'अल्फा' प्रमोट करने आलिया भट्ट, समय के शो 'इंडियाज़ गॉट लेटेंट 2' पर गईं, तो लोग खिसिया क्यों गए?
"गज़ब डाउनफॉल..." लोगों का कहना है कि IGL पर जाने से 'अल्फा' को फायदा कम, नुकसान अधिक होगा.

Samay Raina का विवादित शो India's Got Latent एक बार फिर चर्चा में आ गया है. किसी नई कंट्रोवर्सी नहीं, बल्कि Alia Bhatt की वजह से. खबर है कि सेकेंड सीजन में आलिया बतौर जज इस शो का हिस्सा बनने वाली हैं. इंटरनेट पर उनकी तस्वीर भी वायरल हो चुकी है. फोटो में उनके साथ Sharvari Wagh भी नज़र आ रहीं. ये देखकर लोगों ने अनुमान लगाया कि दोनों वहां YRF Spy Universe की अगली फिल्म Alpha को प्रमोट करने गई थीं. लोगों को ये बात कुछ रास नहीं आ रही. लोगों का कहना है कि समय के शो पर जाने से उनकी फिल्म को फायदा कम, नुकसान ज़्यादा हो सकता है.
# ‘धुरंधर’ के कारण लटकी ‘अल्फा’?
हाल ही में इंटरनेट पर ‘इंडियाज़ गॉट लेटेंट सीजन 2’ से जुड़ा एक फोटो वायरल हुआ. इसमें मंच पर द हैबिटेट के मालिक बलराज सिंह घई और कॉमेडियन आशीष सोलंकी के साथ शरवरी और आलिया भी नज़र आ रही हैं. शुरुआत में लोगों को यकीन नहीं हुआ. कुछ ने कहा कि ये AI से बनाई फोटो है. वहीं बाकियों ने अनुमान लगाया कि दोनों एक्टर्स 'अल्फा' के प्रमोशन के लिए वहां गए हैं. YRF स्पाय यूनिवर्स की इस फिल्म में उन्होंने लीड रोल किया है. हालांकि अब भी ये कंफर्म नहीं हो सका है कि ये रियल फोटो है या AI. इसलिए लल्लनटॉप इसकी पुष्टि नहीं करता.
ख़ैर, ‘अल्फा’ 17 अप्रैल को रिलीज़ होने वाली थी. मगर ऐन वक्त पर 'धुरंधर' आई और पब्लिक में एंटी-स्पाय यूनिवर्स सेंटिमेंट बनने लगा. इस बीच YRF ने फिल्म को 10 जुलाई तक के लिए पोस्टपोन कर दिया. हालांकि इसे टालने के पीछे पोस्ट प्रोडक्शन में लगने वाले समय और VFX को जिम्मेदार ठहराया गया.
# आलिया भट्ट को समय रैना के शो पर देख लोग नाराज़ क्यों हुए?
पिछले दिनों समय ने अपने स्टैंडअप स्पेशल Still Alive में बताया था कि वो जल्द ही IGL का सीजन 2 लाएंगे. वायरल तस्वीर से भी ये बात कन्फर्म होती दिख रही है. चूंकि ये शो लोगों के बीच काफी चर्चा में आ गया था, इसलिए अनुमान है कि YRF यहीं से 'अल्फा' का प्रमोशन शुरू करने की प्लानिंग में है. लेकिन उनका ये फैसला लोगों को पसंद नहीं आ रहा है. कई तो इसे बहुत बड़ा डाउनफॉल भी बता रहे.
एक यूजर ने लिखा,
"आलिया भट्ट लेटेंट सीजन 2 में? गज़ब डाउनफॉल है."

YRF पिछले कुछ समय में अपनी फिल्मों को रियलिटी शोज़ में प्रमोट करने से बच रही थी. लेकिन 'अल्फा' से वो अपना नियम बदलती दिख रही है. इस पर दूसरे यूजर ने कहा,
"सीरियसली? अपनी फिल्म को प्रमोट करने के लिए उन्हें ये करना पड़ रहा है?"

तीसरे ने कहा,
"अगर ये खबर सही है कि आलिया भट्ट, शरवरी के साथ IGL में अल्फा को प्रमोट करने गई थीं, तो ये उनकी PR टीम का फेलियर है. एक A लिस्टर एक्ट्रेस का एक कुख्यात शो में जाना फिज़ूल की कंट्रोवर्सी को जन्म देगा. इससे फिल्म को नुकसान हो जाएगा."

# क्या YRF का ये फैसला बैकफायर करेगा?
पिछले कुछ समय से आलिया भट्ट को इंटरनेट के ताप का सामना करना पड़ रहा है. अभी वो कान फिल्म फेस्टिवल से होकर आई हैं. मगर सोशल मीडिया पर उनकी ड्रेस से ज्यादा चर्चा इस बात पर हुई कि वहां पैपराजी और लोगों ने उन्हें पहचाना नहीं. इसलिए 'इंडियाज़ गॉट लेटेंट' वाली ये फोटो AI हुई तो अलग बात है. पर यदि असली है, तो YRF ने बड़ा रिस्क लिया है. खासकर ये देखते हुए कि 'धुरंधर' के बाद से लोग उनकी फिल्मों पर पहले से ही भरे बैठे हैं. अगर इस शो पर बात थोड़ी भी इधर-उधर हुई, तो बात का बड़ा बतंगड़ बन सकता है. जहां तक बात रही ‘अल्फा’ की, तो इसे ‘द रेलवे मेन’ फेम शिव रवैल ने डायरेक्ट किया है. इस फिल्म में आलिया और शरवरी के साथ बॉबी देओल भी ज़रूरी किरदार में नज़र आने वाले हैं.
वीडियो: स्पाई यूनिवर्स को बचाने के लिए किसके पास पहुंचे आदित्य चोपड़ा?

