अक्षय की 'भूत बंगला' ने 200 करोड़ पीट दिए मगर वेंडर्स के 48 लाख रुपए अब तक नहीं दिए!
'भूत बंगला' एकता कपूर के प्रोडक्शन हाउस की सबसे बड़ी हिट है. बावजूद इसके उन्होंने वेंडर्स को पैसे देने से साफ इन्कार कर दिया.

Akshay Kumar की Bhooth Bangla बॉक्स ऑफिस पर हिट हो चुकी है. Priyadarshan के डायरेक्शन में बनी इस हॉरर-कॉमेडी ने दुनियाभर से 200 करोड़ रुपए से ज़्यादा की कमाई कर ली है. इसी के साथ ये Ekta Kapoor के प्रोडक्शन में बनी सबसे कमाऊ फिल्म भी साबित हुई. मगर फिल्म पर काम करने वाले वेंडर्स का कहना है कि एकता ने उनके लोगों के पैसे अब तक नहीं चुकाए. 'भूत बंगला' पर काम करने वाले दो अलग-अलग वेंडर्स का दावा है कि उनके 48 लाख रुपए फिल्म की रिलीज़ के 20 दिन बाद भी उन्हें नहीं मिले हैं. वहीं एकता का कहना है कि उन्होंने सबके पैसे चुका दिए हैं.
मिड-डे की रिपोर्ट के मुताबिक 'भूत बंगला' पर काम करने वाले एक वेंडर का 30 लाख रुपए का पेमेंट नहीं किया गया. वहीं एक दूसरे वेंडर का दावा है कि उसके भी 18 लाख रुपए नहीं मिले. फिल्म इंडस्ट्री में एक अनकहा सा नियम है कि फिल्म बनने के 90 दिनों के भीतर सबका पेमेंट क्लीयर होना चाहिए. मगर बेहद कम लोग हैं, जो इस नियम का पालन करते हैं. वेंडर्स का ये भी कहना है कि फिल्म की रिलीज़ के बाद प्रोड्यूसर्स से पैसे निकलवाना और भी मुश्किल हो जाता है. यही उनके साथ 'भूत बंगला' के केस में हो रहा है.
वेंडर क्या होता है? फिल्म बनने के दौरान जिन चीज़ों की ज़रूरत पड़ती है, उसे अलग-अलग वेंडर्स मुहैया करवाते हैं. मसलन, सेट पर मिलने वाले खाने का काम फूड वेंडर्स देखते है. फिल्म बनाने के लिए जिन इक्विपमेंट्स की ज़रूरत पड़ती है, वो अलग वेंडर्स लाते हैं. बेसिकली वो अपना सामान प्रोड्यूसर्स को किराए पर देते हैं. फिल्म बनने के बाद वापस लेकर चले जाते हैं. ठीक वैसे ही जैसे शादियों में होता है.
'भूत बंगला' पर काम करने वाले वेंडर्स का कहना है कि प्रोड्यूसर्स कास्ट और क्रू का पेमेंट फटाफट कर देते हैं. मगर वेंडर्स का पैसा महीनों तक लटकाकर रखते हैं. कुछ मामलों में तो उन वेंडर्स को कभी पूरे पैसे नहीं मिल पाते.
वहीं एकता कपूर की कंपनी ने इन वेंडर्स के दावों को सिरे से खारिज कर दिया है. उनका कहना है कि उन्होंने सबके पैसे चुका दिए हैं. बालाजी मोशन पिक्चर्स ने इस बाबत एक बयान जारी करते हुए कहा कि उन्होंने अपने अलग अलग प्रोजेक्ट्स के लिए जो भी कॉन्ट्रैक्ट किया था, उन सबका पूरा पेमेंट कर दिया है. इसका मतलब ये निकलता है कि उन्होंने वेंडर्स के दावों को न सिर्फ गलत बताया, बल्कि उनका पेमेंट करने से भी इन्कार कर दिया.
जहां तक बात है 'भूत बंगला' कि इस फिल्म ने दुनियाभर से 211 करोड़ रुपए का कलेक्शन कर लिया है. इसमें से 148 करोड़ रुपए इंडिया से आए हैं. इस फिल्म में अक्षय कुमार, परेश रावल, वामिका गब्बी, राजपाल यादव और मिथिला पालकर जैसे एक्टर्स ने काम किया है. 'भूत बंगला' को प्रियदर्शन ने डायरेक्ट किया है.
वीडियो: अक्षय कुमार की 'भूत बंगला' फिल्म ने पहले दिन कितनी कमाई की?

