वरुण के चक्कर में एटली ने छोड़ी थलपति विजय की 'थलपति-68'?
काफी कंफ्यूज़न हो गया है. लोकेश कनगराज की 'लियो' से निपटने के बाद थलपति विजय अपनी 68वीं फिल्म शुरू करेंगे. मगर उसे डायरेक्ट कौन करेगा?

Thalapathy Vijay इन दिनों Leo की शूटिंग कर रहे हैं. इस फिल्म को Lokesh Kanagaraj डायरेक्ट कर रहे हैं. ये विजय के करियर की 67वीं फिल्म है. अभी ये फिल्म पूरी नहीं हुई कि Thalapathy 68 पर बात शुरू हो गई. खबरें थी कि Shahrukh Khan की Jawan के बाद इसे Atlee डायरेक्ट करेंगे. मगर अब प्लान में थोड़ा सा चेंज है. एटली की अगली फिल्म Varun Dhawan के साथ होने वाली है. जो कि 'जवान' के बाद उनका दूसरा हिंदी प्रोजेक्ट होगा. ऐसे में Thalapathy 68 को लेकर बड़ा कंफ्यूज़न हो गया है.
Thalapathy 68 में विजय और एटली की जोड़ी की वापसी से फैन्स में जश्न का माहौल था. क्योंकि इन दोनों ने साथ मिलकर तीन ब्लॉकबस्टर फिल्में दी हैं. 'मर्सल', 'थेरी' और 'बिगिल'. ऐसे में इनकी चौथी फिल्म को लेकर मार्केट में बढ़िया बज़ था. मगर अब उन सभी अरमानों पर पानी फिरता नज़र आ रहा है. बताया जा रहा है कि एटली ने 'जवान' के बाद वरुण धवन के साथ फिल्म कमिट कर दी है. जो कि थलपति विजय की ही फिल्म 'थेरी' की रीमेक बताई जा रही है. इस फिल्म की शूटिंग जुलाई के आखिर या अगस्त से शुरू हो सकती है. ऐसे में एटली Thalapathy 68 डायरेक्ट नहीं कर पाएंगे.
अब सवाल ये है कि थलपति विजय की 68वीं फिल्म कौन डायरेक्ट करेगा. गोपीचंद मलिनेनी से लेकर कार्तिक सुब्बाराज, सुधा कोंगाड़ा और वेंकट प्रभु जैसे डायरेक्टर्स के नामों पर चर्चा चल रही है. हालांकि इस रेस में तेलुगु डायरेक्टर गोपीचंद का नाम सबसे आगे चल रहा है. गोपीचंद की पिछली दो फिल्में थीं रवि तेजा स्टारर 'क्रैक' और बालाकृष्ण स्टारर 'वीरा सिम्हा रेड्डी'. दोनों ही फिल्में ब्लॉकबस्टर रहीं. मगर सबको विजय के फैसले का इंतज़ार है. उसके बाद फिल्म को लेकर ऑफिशियल अनाउंसमेंट की जाएगी.
बताया जा रहा है कि विजय, 'लियो' खत्म करने के फौरन बाद अगली फिल्म शुरू करना चाहते हैं. Thalapathy 68 को सुपर गुड फिल्म्स और मैत्री मूवी मेकर्स जैसी दो प्रोडक्शन कंपनियां मिलकर प्रोड्यूस कर सकती हैं. जो भी फाइनल होता है, इसकी घोषणा इसी हफ्ते में आ सकती है.
इसका मतलब ये नहीं है कि विजय और एटली, किसी फिल्म पर साथ काम नहीं करेंगे. बस फिलहाल के लिए उनका कोलैबरेशन टल गया है. रिपोर्ट्स में बताया जा रहा है कि Thalapathy 69 में एटली की वापसी होगी. ये फिल्म सन पिक्चर्स के प्रोडक्शन में बनेगी. इसका म्यूज़िक अनिरुद्ध रविचंद्र कंपोज़ करेंगे.
वीडियो: थलपति विजय की 'लियो' ने रिलीज़ से पहले की बंपर कमाई

.webp?width=60)

