"टीवी पर दर्शकों को शाहरुख खान बहुत फेक लगते थे" - अरबाज़ खान
अरबाज़ ने कहा, टीवी होस्टिंग में अमिताभ और सलमान ने जो किया, शाहरुख नहीं कर सके.

Arbaaz Khan इन दिनों Invincibles नाम का चैट शो होस्ट कर रहे हैं. इस शो पर बीते दौर के दिग्गज लोगों को बुलाया जाता है. अब तक इस शो पर सलीम खान, वहीदा रहमान, हेलन और जावेद अख्तर जैसे लोग आ चुके हैं. अरबाज़ इसी शो के बारे में एक इंटरव्यू दे रहे थे. इसमें उन्होंने बताया कि क्यों Amitabh Bachchan और Salman Khan सफल टीवी होस्ट माने गए. जबकि Shahrukh Khan को Kaun Banega Crorepati छोड़कर आगे बढ़ना पड़ा.
फ्री प्रेस जर्नल के साथ इंटरव्यू में अरबाज़ से पूछा गया कि वो फिल्मों से होस्टिंग की तरफ आए. उन्होंने 'पिंच' नाम का चैट शो होस्ट किया. अब वो 'इनविंसिबल्स' कर रहे हैं. होस्ट बनने के बाद वो खुद में कितना और कैसा बदलाव महसूस करते हैं. इसके जवाब में अरबाज़ ने कहा कि वो बड़े बातूनी किस्म के आदमी है. इसलिए उनके चैट शो में चीज़ें नैचुरली आती हैं. उनकी फिल्म इमेज अलग थी क्योंकि वो लोगों के लिखे हुए किरदार निभाते थे. मगर होस्टिंग के दौरान लोगों को उनकी पर्सनल साइड देखने को मिलती है.
इसी दौरान अरबाज़ ने ये भी बताया कई बार जब सुपरस्टार्स की फिल्में नहीं चलती हैं. फिर भी वो लोग होस्टिंग की मदद से वापसी कर ले जाते है. उदाहरण के तौर पर वो सलमान खान और अमिताभ बच्चन का ज़िक्र करते हुए कहते हैं-
''कैसे सलमान खान ने 'दस का दम' से वापसी की. अमिताभ बच्चन के लिए वो चीज़ 'कौन बनेगा करोड़पति' ने की. टीवी पर आने वाले रियलिटी शोज़ होस्ट करने बाद उनका फिल्मी करियर भी सुधर गया. ये सबकुछ आपके व्यवहार के बारे में है. शाहरुख खान ये चीज़ नहीं कर पाए.''
उनके फॉलो-अप सवाल पूछा गया कि उन्हें क्या लगता है, शाहरुख क्यों नहीं कर पाए. इस पर अरबाज़ ने कहा-
''मुझे लगता है कि वो छोटे परदे पर अपनी अच्छाई और नैचुरल होने को सही से लेकर नहीं आ पाए. लोगों को वो फ़ेक लगते थे. आप टीवी पर फ़ेक नहीं हो सकते. या फिर आपको अमिताभ बच्चन जितना स्मार्ट होना पडे़गा. जो अपनी ऑडियंस को समझते हैं. शाहरुख खान ये नहीं कर पाए.''
शाहरुख खान ने 2007 में 'कौन बनेगा करोड़पति' के होस्ट के तौर पर अमिताभ बच्चन को रिप्लेस कर दिया था. उन्होंने शो का तीसरा सीज़न होस्ट किया था. मगर वो सीज़न कुछ खास पसंद नहीं किया गया. चौथे सीज़न से KBC में एक बार फिर अमिताभ बच्चन की वापसी हो गई. और आज तक वो उस क्विज़ शो के होस्ट बने हुए हैं.
KBC के अलावा शाहरुख खान ने 'क्या आप पांचवीं पास से तेज हैं' और 'ज़ोर का झटका- टोटल वाइपआउट' जैसे टीवी शोज़ भी होस्ट किए थे. मगर वो दोनों शोज़ पिट गए. इसकी वजह से कभी उनका दूसरा सीज़न नहीं बना.
इसके उलट टीवी पर होस्टिंग करना अमिताभ और सलमान के करियर के लिए रामबाण साबित हुआ. जब अमिताभ अपने करियर के सबसे मुश्किल दौर से गुज़र रहे थे, तब उन्होंने ‘कौन बनेगा करोड़पति’ होस्ट करना शुरू किया. 1 जुलाई, 2000 को KBC का पहला एपिसोड टीवी पर आया. ये शो इंस्टैंट हिट हो गया. उसी साल 27 अक्टूबर को अमिताभ की ‘मोहब्ब्तें’ आई. पिक्चर ब्लॉकबस्टर रही. उसने बच्चन के करियर को एक दिशा दे दी.
तकरीबन यही चीज़ सलमान के साथ भी हुई. सलमान पहले टीवी शो करने को लेकर बड़े असहज थे. कतरा रहे थे. क्योंकि उन्होंने पहले कभी ऐसा कुछ किया नहीं था. उन्होंने अपने पिता सलीम खान के कहने पर 2008 में 'दस का दम' होस्ट किया. 2009 में शो का दूसरा सीज़न आया. वो भी सफल रहा. उस समय सलमान लगातार फ्लॉप होती फिल्मों से जूझ रहे थे. मगर 'दस का दम' के बाद उनकी 'वॉन्टेड' रिलीज़ हुई और ब्लॉकबस्टर रही. उसके बाद सलमान की पॉपुलैरिटी अलग ही लेवल पर चली गई. जो कमोबेश आज तक बनी हुई है. 'दस का दम' की सफलता ने ही उन्हें 'बिग बॉस' होस्ट करने का बल दिया.
वीडियो: शाहरुख खान ने अपने हकलाने के पीछे साइकोलॉजी का खुलासा किया है आदित्य चोपड़ा.

