The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Entertainment
  • Animal advance booking is solid, set to become Ranbir Kapoors biggest opener

'एनिमल' ने अडवांस बुकिंग में धुआं उड़ाया, रिलीज़ से पहले ही 7 करोड़ रुपए कमा चुकी

Ranbir Kapoor की Animal ने जहां पहले दिन की अडवांस बुकिंग से करोड़ों पीट लिए. वहीं विकी की Sam Bahadur लाख भी न पार कर पाई.

Advertisement
pic
27 नवंबर 2023 (पब्लिश्ड: 03:06 PM IST)
animal trailer, ranbir kapoor,
'एनिमल' के एक सीन में रणबीर कपूर.
Quick AI Highlights
Click here to view more

Ranbir Kapoor की Animal टिकट खिड़की पर तूफानी शुरुआत लेने जा रही है. 25 नवंबर को फिल्म की अडवांस बुकिंग खोली गई. दनादन टिकट बिकने चालू हो गए. सोमवार की सुबह 11 बजे तक पहले दिन के लिए 'एनिमल' की कुल 2 लाख से ज़्यादा टिकटें बुक हो चुकी हैं. इसमें से 1 लाख टिकट देश के टॉप तीन मल्टीप्लेक्स चेन्स PVR Inox और सिनेपोलिस में बिके हैं. रणबीर की इस फिल्म ने अडवांस बुकिंग से अब तक 6.42 करोड़ रुपए कमा लिए हैं. इसी आधार पर ये कहा जा रहा है कि 'एनिमल' रणबीर के करियर की सबसे बड़ी ओपनिंग पाने वाली फिल्म बन सकती है.

sacnilk.com की रिपोर्ट के मुताबिक सिंगल स्क्रीन्स औऱ मल्टीप्लेक्स मिलाकर दो दिनों में 'एनिमल' के 2 लाख टिकट बिक चुके हैं. बताया जा रहा है कि अडवांस बुकिंग का फाइनल आंकड़ा 8 से 10 लाख के बीच रह सकता है. जिससे फिल्म अडवांस में ही 18 से 20 करोड़ रुपए कमा जाएगी. 'एनिमल' से पहले आई सलमान खान की 'टाइगर 3' की ओपनिंग डे के लिए 8.75 लाख टिकटें अडवांस में बिकी थीं. जिससे फिल्म ने 23 करोड़ रुपए कलेक्ट किए थे. इसमें से 3.5 लाख टिकट नेशनल मल्टीप्लेक्स चेन्स में बुक हुए थे. बाकी सिंगल स्क्रीन्स से. इसकी बदौलत 'टाइगर 3' ने लक्ष्मी पूजन वाले दिन 44.50 करोड़ रुपए का बिज़नेस किया था. पहले दिन के लिए सबसे ज़्यादा अडवांस बुकिंग का रिकॉर्ड थलपति विजय की फिल्म 'लियो' के नाम है. इस फिल्म ने पहले दिन की अडवांस बुकिंग से 46.10 करोड़ रुपए कमा लिए थे. दूसरे नंबर पर है शाहरुख खान की 'जवान', जिसने अडवांस बुकिंग से 41 करोड़ रुपए कमाए थे.  

इसी बेसिस पर कहा जा रहा है कि 'एनिमल' भी पहले दिन 40 करोड़ रुपए का आंकड़ा छूने या पार करने जा रही है. अगर ऐसा होता है, तो ये रणबीर के करियर की पहले दिन सबसे ज़्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन जाएगी. रणबीर की सबसे बड़ी ओपनिंग का रिकॉर्ड फिलहाल 'ब्रह्मास्त्र-पार्ट 1' के नाम है. अयान मुखर्जी डायरेक्टेड इस फिल्म ने पहले दिन देशभर से 36.42 करोड़ रुपए कमाए थे. दूसरे नंबर पर है 'संजू', जिसने 34.75 करोड़ रुपए की ओपनिंग ली थी.  

'एनिमल' के साथ विकी कौशल की 'सैम बहादुर' भी सिनेमाघरों में लग रही है. पब्लिक को लग रहा था कि ये क्लैश भी 'बार्बी' वर्सज़ 'ओपनहाइमर' और 'गदर 2' बनाम OMG 2 जैसी होगी. यानी दोनों फिल्में अच्छी कमाई कर जाएंगी. मगर 'एनिमल' के सामने 'सैम बहादुर' के साथ ऐसा होने की संभावना बहुत कम लग रही है. क्योंकि जब तक 'एनिमल' के 2 लाख से ज़्यादा टिकट बुक हो चुकी हैं. वहीं 'सैम बहादुर' के पहले दिन के लिए देशभर से मात्र 18,861 टिकट बिके हैं. जिससे फिल्म ने 64.13 लाख रुपए की कमाई की है. 

'एनिमल' में रणबीर कपूर के साथ रश्मिका मंदन्ना, बॉबी देओल, अनिल कपूर, तृप्ति डिमरी, प्रेम चोपड़ा और सुरेश ओबेरॉय जैसे एक्टर्स काम कर रहे हैं. इस फिल्म को संदीप रेड्डी वांगा ने डायरेक्ट किया है. 'एनिमल' और 'सैम बहादुर', दोनों ही 1 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज़ होने वाली हैं. 

Advertisement

Advertisement

()