The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Entertainment
  • Akshay Kumar started crying when anchor asked him about his mother in his latest interview

एंकर ने पूछा, मां के गुज़रने के बाद से आपकी कोई फिल्म नहीं चली, अक्षय चेहरे पर हाथ रखकर रोने लगे

अक्षय ने सिर्फ इतना ही कहा- 'ऐसा ही है यार. चल आगे चल!'

Advertisement
pic
24 फ़रवरी 2023 (अपडेटेड: 24 फ़रवरी 2023, 08:07 PM IST)
akshay kumar mother, aruna bhatia,
'सीधी बात' से अक्षय का स्क्रीनशॉट. दूसरी तरफ अपनी मां के साथ अक्षय.
Quick AI Highlights
Click here to view more

Akshay Kumar की फिल्म Selfiee सिनेमाघरों में उतर चुकी है. हालांकि ट्रेड फिल्म की पहले दिन की कमाई से कुछ खास उत्साहित नहीं है. अक्षय के लिए वैसे भी 2022 बहुत बुरा गुज़रा. उनकी एक भी पिक्चर नहीं चली. हालिया इंटरव्यू में उनसे पूछा गया कि उनकी मां के गुज़रने के बाद से उनकी कोई फिल्म नहीं चली है. इस पर अक्षय चेहरे पर हाथ रखकर रो पड़े.

अक्षय कुमार 'सेल्फी' के प्रमोशन के सिलसिले में आज तक के शो 'सीधी बात' में पहुंचे थे. यहां एंकर ने उनसे पूछा-

''अक्षय आज आपके पास नाम है, शोहरत है, बंग्ला है, गाड़ी है. लेकिन अब आपके पास मां नहीं है. मैंने एक चीज़ और भी नोट की कि आप अपनी मां के बेहद करीब थे. और जब से आपकी मां गई हैं, तभी से आपकी कोई फिल्म हिट नहीं हुई है. बात करते हैं कभी आप उनसे? आप शूटिंग से आते थे, तो सबसे पहले ऊपर जाते थे. उनके फ्लोर पर. फिर उनके साथ बात करते थे. बताते थे कि क्या-क्या हुआ.''

ये बात सुनकर अक्षय इमोशनल हो गए. उन्होंने अपनी रुलाई छुपाने के लिए चेहरे पर हाथ रख लिया. और इस सवाल के जवाब में कहा-

''हां, ऐसे ही है यार. चल, आगे चल.''

उन्होंने ऐसा इसलिए कहा क्योंकि वो इस टॉपिक पर बात नहीं करना चाहते थे. अब अक्षय का ये वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है. अक्षय की मां का नाम अरुणा भाटिया था. 8 सितंबर, 2021 को मुंबई के अस्पताल में वो गुज़र गईं. अक्षय के जन्मदिन से ठीक एक दिन पहले. इसकी जानकारी अक्षय ने खुद सोशल मीडिया पोस्ट करके दी थी.

उनकी मांग के गुज़रने के कुछ पौने दो महीने बाद उनकी 'सूर्यवंशी' रिलीज़ हुई. जो 50 परसेंट ऑक्यूपेंसी होने के बावजूद हिट रही. मगर उसके बाद से उनकी एक भी फिल्म सफल नहीं हो पाई है. 2022 में उन्होंने 'सम्राट पृथ्वीराज', 'बच्चन पांडे', 'रक्षा बंधन', 'राम सेतु' और 'कठपुतली' जैसी फिल्मों में काम किया. इसमें से 'कठपुतली' को सीधे डिज़्नी+हॉटस्टार पर रिलीज़ किया गया था. इसलिए उस फिल्म की सफलता का मापने का कोई तरीका नहीं है. स्ट्रीमिंग प्लैटफॉर्म जो आंकड़ा दे देगी, वो मानना पड़ता है. इसके अलावा उनकी सभी चार फिल्में बुरी तरह पिटीं. 

24 फरवरी को उनकी फिल्म 'सेल्फी' थिएटर्स में रिलीज़ हुई है. ये मलयालम फिल्म 'ड्राइविंग लाइसेंस' की हिंदी रीमेक है. इसमें अक्षय के साथ इमरान हाशमी, नुसरत भरुचा और डायना पेंटी जैसे एक्टर्स ने काम किया है. इस फिल्म की पहले दिन की कमाई 10 करोड़ रुपए के आंकड़े को भी नहीं छू पाई. अब तो ये भी नहीं कहा जा सकता कि हिंदी फिल्में नहीं चल रही हैं. क्योंकि पिछले ही महीने आई शाहरुख खान की 'पठान' ने 1000 करोड़ रुपए से ऊपर की कमाई कर डाली है. उस फिल्म ने सिर्फ इंडिया सवा 500 करोड़ रुपए के आसपास कमाई कर ली है.

अब सवाल ये है कि अक्षय की फिल्में क्यों नहीं चल रहीं? इसके बहुत सारे जवाब हो सकते हैं. शायद पब्लिक अक्षय कुमार को देख-देखकर पकने लगी है. क्योंकि वो साल में चार-पांच फिल्में रिलीज़ करते हैं. उसमें से अधिकतर फिल्में दूसरी इंडस्ट्री की फिल्मों का रीमेक होती हैं. रीमेक्स को लेकर वैसे भी जनता नाराज़ चल रही है. 'दृश्यम 2' को अपवाद है. जनता को हर चीज़ से फर्क पड़ता है. अक्षय के बारे में ये खबर चलती रहती है कि वो अपनी फिल्मों को समय नहीं देते. जल्दी-जल्दी निपटाते हैं. 30-40 दिन में पिक्चर खत्म कर देते हैं. इसके अलावा वो अपनी नागरिकता को लेकर भी खबरों में रहते हैं. उनका राजनीतिक झुकाव भी उनकी फिल्मों के चलने या न चलने में बड़ी भूमिका अदा करता है. अब अक्षय के लिए फैसले की घड़ी आ गई है कि वो अपने करियर की कैसे आगे बढ़ाना चाहते हैं.  

वीडियो: अक्षय कुमार ने सेल्फी के प्रमोशन में वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया, फिर भी फिल्म का माहौल नहीं बन पा रहा

Advertisement

Advertisement

()