"'तेरे नाम और 'चलते चलते' जैसी फिल्में छोड़नी पड़ी, लेकिन कोई अफसोस नहीं" - अमीषा पटेल
अमीषा ने बताया कि उन्हें 'मुन्नाभाई एमबीबीएस' के लिए भी अप्रोच किया गया था. मगर वो फिल्म नहीं कर पाईं.

Gadar 2 बॉक्स ऑफिस पर हंगामा मचा रही है. आज के दिन में मैंने तीसरी बार ऐसी लाइन लिखी है. 11 अगस्त को रिलीज़ के बाद से फिल्म ताबड़तोड़ पैसा पीट रही है. फिल्म की टीम भी इस माहौल को ठंडा नहीं होने दे रही. ग्राउंड पर उतरकर प्रमोशन चल रहे हैं. सनी देओल और अमीषा पटेल इंटरव्यूज़ दे रहे हैं. ऐसे ही एक हालिया इंटरव्यू में अमीषा ने ‘गदर 3’ पर बात की. उन बड़ी फिल्मों पर बात की जो उन्हें छोड़नी पड़ी थी. अमीषा ने बताया कि उन्हें शाहरुख और सलमान की फिल्में ऑफर हुई थीं. लेकिन किसी-न-किसी वजह से वो उन्हें कर नहीं सकीं.
अमीषा ने इस बारे में ETimes को बताया,
मैं बहुत सारी फिल्में नहीं कर पाई थीं. मुझे उन्हें छोड़ना पड़ा. डेट्स की वजह से ऐसा हुआ. इस कारण मैंने उन पर अफसोस भी नहीं जताया. ‘चलते चलते’ उनमें से एक थी. मुझे ‘मुन्नाभाई MBBS’ भी ऑफर हुई थी. ‘तेरे नाम’ भी थी. कई वजहें थी कि मैं वो फिल्में नहीं कर पाईं. मैंने पहले से कहीं और अपनी डेट्स कमिट की हुई थी. अब एक ही अमीषा तो सब जगह नहीं हो सकती.
‘गदर 2’ आने के बाद तीसरे पार्ट को लेकर भी खबरें उड़ने लगी हैं. अमीषा से भी इस बारे में पूछा गया. उनका कहना था कि तारा और सकीना को ज़रूर वापस आना चाहिए. वो खुद ऐसी फिल्म देखना चाहेंगी. अमीषा से पूछा गया कि अगर उन्हें ‘गदर 2’ में कुछ बदलना होता तो क्या करतीं. उनका जवाब था कि वो एडिटिंग में फिल्म को थोड़ा क्रिस्प बनातीं. इधर-उधर की कुछ चीज़ें हटा देतीं.
अमीषा ने बताया कि ‘गदर 2’ की शूटिंग से पहले उन्होंने और सनी देओल ने कोई सिटिंग साथ में नहीं की थी. वो लोग सीधा सेट पर शूटिंग करने पहुंचे थे. सबसे पहले ‘उड़ जा काले कावा’ शूट किया गया. ‘गदर 2’ में सनी देओल, अमीषा पटेल और उत्कर्ष शर्मा पिछली फिल्म से लौटे हैं. सिमरत कौर और मनीष वाधवा कास्ट में नए जुड़े. बता दें कि ट्रेड वेबसाइट Sacnilk के मुताबिक ‘गदर 2’ ने अब तक करीब 375 करोड़ रुपए कमा लिए हैं.
वीडियो: सनी देओल, अमीषा पटेल की फिल्म गदर 2 ने पहले मंडे को इतनी कमाई की कि रिकॉर्ड बना दिया

