"ज़िंदगी मेरे लिए क्रूर रही है..." - अर्जुन कपूर का इमोशनल पोस्ट पढ़कर ट्रोल्स माफ़ी मांगने लगे!
अर्जुन ने ये पोस्ट अपनी दिवंगत मां मोना कपूर के लिए लिखा था. मोना का 2012 में कैंसर की वजह से निधन हो गया था.

दुनिया का सबसे बेहतरीन एक्टर भी आलोचनाओं से परे नहीं है. मगर इंटरनेट के उदय ने अब आलोचकों से ज्यादा ट्रोल्स को शह देना शुरू कर दिया है. बॉलीवुड में इन ट्रोल्स का सबसे बड़ा शिकार Arjun Kapoor रहे हैं. आप उनके किसी भी सोशल मीडिया पोस्ट के कमेंट सेक्शन को खंगालकर देखिए. वहां हज़ारों की संख्या लोग उन्हें सिलसिलेवार ढंग से ट्रोल कर रहे हैं. ऐसा पिछले कई सालों से लगातार किया जा रहा है. मगर इस बीच अर्जुन ने इंस्टाग्राम पर एक ऐसा पोस्ट लिखा, जिसे पढ़कर ट्रोल्स भी उनसे माफ़ी मांग रहे हैं.
वैसे अर्जुन ने क्या लिखा है, उस पर बात करने से पहले हम उनके पिछले पोस्ट के कमेंट सेक्शन को देखते हैं. 31 दिसंबर को अर्जुन ने अपनी ईयर एंड तस्वीरें साझा की थीं. उसके कमेंट में एक शख्स ने लिखा,
"अल्लाह आपको सक्सेस से बचाए."

दूसरे ने कहा,
"19 का रिचार्ज आपसे ज्यादा महंगा है."

तीसरे ने पूछा,
"आपकी अनसक्सेस का राज़ क्या है?"

चौथे ने खिल्ली उड़ाई,
"मुझे आपकी वो फ़िल्म पसंद है, जिसमें आप नहीं हैं."

पांचवें ने 'फ्लॉप' की गलत स्पेलिंग के साथ लिखा,
"आपका MMS भी फ्लॉप हो जाएगा."

यहां हमने केवल एक पोस्ट के कमेंट दिखाए हैं. इस तरह के नेगेटिव कमेंट्स अर्जुन के हर पोस्ट में देखे जा सकते हैं. सबमें उनके काम का नहीं, बल्कि उनके निजी जीवन का मजाक उड़ाया गया है. ज़ाहिर है कि ये बात किसी भी शख्स को परेशान कर सकती है. इसकी झलक अर्जुन के लेटेस्ट इंस्टाग्राम पोस्ट में साफ़ दिखाई दी. दरअसल, 03 फरवरी को उनकी मां मोना कपूर का जन्मदिन था. मोना का साल 2012 में कैंसर की वजह से निधन हो गया था. अर्जुन हर साल उन्हें 03 फरवरी को बड्डे विश करते हैं. इस बार के विश में उन्होंने लिखा,
"हैप्पी बर्थडे मां. मैं आज आपको बहुत मिस कर रहा हूं. पिछले कुछ समय से ज़िंदगी मेरे लिए थोड़ी क्रूर रही है, लेकिन कोई बात नहीं. मैं पहले भी मुश्किलों का सामना कर चुका हूं और आगे भी करता रहूंगा. आपने मुझे सिखाया है कि ज़िंदगी का सम्मानजनक तरीके से डटकर मुकाबला कैसे किया जाता है. हम दोनों मिलकर हर मुश्किल से निकल जाएंगे. मुझे भरोसा है कि एक दिन हम फिर मिलेंगे और आपका जन्मदिन साथ मनाएंगे. आपका बेटा, अर्जुन."

अर्जुन के इस पोस्ट में लोग अब उनका बढ़-चढ़कर समर्थन कर रहे हैं. कोई उनसे माफ़ी मांग रहा, तो कोई उन ट्रोल्स को आड़े हाथ ले रहा, जो अबतक एक्टर की खिल्ली उड़ा रहे थे. एक यूजर ने लिखा,
"हम सबने आपको ट्रोल किया, इसके लिए माफ़ी चाहूंगा. मगर अबसे मैं आपको ट्रोल नहीं करूंगा भाई. 'ज़िंदगी मेरे लिए थोड़ी क्रूर रही है, लेकिन कोई बात नहीं'- इस लाइन ने मुझे हमेशा के लिए बदलकर रख दिया है. मजबूत रहिए, लड़ते रहिए. फिर से सॉरी."

दूसरे ने कहा,
"लोगों को अर्जुन कपूर को ट्रोल करना बंद करना चाहिए. उन्होंने अपनी ज़िंदगी की मुश्किलों के बारे में जो कहा, वो कोई ड्रामा नहीं, बल्कि सच्चाई और दिल तोड़ने वाली बात है. हर किसी का संघर्ष दिखाई नहीं देता. थोड़ी सहानुभूति दिखाने में वैसे भी कुछ नहीं जाता."

इस तरह कई अन्य यूजर्स भी अर्जुन के समर्थन में आते दिख रहे हैं. ज्यादातर उनसे माफ़ी मांग रहे हैं. हालांकि इस बीच कुछेक लोगों ने उन्हें इस पोस्ट पर भी ट्रोल करने का प्रयास किया था. मगर इस बार दूसरे यूजर्स ही अर्जुन के डिफेंस में आ गए हैं. खैर, पूरे मामले पर हमारा नज़रिया ये है कि चाहे अर्जुन कपूर हों या शाहरुख खान या फिर नसीरुद्दीन शाह- एक्टर्स के काम की आलोचना ज़रूर होनी चाहिए. आलोचना भी ऐसी, जहां उन्हें बेहतर होने में मदद मिले. सिर्फ़ इंटरनेट पर कूल लगने के लिए हमें किसी पर निजी कमेंट्स करने से बचना चाहिए. खासकर तब, जब उस कमेंट का मकसद केवल उस शख्स का मज़ाक भर उड़ाना हो.
वीडियो: अर्जुन कपूर ने वरुण धवन की Short Film देख करण जौहर हंसने लगे

.webp?width=60)

