अक्षय ने OMG 2 और 'गदर 2' के लिए लिखा: 'ओह माय गदर', पूरा इंटरनेट एक होकर तारीफ करने लगा
OMG 2 में 'गदर' को लेकर एक मज़ेदार रेफ्रेंस भी है. अक्षय ने उसी को शेयर करते ये लिखा है.

बीते 11 अगस्त को दो हिंदी फिल्में रिलीज़ हुईं, Gadar 2 और OMG 2. गदर सिर्फ एक के नाम में ही है लेकिन काट दोनों रही हैं. बड़े क्लैश के बावजूद दोनों ने अपनी ऑडियंस खोज ली और उन्हें अपील कर पाने में सफल भी रहीं. जब अनाउंस किया गया कि OMG 2 11 अगस्त को रिलीज़ होगी तब कहा जाने लगा कि मेकर्स को रिलीज़ खिसका देनी चाहिए. ‘गदर 2’ के सामने पैसा नहीं कमा पाएगी. हालांकि हुआ बिल्कुल इसके विपरीत. अक्षय कुमार ने दोनों फिल्मों को उनकी कामयाबी के लिए बधाई दी. ऑडियंस का शुक्रिया अदा किया. इंटरनेट उनका मैसेज पढ़कर उनकी तारीफ कर रहा है. जुलाई 2023 में दो बड़ी हॉलीवुड फिल्में आपस में भिड़ीं – ‘बार्बी’ और ओपेनहाइमर’. तब इनके क्लैश के लिए ‘बार्बनहाइमर’ नाम का शब्द ईजाद हुआ. अब अक्षय ने ‘गदर 2’ और OMG 2 के लिए ‘ओ माई गदर’ नाम का हैशटैग इस्तेमाल किया है.
अक्षय ने X पर एक वीडियो शेयर किया. OMG 2 में ‘गदर’ को लेकर एक मज़ेदार रेफ्रेंस है. फिल्म में अक्षय शिव के दूत बने हैं. पंकज त्रिपाठी के कैरेक्टर का मार्गदर्शन करते हैं. एक सीन है जहां अक्षय उनके घर के बाहर बैठे हैं. वो गाना गाते हैं ‘उड़ जा काले कावा’. मुमकिन है कि दोनों फिल्मों के क्लैश को ध्यान में रखकर ये सीन जोड़ा गया हो. बहरहाल ये अपना काम कर जाता है और अटपटा नहीं लगता. अक्षय ने फिल्म का ये सीन शेयर करते हुए लिखा,
ओ माई गदर को मिलने वाले प्यार के लिए हमारी ऑडियंस को बहुत शुक्रिया. हमें भारतीय फिल्म के इतिहास में सबसे शानदार हफ्ता देने के लिए आपका शुक्रिया. प्यार और आभार.
बता दें कि ‘गदर 2’ ने कमाई में फोड़ रखा है. फिल्म ने इंडिया में 40 करोड़ रुपए की ओपनिंग ली. ये ‘पठान’ के बाद साल 2023 की दूसरी बड़ी ओपनिंग थी. 16 अगस्त तक सनी देओल और अमीषा पटेल की फिल्म 261.35 करोड़ रुपए छाप चुकी है. ये ‘गदर’ के बाद सनी की अगली ब्लॉकबस्टर है. फिल्म के वर्ल्डवाइड कलेक्शन की बात करें तो फिल्म इसमें 338.5 करोड़ रुपए जोड़ चुकी है.
OMG 2 भले ही ‘गदर 2’ की स्पीड पर पैसा नहीं छाप रही. लेकिन ये अक्षय की क्लीन हिट बन गई. उनकी पिछली पांच फिल्में बिल्कुल भी नहीं चली थीं. OMG 2 की कमाई ने उन्हें बड़ी राहत दी है. ट्रेड वेबसाइट Sacnilk के मुताबिक OMG 2 इंडिया में अब तक 79.47 करोड़ रुपए कमा चुकी है. वहीं दुनियाभर में फिल्म ने 108.8 करोड़ रुपए कमा लिए हैं. OMG 2 को लिखा और बनाया है अमित राय ने. फिल्म में अक्षय के अलावा पंकज त्रिपाठी और यामी गौतम जैसे एक्टर्स ने काम किया है.
वीडियो: अक्षय कुमार की OMG 2 ने पहले मंडे को ओपनिंग डे से भी ज़्यादा का कलेक्शन कर लिया

