The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Entertainment
  • Amisha Patel blames salman khan for the flop film yeh hai jalwa directed by devid dhawan

सलमान खान की वजह से फ्लॉप हुई अमीषा पटेल की हिट होने वाली पिक्चर?

जिस फिल्म की हम बात कर रहे हैं, सलमान खान ही उसमें लीड रोल में थे.

Advertisement
pic
23 अगस्त 2023 (अपडेटेड: 23 अगस्त 2023, 12:58 PM IST)
salman-khan-amisha-patel-gadar-2
सलमान और अमीषा पटेल की 2002 में आई फिल्म है.
Quick AI Highlights
Click here to view more

Amisha Patel की फिल्म Gadar 2 बेहतरीन कमाई कर रही है. इस फिल्म ने उनके करियर को नई दिशा दी है. इससे पहले 2001 में आई 'गदर' ने भी भौकाल काटा था. अमीषा के काम को इसमें पसंद किया गया था. इसके एक साल बाद ही 2002 में आई उनकी फिल्म 'ये है जलवा' बुरी तरह पिटी थी. अमीषा ने इसका कारण सलमान खान को बताया है.

अमीषा 'गदर 2' की सफलता के बाद से ही लगातार इंटरव्यूज दे रही हैं. ऐसा ही एक इंटरव्यू उन्होंने बॉलीवुड हंगामा को दिया. इसमें उन्होंने 'ये है जलवा' के फ्लॉप होने का कारण सलमान को बताया है. अमीषा का कहना है कि ये डेविड धवन की सबसे अच्छी फिल्मों में से थी. गाने भी अच्छे थे. अमीषा के शब्द थे:

'ये है जलवा डेविड' धवन की बेस्ट फिल्मों में से एक थी. सलमान इस फिल्म में बहुत ही हैंडसम लगे थे और म्यूजिक वगैरह सब कुछ बढ़िया था. पर उसी दौरान मीडिया में सलमान खान के हिट एंड रन केस को लेकर निगेटिव खबरें चलने लगीं, जिसका असर इस फिल्म पर पड़ा.

अमीषा का मानना है कि अगर सलमान का हिट एंड रन वाला केस न हुआ होता और जनता फिल्म खुले दिल से देखती, तो ये बहुत बढ़िया कमाई कर सकती थी. हालांकि सलमान की हिट एंड रन केस में गिरफ्तारी हुई सितम्बर के आखिरी में और फिल्म रिलीज इससे दो महीने पहले जुलाई में ही रिलीज हो गई थी. इसलिए फिल्म के फ्लॉप होने से सलमान के हिट एंड रन केस का कोई ख़ास सम्बन्ध तो नज़र नहीं आता.

खैर, अमीषा ने इसी इंटरव्यू में आमिर की फिल्म 'मंगल पांडे' पर भी बात की. इसमें अमीषा पटेल भी थीं. उनका कहना है कि इस पिक्चर को भी इतनी बुरी तरह रिजेक्ट नहीं किया जाना चाहिए था. कुछ दिन पहले ईटाइम्स से बात करते हुए अमीषा ने उन फिल्मों के बारे में भी बताया था, जो उन्हें ऑफर हुई थीं. डेट्स की वजह से वो फ़िल्में कर नहीं पाईं.

मैं बहुत सारी फिल्में नहीं कर पाई थीं. मुझे उन्हें छोड़ना पड़ा. डेट्स की वजह से ऐसा हुआ. इस कारण मैंने उन पर अफसोस भी नहीं जताया. ‘चलते चलते’ उनमें से एक थी. मुझे ‘मुन्नाभाई MBBS’ भी ऑफर हुई थी. ‘तेरे नाम’ भी थी. कई वजहें थी कि मैं वो फिल्में नहीं कर पाईं. मैंने पहले से कहीं और अपनी डेट्स कमिट की हुई थी. अब एक ही अमीषा तो सब जगह नहीं हो सकती.  

‘गदर 2’ आने के बाद तीसरे पार्ट को लेकर भी खबरें उड़ने लगी हैं. अमीषा से भी इस बारे में पूछा गया. उनका कहना था कि तारा और सकीना को ज़रूर वापस आना चाहिए. वो खुद ऐसी फिल्म देखना चाहेंगी. अमीषा से पूछा गया कि अगर उन्हें ‘गदर 2’ में कुछ बदलना होता तो क्या करतीं. उनका जवाब था कि वो एडिटिंग में फिल्म को थोड़ा क्रिस्प बनातीं. इधर-उधर की कुछ चीज़ें हटा देतीं. 

वीडियो: गदर 2 ने सिर्फ 8 दिनों में 300 करोड़ कमा डाले

Advertisement

Advertisement

()