआ था. मगर तब इमरान बॉक्स ऑफिस पर मात खा गए थे.

रिपोर्ट्स थीं कि 'आवारापन 2', 13 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी. मगर बाद में इसे बना रही विशेष फिल्म्स ने मूवी को पोस्टपोन कर दिया. शुरुआत में ऐसा कहा गया कि उन्होंने हफ्ते भर बाद यानी 19 मार्च को रिलीज़ होने वाली 'धुरंधर 2' की वजह से ऐसा किया है. मगर तब फिल्म के प्रोड्यूसर मुकेश भट्ट ने इन बातों से साफ इन्कार कर दिया.

उन्होंने बताया कि इमरान को शूटिंग के दौरान एक इंजरी हो गई थी. उस वजह से डॉक्टर ने उन्हें 45 दिनों तक रेस्ट करने कहा है. तब तक फिल्म का एक बड़ा एक्शन सीक्वेंस फिल्माया नहीं गया था. इसलिए मुकेश भट्ट ने बताया कि वो 'आवारापन 2' को मई या जून में रिलीज़ करेंगे. हालांकि मेकर्स ने अब ऑफिशियली इसकी रिलीज़ डेट अनाउंस कर दी है. उन्होंने बताया कि ये फिल्म मई-जून नहीं, बल्कि सीधे 14 अगस्त को रिलीज़ होगी. गौर करने वाली बात ये है कि उससे ठीक एक दिन पहले यानी 13 अगस्त को सनी देओल की 'लाहौर 1947' रिलीज़ होने वाली है.

mukesh bhatt
विशेष फिल्म्स का पोस्ट.

'लाहौर 1947' एक बड़ी मूवी है. इसका सब्जेक्ट भारत-पाकिस्तान के पार्टीशन पर आधारित है. फिल्म को आमिर खान प्रोड्यूस कर रहे. वहीं 'अंदाज़ अपना-अपना', 'दामिनी' और 'घातक' बनाने वाले राजकुमार संतोषी इसके डायरेक्टर हैं. मगर 'आवारापन 2' पर भी बड़े दांव लगे हैं. लीड में इमरान हाशमी और दिशा पाटनी हैं. 'मित्रों' और 'जवानी जानेमन' वाले नितिन कक्कड़ इसे डायरेक्ट कर रहे. वहीं मुकेश भट्ट और विशेष भट्ट इसके प्रोड्यूसर हैं. सबसे बड़ी बात ये कि 'आवारापन' को समाज में कल्ट स्टेटस हासिल है. इसके पहले पार्ट के गाने और कहानी लोग आज भी याद करते हैं. ऐसे में इस सीक्वल की हाइप खुद ही बढ़ जाती है.

सनी देओल और इमरान हाशमी का ये क्लैश देखने लायक होगा. ऑन पेपर 'लाहौर 1947' का पलड़ा भारी नज़र आता है. मगर पिछले कुछ समय में म्यूजिकल-लव स्टोरीज़ को लोगों और बॉक्स ऑफिस से काफी अच्छा रिस्पॉन्स मिला है. इसलिए 'आवारापन 2' को कोई भी हल्के में नहीं लेगा. वैसे, ये पहला मौका नहीं, जब सनी और इमरान बॉक्स ऑफिस पर टकरा रहे हों. 29 जून 2007 को भी ऐसा ही एक मौका आया था. इत्तेफाक से तब भी इमरान की 'आवारापन' ही सिनेमाघरों में रिलीज़ हुई थी.

दूसरी तरफ, उसी डेट पर सनी, बॉबी और धर्मेन्द्र की 'अपने' आई थी. उस टक्कर में सनी की फिल्म बाजी मार ले गई. उसने सिनेमाघरों से 69.28 करोड़ रुपये कमाए थे. वहीं 'आवारापन' केवल 12.18 करोड़ रुपये कमाकर एक बड़ी फ्लॉप साबित हुई. हालांकि समय के साथ इसे कल्ट स्टेटस मिल गया है. तभी आज मेकर्स इसे सनी की फिल्म के सामने उतार रहे. पर सवाल ये है कि क्या इमरान हाशमी इस टक्कर में अपना 19 साल पुराना हिसाब बराबर कर पाएंगे या नहीं. 

वीडियो: सनी देओल की लाहौर 1947 के क्लाइमैक्स के बारे में एक बड़ा खुलासा हुआ है

Advertisement

Advertisement

()