अल्लू अर्जुन उठाएंगे कोविड में पिता को खो चुकी बच्ची की पढ़ाई का पूरा खर्च
फैंस का बहुत ख्याल रखते हैं अल्लू अर्जुन. इससे पहले 6 करोड़ रुपए का ऑफर ठुकरा चुके हैं.
.webp?width=210)
Allu Arjun की Pushpa 2 की शूटिंग चालू हो चुकी है. मगर इन दिनों वो दूसरी वजह से चर्चा में हैं. वो केरल की एक बच्ची की पढ़ाई का पूरा खर्च उठाएंगे. इस बात की जानकारी अल्लपुझा के डिस्ट्रिक्ट कलेक्टर V R Krishna Teja ने अपने सोशल मीडिया पर दी. कोविड में उस बच्ची के पिता का निधन हो गया था. वो नर्स बनना चाहती थी. मगर उसकी आगे की पढ़ाई का खर्च उठाने वाला कोई नहीं था. ऐसे में अल्लू अर्जुन ने मदद करने का फैसला लिया.
अल्लपुझा के कलेक्टर वी.आर. कृष्णा तेजा ने फेसबुक पर एक पोस्ट लिखा. इसमें उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले उन्हें एक बच्ची ने अप्रोच किया. उसने 12वीं के इम्तिहान में 92 परसेंट नंबर पाए थे. मगर 2021 में पिता के गुज़रने की वजह परिवार से आर्थिक दिक्कतों से गुज़र रहा था. इसलिए फीस का इंतज़ाम नहीं हो पा रहा था. बच्ची की इच्छा थी कि वो आगे की पढ़ाई करके नर्स बने. कॉलेजों में एडमिशन बंद हो चुके थे. कृष्णा तेजा की मदद से बड़ी मुश्किल से कट्टानम के सेंट थॉमस कॉलेज ऑफ नर्सिंग में एक सीट मिली.
अब मसला था फीस का. ऐसे में कृष्णा तेजा ने अल्लू अर्जुन को फोन किया. अर्जुन मामला सुनते ही बच्ची की पढ़ाई का खर्च उठाने को तैयार हो गए. बात एक साल के खर्च की था. मगर अर्जुन बच्ची के पूरे कोर्स के लिए पे करने को तैयार हो गए. इसमें हॉस्टल फीस और पढ़ाई का खर्च शामिल है. आप वो फेसबुक पोस्ट नीचे देख सकते हैं-
अल्लू अर्जुन इससे पहले एक तंबाकू कंपनी के ऐड का ऑफर ठुकराने के लिए चर्चा में थे. क्योंकि अर्जुन का मानना था कि वो स्मोकिंग का समर्थन नहीं करते. और वो नहीं चाहते कि उन्हें ऐड में देखकर उनके फैंस उस प्रोडक्ट का इस्तेमाल करना शुरू कर दें. इसलिए उन्होंने ये ऐड करने के लिए मना कर दिया. कई रिपोर्ट्स में ऐसा दावा किया गया कि अर्जुन को इस ऐड के लिए 6 करोड़ रुपए दिए जाने थे.
‘पुष्पा’ की रिलीज़ से पहले अल्लू अर्जुन एक ऐड फिल्म के लिए 3 करोड़ रुपए चार्ज करते थे. मगर ‘पुष्पा’ की रिलीज़ के बाद उन्हें फूड डिलीवरी ऐप Zomato ने अपना ब्रांड एम्बैसेडर घोषित किया. तीन साल की इस डील के बदले अर्जुन को 9 करोड़ रुपए की फीस दी गई.
फिलहाल अल्लू अर्जुन Pushpa- The Rule की शूटिंग में व्यस्त हैं. इस फिल्म में उनके साथ फहाद फासिल और रश्मिका मंदाना जैसे एक्टर्स नज़र आने वाले हैं. 'पुष्पा 2' को सुकुमार डायरेक्ट कर रहे हैं. फिल्म की रिलीज़ डेट अब तक घोषित नहीं हुई है.
वीडियो देखें: अल्लू अर्जुन ने टोबैको कंपनी का ये ऑफर अपने फैंस की वजह से रिजेक्ट कर दिया

.webp?width=60)

