The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Entertainment
  • Allu Arjun starrer Pushpa 2 producer shares an update about shooting of the film

अल्लू अर्जुन की 'पुष्पा 2' की शूटिंग रुकी, जब तक मसला हल नहीं होता शूटिंग शुरू नहीं होगी

स्टाइलिश स्टार अल्लू अर्जुन की फिल्म 'पुष्पा 2' के प्रोड्यूसर वाई. रवि शंकर ने बताया कि फिल्म की शूटिंग को रोक दिया गया है.

Advertisement
pic
2 अगस्त 2022 (अपडेटेड: 2 अगस्त 2022, 07:01 PM IST)
Allu Arjun
फिल्म 'पुष्पा' के एक सीन में अल्लू अर्जुन. दूसरी तरफ अल्लू अर्जुन की वायरल तस्वीर, जो उनकी हालिया फोटोशूट से आई है.
Quick AI Highlights
Click here to view more

स्टाइलिश स्टार अल्लू अर्जुन बीते दिनों फिल्म ‘पुष्पा’ में नज़र आए थे. भयंकर सफल रही पिक्चर. हिंदी पट्टी के लोग भी ओरिजिनली तेलुगु भाषा में बनी फिल्म के डायलॉग्स रट गए. फिल्म के ‘मैं झुकेगा नहीं साला’ जैसे डायलॉग्स बच्चे-बच्चे की ज़ुबान पर चढ़ गए. अब पब्लिक को फिल्म के दूसरे पार्ट यानी Pushpa- The Rule का इंतज़ार है. मगर सुकुमार के डायरेक्शन में बनने वाली ‘पुष्पा 2' की शूटिंग में रोड़ा अटक गया है .

‘पुष्पा’ के प्रोड्यूसर वाई. रवि शंकर ने इसके दूसरे पार्ट की मेकिंग को लेकर बात की है. रिसेंटली एक मीडिया पोर्टल को दिए इंटरव्यू में रवि ने बताया कि फिल्म की शूटिंग को फिलहाल रोक दिया गया है. रवि ने कहा,

तेलुगु इंडस्ट्री में इस वक्त स्ट्राइक चल रही है. एक बार ये स्ट्राइक खत्म हो जाएगी, तो हम अगस्त के आखिरी हफ्ते से या जब भी ये स्ट्राइक खत्म होगी तभी शूटिंग फिर शुरू कर पाएंगे.

रवि इसमें जोड़ते हैं-  

‘’अभी हम इसे शूट नहीं कर पा रहे हैं क्योंकि प्रड्यूसर्स स्ट्राइक पर हैं. कुछ अंदरूनी चीज़ें हैं, तो एक बार ये स्ट्राइक खत्म होगी तभी शूटिंग शुरू की जाएगी. वैसे हमारी ओर से सारी तैयारियां हो चुकी हैं.''

टॉलीवुड के प्रोड्यूसर्स ने क्यों रोक दी है फिल्मों की शूटिंग?

प्रोड्यूसर्स गिल्ड ने कुछ दिनों पहले एक ऑफिशियल पोस्ट करके ये जानकारी दी थी कि 01 अगस्त से सभी फिल्मों की शूटिंग पर रोक लगाई जा रही है. क्योंकि कोविड काल के बाद फिल्मों को बनाने का खर्च काफी बढ़ गया है. उस आधिकारिक पोस्ट में लिखा था,

‘’पैंडेमिक के बाद रेवेन्यू और फिल्मों को बनाने में आने वाली लागत में बहुत बदलाव हुए हैं. एक फिल्ममेकिंग समुदाय होने के नाते ये ज़रूरी है कि सभी प्रोड्यूसर्स मिलकर एक साथ इस मसले पर बात करें. ये हमारी ज़िम्मेदारी है कि हम अपने ईको-सिस्टम को और बेहतर बनाएं. एक स्वस्थ वातावरण में  अपनी फिल्म को रिलीज़ करें. इसी वजह से सभी प्रोड्यूसर्स ने तय किया है कि 01 अगस्त से सभी (तेलुगु) फिल्मों की शूटिंग रोक दी जाएगी. फिल्मों की शूटिंग तब तक रुकी रहेगी, जब तक इसका कुछ हल नहीं निकल जाता.'' 

दिल राजू कर रहे हैं थलपति विजय संग शूटिंग

तेलुगु सिनेमा डॉट कॉम की रिपोर्ट के मुताबिक प्रोड्यूसर दिल राजू इस मुहिम का अहम हिस्सा थे. उन्होंने भी 01 अगस्त से होने वाली स्ट्राइक का पूरा समर्थन किया था. मगर वो खुद अपनी अगली फिल्म Vaarasudu की नए शेड्यूल की शूटिंग करने लगे. जिससे प्रोड्यूसर्स काफी खफा हैं. इस मामले में स्पष्टिकरण देते हुए दिल राजू ने बताया- 

''वारासौदु एक तमिल फिल्म है. हम उसे तमिल में 'वारिसु' नाम से प्रोड्यूस कर रहे हैं. वो तेलुगु फिल्म नहीं है. हमने सिर्फ तेलुगु फिल्मों की शूटिंग रोकी है.'' 

2 अगस्त से थलपति विजय स्टारर ‘वारिसु’ के नए शेड्यूल की शूटिंग विशाखापटनम में शुरू होनी थी. ये सारा विवाद उसी को लेकर हो रहा है. मगर दिल राजू जो कह रहे हैं, वो चीज़ फैक्चुअली करेक्ट है. 

वीडियो: दी सिनेमा शो: बाहुबली और KGF से भी ज़्यादा होगा अल्लू अर्जुन की ‘पुष्पा 2’ का बजट

Advertisement

Advertisement

()