"तू चीज़ बड़ी है मस्क-मस्क" गाने वाले अमिताभ बच्चन का ट्विटर के चक्कर में नुकसान हो गया
मामला है ब्लू टिक गायब होने और वापस आने का.

पहले Twitter तमाम मुद्दों पर होने वाली बहस का अड्डा था. पर आजकल खुद ट्विटर ही बसह का मुद्दा है. 11 अप्रैल को Elon Musk ने अनाउंस किया कि 20 अप्रैल के बाद ट्विटर अकाउंट से ब्लू टिक गायब हो जाएंगे. अगर ब्लू वेरिफिकेशन बैज बनाए रखना है तो पैसे भरिए. जिसने पैसे भरे उसका नीला निशान मौजूद रहा. बाक़ी सब बेनिशान हो गए. इसी झोंके में Amitabh Bachchan का भी ब्लू टिक गायब हुआ. 23 अप्रैल को कई ट्विटर अकाउंट के वेरिफिकेशन बैज वापस देखे गए. कहा गया कि एक मिलियन(10 लाख) या इससे ऊपर वालों के ब्लू टिक ट्विटर ने खुद ही रिस्टोर कर दिए. अमिताभ बच्चन का भी ब्लू टिक लौट आया. पर यहां अमित जी के साथ हो गया एक धोखा.
दरअसल अमिताभ बच्चन का जब ब्लू टिक गया, तो उन्होंने पैसे भर दिए. पर धीरे-धीरे कई लोगों के नीले निशान वापस लौटने लगे. अमिताभ का भी आया. पर वो तो पैसा भर चुके थे. ऐसा हम नहीं कह रहे, बच्चन खुद कह रहे हैं:
अरे मारे गए गुलफाम, बिरज में मारे गए गुलफाम. ऐ! ट्विटर मौसी, चाची, बहनी, ताई, बुआ .. झौआ भर के त नाम हैं तुम्हार! पैसे भरवा लियो हमार, नील कमल ख़ातिर, अब कहत हो जेकर 1 मिलियन फॉलोवर उनकर नील कमल फ्री मा. हमार तो 48.4 मिलियन हैं, अब ?? खेल खतम, पैसा हजम!
अब आपको ज़रा अमिताभ के द्वारा किए गए ट्वीट्स के जरिए कुछ सिलसिलेवार ढंग से पूरा इलाहबादी मज़ा देते हैं. वो पिछले कई दिनों में ट्विटर से कई तरह के निवेदन कर चुके हैं. अमिताभ के एक ट्वीट में कुछ गलती हो गई थी. इसलिए उन्होंने ट्वीट डिलीट करके दोबारा किया. फिर एक नए ट्वीट में एडिट बटन की मांग की. शायद उन्हें पता नहीं होगा कि पैसा देकर एडिट बटन पाया जा सकता है. अमिताभ ने ट्वीट किया:
अरे, ट्विटर मालिक भैया , ये ट्विटर पे एक एडिट बटन भी लगा दो प्लीज! बार-बार जब ग़लती हो जाती है, और शुभचिंतक, बताते हैं हमें, तो पूरा ट्वीट डिलीट करना पड़ता है, और ग़लत ट्वीट को ठीक कर के, फिर से छापना पड़ता है. हाथ जोड़ रहे हैं.
जब 21 अप्रैल को अमिताभ का नील कमल गायब हो गया, तब भी उन्होंने ट्वीट किया था. इसमें ट्विटर से पैसा भरने के बाद अपना ब्लू टिक लौटाने की गुज़ारिश की थी.
ऐ ट्विटर भईया! सुन रहे हैं? अब तो पैसा भी भर दिए हैं हम. तो ऊ जो नीलकमल होत है ना, हमार नाम के आगे, ऊ तो वापस लगाय दें भईया, ताकि लोग जान जाएं कि हम ही हैं – अमिताभ बच्चन. हाथ तो जोड़ लिए रहे हम. अब का, गोड़वा जोड़े पड़ी का?
हाथ जोड़ने के बाद, पैर जोड़ने की नौबत नहीं आई, अमिताभ का नील कमल आ गया. इसके लिए उन्होंने एलन मस्क को शुक्रिया कहते हुए उन्हें गाना भी सुनाया.
ऐ मस्क भैया! बहुत-बहुत धन्यवाद देत हैं हम आपका! उ नील कमल लग गवा हमार नाम के आगे! अब का बताई भैया! गाना गाए का मन करत है हमार! सुनबो का? इ लेओ सुना: "तू चीज़ बड़ी है मस्क,मस्क... तू चीज़ बड़ी है मस्क...
इसके बाद अमिताभ का ब्लू टिक फिर गायब हुआ. उन्होंने इसकी फिर शिकायत लगाई.
अरे ट्विटर मौसी! गजब होए गवा!! उ, नील कमल ️ लगाए के बाद, नील कमलवा अकेले पड़ा-पड़ा, घबरात रहा ! तो हम सोचा, तनिक ओका कंपनी देई दें. ते बग़ल में ओके, हम अपना झंडा गाड़ दिये! अरे, गाड़े में टाइम लगा नाहीं, की कमलवा भाग गवा! बताओ! अब का करी ?
फिर उनका ब्लू टिक वापस आया. जैसा हमने ऊपर बताया, कई लोगों के ब्लू टिक बिना पैसे दिए वापस आ गये थे. अमिताभ ने पैसे पहले ही भर दिए थे. ऐसा कहा जा रहा है कि जिनके फॉलोवर एक मिलियन से ऊपर हैं, उनके ब्लू टिक वापस आ गए हैं. ये सिर्फ अनुमान है, पुख्ता तौर से कुछ नहीं कहा जा सकता. क्योंकि ट्विटर की तरफ से कोई ऑफ़िशियल बयान नहीं आया है. प्रियंका चोपड़ा का ब्लू टिक वापस आ गया. इस पर प्रियंका ने एक ट्वीट किया है. प्रियंका के ट्वीट से भी ऐसा लग रहा है कि उन्होंने इसके लिए पेमेंट नहीं किया है.
पता नहीं कैसे, लेकिन मेरा ब्लू टिक वापस आ गया है. मैं वापस प्रियंका बन गई.
प्रियंका के अलावा आलिया भट्ट और शाहरुख खान, क्रिकेटर विराट कोहली, एमएस धोनी के ब्लू चेकमार्क वापस दिखने लगे. हालांकि, यह साफ नहीं है कि इन लोगों ने ब्लू टिक के लिए पेमेंट किया है या नहीं.
वीडियो: अमिताभ बच्चन ने बताया कि वो सोशल ड्रिंकर थे, ऐसे छोड़ी उन्होंने सिगरेट और शराब

