अनुराग कश्यप ने बताया शाहरुख़ खान के साथ फिल्म करने में सबसे बड़ी दिक्कत कौन सी है
अनुराग कश्यप का कहना है कि स्टार के साथ काम करने का खमियाज़ा वो पहले भी भुगत चुके हैं.

25 जनवरी को ‘पठान’ रिलीज़ हुई है. उस दौरान अनुराग कश्यप अपनी फिल्म ‘ऑलमोस्ट प्यार विद डीजे मोहब्बत’ के प्रोमोशन में बिज़ी थे. प्रमोशन और इंटरव्यूज़ के समय से अनुराग कश्यप के कुछ वीडियोज़ आए. जहां वो ‘पठान’ देखने के बाद झूम रहे हैं. ‘झूमे जो पठान’ गुनगुना रहे हैं. शाहरुख फिल्म में कितने सुंदर लगे, ये बता रहे हैं. शाहरुख की जमकर तारीफ कर रहे हैं, लेकिन सवाल ये उठा कि उनके साथ फिल्म कब बनाएंगे. ये सवाल अनुराग से पूछा गया, जब वो हाल ही में लल्लनटॉप न्यूज़रूम में आए थे.
शाहरुख के साथ क्या उन्होंने कोई फिल्म प्लान की है, इसके जवाब में अनुराग ने कहा:
शाहरुख के साथ आदमी फिल्म प्लान नहीं कर सकता. शाहरुख आपके साथ फिल्म प्लान करते हैं. मतलब मेरे पास 50 स्क्रिप्ट्स होंगी उनके लिए. लेकिन उनका स्टेट ऑफ माइंड भी होना चाहिए उस समय करने का. और उनके साथ जो ज़िम्मेदारी आती है, वो मैं नहीं उठा सकता.
शाहरुख के साथ फिल्म करने में क्या ज़िम्मेदारी है? उनके फैन बेस को केटर करने की. अनुराग ने कहा कि वो ऐसा कर के भुगत चुके हैं. यहां वो ‘बॉम्बे वेल्वेट’ की बात कर रहे थे. उन्होंने बताया कि स्टार का मज़बूत फैन बेस होता है, उसे केटर करना होता है. यानी उसका ध्यान रखना होता है. उन्होंने कहा कि अगर आपने फैन बेस को केटर नहीं किया, तो वो उखड़ जाता है. ‘बॉम्बे वेल्वेट’ में यही फैन बेस उखड़ने वाली बात हुई. अनुराग के फैन्स को लगा कि बड़े बजट वाली फिल्म मिलते ही वो कमर्शियल हो गए हैं.
इससे पहले रणबीर की इमेज रोमांटिक हीरो के तौर पर पुख्ता हो चुकी थी. ‘बॉम्बे वेल्वेट’ की नाकामी से रणबीर के फैन्स को लगा कि अनुराग ने उनका करियर बर्बाद कर दिया. अनुराग बताते हैं कि वो फिर उस रास्ते नहीं जाना चाहते. मुमकिन है कि वो किसी बड़े स्टार के साथ दोबारा काम न करें.
वीडियो: दी सिनेमा शो: शाहरुख खान से क्या सीखने को मिला, अनुराग कश्यप ने बताया

