आशा भोसले के निधन पर क्या बोले सलमान, शाहरुख, विराट समेत ये सेलिब्रिटीज?
आशा भोसले ने आठ दशक से भी लंबे म्यूजिक करियर में 12000 से अधिक गाने गाए.

लीजेंड्री सिंगर Asha Bhosle का 92 की उम्र में निधन हो गया है. अपने आठ दशक से भी लंबे म्यूजिक करियर में उन्होंने 12000 से अधिक गाने गाए हैं. उनकी आवाज़ ने हर जनरेशन पर अपना जादू चलाया है. यही कारण है कि उनके जाने पर आम लोगों से लेकर देश के नामी-गिरामी सेलिब्रिटीज़ भी दुख जता रहे हैं. इनमें प्रधानमंत्री Narendra Modi, Shah Rukh Khan, Sachin Tendulkar, Virat Kohli और Akshay Kumar जैसे नाम भी शामिल हैं.
प्रधानमंत्री मोदी ने आशा जी के साथ कुछ तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा,
"आशा भोसले जी के निधन की खबर से बहुत दुख हुआ है. वो भारत की सबसे आइकॉनिक और वर्सेटाइल आवाज़ों में से एक थीं. उनकी एक्स्ट्राऑर्डिनरी म्यूजिकल जर्नी कई दशकों तक चली. इस दौरान उन्होंने हमारी संस्कृति को समृद्ध किया और दुनिया भर के लोगों के दिलों को छू लिया. चाहे इमोशनल गाने हों या वाइब्रेंट कॉम्पोजिशन, उनकी आवाज़ हमेशा कमाल की रही. उनके साथ हुई मुलाकातों को मैं हमेशा याद रखूंगा. उनके परिवार, चाहने वालों और संगीत प्रेमियों के प्रति मेरी संवेदनाएं. वो आने वाली जनरेशंस को इंस्पायर करती रहेंगी और उनके गाने हमेशा लोगों के दिलों में गूंजते रहेंगे."

शाहरुख खान ने उनके निधन पर लिखा,
"आशा ताई के गुजरने की खबर सुनकर बहुत दुख हुआ है. उनकी आवाज़ भारतीय सिनेमा की मजबूत नींव में से एक रही और आने वाले कई सैकड़ों सालों तक दुनिया भर में गूंजती रहेगी. उनका टैलेंट बाकी सबसे कहीं आगे रहेगा. उन्होंने हमेशा मुझे प्यार और आशीर्वाद दिया है. मैं उन्हें बहुत याद करूंगा. रेस्ट इन पीस आशा ताई, लव यू."

सलमान खान ने X पर एक पोस्ट डालते हुए लिखा,
“इंडियन म्यूजिक के लिए ये एक बहुत बड़ी क्षति है. आशा जी के बारे में सुनकर दिल टूट गया. उनकी आवाज़ को रिप्लेस नहीं किया जा सकता. आपके गाने आने वाली पीढ़ियों को हमेशा प्रेरित करते रहेंगे.”

दिग्गज क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर, जो आशा भोसले के बेहद करीबी थी, उनके निधन पर लिखते हैं,
"भारत और दुनिया भर के म्यूजिक लवर्स के लिए ये बहुत दुखद दिन है. हमारे लिए आशा ताई परिवार जैसी थीं. आज इस नुकसान को बयां करने के लिए शब्द कम पड़ जा रहे हैं. एक पल को दिल में सन्नाटा पसर जाता है. अगले ही पल वो उनकी दी हुई अनगिनत धुनों में खो जाता है. ऐसा लगता है जैसे समय थम गया हो. लेकिन उनके गानों के जरिए, वो हमेशा हमारे बीच बनी रहेंगी. थैंक यू ताई. हमारी ज़िंदगी को अपने प्यार, ग्रेस और कभी न भूल पाने वाले म्यूजिक से भरने के लिए. हम आपको शब्दों से परे भी याद करेंगे, आशा ताई."

क्रिकेटर विराट कोहली ने इंस्टाग्राम पर एक स्टोरी डालते हुए लिखा,
"रेस्ट इन पीस, आशा भोसले जी. आपकी आवाज़ ने लाखों लोगों के दिलों को छुआ है और वो हमेशा हमारे दिलों में ज़िंदा रहेगी. ॐ शांति."

अक्षय कुमार ने आशा जी के साथ अपनी एक फोटो शेयर करते हुए लिखा,
"आशा भोसले जी के निधन से मुझे जो दुख हुआ है, उसे शब्दों में बयान करना मुश्किल है. उनकी सुरीली आवाज़ हमेशा-हमेशा के लिए अमर रहेगी. ॐ शांति."

ऑस्कर विनिंग म्यूजिक कम्पोज़र एआर रहमान ने लिखा,
“आशा भोसले जी अपनी आवाज़ और ऑरा के साथ हमेशा ज़िंदा रहेंगी. क्या शानदार कलाकार.”

जूनियर NTR ने X पर लिखा,
“आशा भोसले जी के निधन की खबर से गहरा दुख हुआ है. उनकी जादुई आवाज़ दशकों तक भारतीय सिनेमा की धड़कन रही और उसने लाखों दिलों को छुआ है. वो अपने पीछे एक ऐसी विरासत छोड़ गई हैं, जो आने वाली कई पीढ़ियों तक जीवित रहेगी. उन्हें हमेशा प्यार और सम्मान के साथ याद किया जाएगा. उनके परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं. ॐ शांति.”

इनके अलावा करण जौहर, हेमा मालिनी, काजोल, मनोज बाजपेयी, विकी कौशल और ज़ोया अख्तर जैसी हस्तियों ने भी आशा भोसले के गुजरने पर अपना दुख जताया है.
वीडियो: आशा भोसले ने सुनाया किशोर कुमार के साथ रिकॉर्डिंग का मज़ेदार किस्सा

