The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Entertainment
  • Ashneer Grover says he spent 3 hours with Salman Khan but was not allowed to take pictures

सलमान के साथ तीन घंटे बिताने के बाद फोटो न मिलने पर अश्नीर बोले- 'ऐसी क्या हीरोपंती हो गई!'

अश्नीर ग्रोवर ने बताया कि सलमान खान को अपना बिज़नेस पता है. वो उन्हें स्मार्ट बंदा मानते हैं.

Advertisement
pic
4 जनवरी 2023 (अपडेटेड: 4 जनवरी 2023, 01:40 PM IST)
salman khan, ashneer grover, bharat pay,
'शार्क टैंक' के एक सीन में अश्नीर ग्रोवर. दूसरी तरफ एक अवॉर्ड शो के दौरान सलमान खान.
Quick AI Highlights
Click here to view more

आंत्रप्रेन्योर हैं Ashneer Grover. Bharatpay नाम के पेमेंट ऐप के को-फाउंडर थे. स्टार्ट अप बेस्ड शो Shark Tank के पहले सीज़न के बाद उनकी पॉपुलैरिटी में भारी उछाल आया. हालांकि इस शो के दूसरे सीज़न में अश्नीर नज़र नहीं आ रहे. मगर वो लगातार इंटरव्यू वगैरह देते रहते हैं. हालिया इंटरव्यू में उन्होंने Salman Khan के साथ अपनी पहली मुलाकात के बारे में बताया. अश्नीर ने कहा कि वो सलमान के साथ तीन घंटे बैठे रहे. मगर उन्हें एक फोटो भी नहीं लेने दिया गया.

सलमान खान 'भारतपे' के ब्रांड एम्बैसेडर थे. जब उसका ऐड शूट होना था, तब अश्नीर सलमान से मिलने गए हुए थे. ताकि उन्हें अपनी कंपनी के बारे में बता दें. वगैरह वगैरह नाम के पॉडकास्ट पर अश्नीर ने इस मुलाकात पर बात करते हुए कहा-

''उसको (सलमान) हमने स्पॉन्सर रखा था. उसके शूट के लिए मिला था. उसको ब्रीफ के लिए कंपनी के बारे में. तीन घंटे बैठा था उसके साथ. उसके मैनेजर ने बोल दिया फोटो नहीं खिंचवानी. सर थोड़ा बुरा मान जाते हैं. मैंने बोला, नहीं खिंचवाऊंगा. भाड़ में जा तू. ऐसी कौन सी हीरोपंती हो गई.''      

आगे अश्नीर ने सलमान के बारे में कहा कि वो भले फिल्म एक्टर हैं, मगर उन्हें अपने बिज़नेस के बारे में सब पता है. उनके बिज़नेस सेंस की तारीफ करते हुए अश्नीर ने कहा-

''मगर बंदा स्मार्ट है. लोगों को लगता है हवा में हैं. बंदा जेन्यूइनली स्मार्ट है. उसको बिज़नेस समझता है. उसको ब्रांडिंग समझती है. उसको अपनी इमेज क्लीयर है. जब हम ऐड बना रहे थे, तो उसने क्लीयर बोल दिया था कि मुझे लार्जर दैन लाइफ ही दिखाना. क्योंकि मैंने पिक्चर बनाई थी 'ट्यूबलाइट'. वो पिट गई. क्योंकि मुझे उसमें मंदबुद्धि दिखा दिया. मुझे लगा सही बंदा है. ये सब चीज़ों की रियलाइज़ेशन है.''

अश्नीर ग्रोवर जब अपनी कंपनी के लिए सलमान को साइन करने गए थे, तो सलमान के मैनेजर ने 7 करोड़ रुपए की फीस कोट की थी. अश्नीर ने कहा कि उनके पास इतने पैसे नहीं हैं. इसके जवाब में मैनेजर ने उन्हें कहा-

''सर आप भिंडी खरीदने आए हो क्या, कितना मांडवली करोगे?''

हालांकि नेगोशिएशन के बाद सलमान खान 4.5 करोड़ रुपए में वो ऐड करने के लिए तैयार हो गए. खैर, इसी पॉडकास्ट इंटरव्यू में अश्नीर ग्रोवर ने 'शार्क टैंक 2' का हिस्सा नहीं होने पर भी बात की. उन्होंने कहा कि शो का पहला सीज़न उन्होंने पूरी तरह से डॉमिनेट किया. दूसरे सीज़न में भी वो वैसा ही करते. मगर उनकी डील नहीं हो पाई. उनकी जगह 'शार्क टैंक' सीज़न 2 में  CarDekho के को-फाउंडर अमित जैन को लाया गया है. ये शो सोनी टीवी पर टेलीकास्ट होता है. इसे सोनी लिव नाम के ओटीटी प्लैटफॉर्म पर भी देखा जा सकता है.

वीडियो: सलमान खान ने शेरा के बेटे टाइगर की फिल्म के लिए दो-तीन हीरोइनों को फोन किया है, डायरेक्टर भी तय

Advertisement

Advertisement

()