The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Entertainment
  • Amazon Prime Dropped Jana Nayagan After Delays, Now Racing to Reclaim It as Thalapathy Vijay Becomes CM

'जन नायगन' फंसी तो डील तोड़ी, विजय के CM बनते फिल्म खरीदने की लाइन में खड़ी हो गई प्राइम वीडियो

अमेजॉन प्राइम वीडियो ने 'जन नायगन' के मेकर्स से 120 करोड़ रुपये की ओटीटी डील तोड़ दी थी.

Advertisement
pic
13 मई 2026 (अपडेटेड: 13 मई 2026, 01:24 PM IST)
thalapathy vijay, jana nayagan,
'जन नायगन' थलपति विजय के करियर की अंतिम फिल्म है.
Quick AI Highlights
Click here to view more

Thalapathy Vijay के तमिलनाडु सीएम बनते ही Jana Nayagan की रिलीज़ का रास्ता साफ होता दिख रहा है. एक तरफ़ फिल्म के प्रोड्यूसर Venkat K Narayana ने इसे जल्द सिनेमाघरों में लाने का हिंट दिया. वहीं दूसरी तरफ़, कई ओटीटी कंपनियों ने फिल्म के डिजिटल राइट्स खरीदने के लिए लाइन लगा दी है. खबर है कि इनमें एक नाम अमेजॉन प्राइम वीडियो का भी है. गौर करने वाली बात ये है कि फिल्म के ओटीटी राइट्स पहले अमेजॉन के पास ही थे. मगर जब फिल्म सेंसर बोर्ड और कोर्ट-कचहरी में अटकी तो उन्होंने मेकर्स से अपनी 120 करोड़ की डील तोड़ डाली.

एच विनोद के डायरेक्शन में बनी 'जन नायगन' 09 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज़ होने वाली थी. मगर सेंसर बोर्ड ने इसे चार महीने बाद भी पास नहीं किया. इस बीच मेकर्स इसे मद्रास हाई कोर्ट और सुप्रीम कोर्ट लेकर भी गए, मगर कोई ठोस नतीजा नहीं निकला. इन वजहों से फिल्म लगातार पोस्टपोन होती चली गई. इसके दो बड़े नुकसान हुए. अव्वल ये कि मेकर्स को फिल्म की अडवांस बुकिंग के पैसे लौटाने पड़े, जो लगभग 50 करोड़ के आसपास था. दूसरा नुकसान ये हुआ कि फिल्म की ओटीटी डील टूट गई.

अमेजॉन प्राइम वीडियो ने महीनों पहले फिल्म के डिजिटल राइट्स खरीदे थे. इसके लिए उन्होंने 120 करोड़ रुपये की रकम चुकाई थी. मगर जब फिल्म अटकी तो उन्होंने अपने पांव पीछे खींच लिए. कुछ दिन पहले फिल्म ऑनलाइन लीक भी हो गई. इससे लोगों ने अनुमान लगाया कि यदि कोई दूसरा ओटीटी प्लेटफॉर्म इस मूवी को खरीदे भी, तब भी वो इसे इतनी बड़ी रकम नहीं देगा. मगर मुद्दा ये है कि ये सब कुछ तमिलनाडु चुनाव के नतीजे आने से पहले हो रहा था. 04 मई को जैसे ही विजय की पार्टी TVK ये चुनाव जीती, हवा उनकी तरफ़ बहने लगी.

द हिन्दू ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि विजय के सीएम बनते ही कई ओटीटी प्लेटफॉर्म्स ने KVN प्रोडक्शंस से कॉन्टैक्ट किया है. इनमें तमाम अन्य प्लेटफॉर्म्स के साथ अमेजॉन प्राइम वीडियो भी है. इससे ये साबित हो रहा कि चाहे इस मूवी को कितना ही नुकसान क्यों न हुआ हो, मार्केट में इसकी डिमांड अब तक बनी हुई है. कहने की जरूरत नहीं कि इसमें सबसे बड़ा फैक्टर विजय के 'सीएम' टैग ने निभाया है. वैसे तो अब तक कोई डील लॉक नहीं की गई है. मगर अनुमान है कि मेकर्स अमेजॉन प्राइम से मिले पिछले ऑफर से भी बड़ी डील तलाश रहे हैं. हालांकि वो इसमें कितने सफल होते हैं, ये आने वाले कुछ दिनों में पता चल जाएगा.

जहां तक 'जन नायगन' की बात है, इसमें कुछ अंतिम बदलाव किए जा रहे हैं. संभावना जताई जा रही कि दर्शकों को 'थलपति विजय' की जगह 'मुख्यमंत्री थलपति विजय' का टाइटल कार्ड देखने को मिल सकता है. पिछले दिनों विजय के शपथ ग्रहण समारोह के दौरान KVN प्रोडक्शंस के फाउंडर वेंकट के नारायण ने फिल्म पर एक बड़ी अपडेट दी थी. उन्होंने बताया कि 'जन नायगन' के फाइनल सर्टिफिकेशन का काम जारी है. हो सकता है कि ये मूवी 14 दिनों के भीतर आ जाए. हालांकि कुछ जगहों पर अनुमान लगाया जा रहा कि ये 15 जून के आसपास आ सकती है. ऐसा इसलिए क्योंकि उसके हफ्ते भर बाद यानी 22 जून को विजय का बर्थडे है. 

वीडियो: 'जन नायगन' फिल्म से Amazon Prime Video ने तोड़ी डील, अब क्या होगा?

Advertisement

Advertisement

()