अक्षय कुमार स्टारर 'भूत बंगला' का वीकेंड कलेक्शन देखकर मेकर्स निराश होंगे
'भूत बंगला' पहले वीकेंड तक 100 करोड़ रुपये भी कमा नहीं पाई.

लंबे इंतज़ार के बाद Akshay Kumar-Priyadarshan की आइकॉनिक जोड़ी सिनेमाघरों में वापस लौट आई है. 17 अप्रैल को Bhooth Bangla ऑफिशियली रिलीज़ हो गई. फिल्म को लोगों से मिक्स्ड रिव्यू मिल रहा है. फिर भी इसने कमाई के मामले में एक ठीक-ठाक गति बना रखी है. रिलीज़ के फर्स्ट वीकेंड तक मूवी के बॉक्स ऑफिस कलेक्शन में लगातार बढ़ोतरी हुई. बावजूद इसके, 'भूत बंगला' 100 करोड़ का आंकड़ा छूने में नाकाम रह गई.
16 अप्रैल को इस मूवी के पेड प्रिव्यू शोज़ रखे गए थे. फिल्मों की भाषा में इसे डे ज़ीरो कलेक्शन कहा जाता है. उस दिन फिल्म ने ग्रॉस 4.50 करोड़ रुपये छापे. 17 अप्रैल को ‘भूत बंगला’ दुनिया भर में रिलीज़ हो गई. तब इसने 14.70 करोड़ रुपये कमाए. प्रियदर्शन और अक्षय की जोड़ी के हिसाब से ये बेहद एवरेज कमाई है.
हालांकि दूसरे दिन यानी शनिवार को फिल्म ने अच्छी रफ़्तार पकड़ी. उस दिन इसने भारत में ग्रॉस 22.80 करोड़ का कलेक्शन किया. रविवार को इस आंकड़े में और उछाल देखने को मिला, जब मूवी ने 27.37 करोड़ रुपये कमा लिए. इस तरह फिल्म का फर्स्ट वीकेंड डोमेस्टिक कलेक्शन ग्रॉस 69.37 करोड़ रुपये रहा है.
‘भूत बंगला’ ने ओवरसीज़ मार्केट से भी 26.50 करोड़ रुपये कमाए हैं. भारत और विदेशों में हुई इस कमाई को जोड़ें तो इसने शुरुआती हफ्ते में वर्ल्डवाइड 95.87 करोड़ रुपये पीट दिए. रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म को 120 करोड़ रुपये में बनाया गया है. यानी ये अपना बजट वसूलने के बेहद करीब है. फिर भी, इसका पहले हफ्ते में 100 करोड़ के आंकड़े को न छू पाना, मेकर्स को निराश कर सकता है.
'भूत बंगला' कम-से-कम चार बार पोस्टपोन हुई है. एक वक्त पर ये 'धुरंधर 2' के दो हफ्तों बाद आने वाली थी. मगर फिर इसे टाल दिया गया, जो अब एक अच्छा फैसला नज़र आ रहा है. क्लैश होने पर इस मूवी की दुर्गति हो सकती थी. लेकिन 17 अप्रैल को लगभग एक क्लीन रिलीज़ के मिलने के बावजूद फिल्म खास बज़ नहीं क्रिएट कर पाई. इससे संभावना है कि आगे इसकी कमाई लगातार गिरती ही जाए. मगर मेकर्स चाहेंगे कि ‘भूत बंगला’ वर्ड ऑफ माउथ पब्लिसिटी के कंधों पर चले और अगले कुछ हफ्तों में इसी पेस पर कलेक्शन करती रहे. सिर्फ तभी ये मूवी बड़े पैसे छाप सकती है.
वीडियो: CBFC ने अक्षय कुमार की Bhooth Bangla में 5 कट्स बताए, Priyadarshan ने 63 लगा दिए

