The Lallantop
Advertisement

अक्षय की 'सरफिरा' का वीकेंड कलेक्शन देख, मेकर्स का दिल बैठ जाएगा

Akshay Kumar की Sarfira के मेकर्स को भरोसा था कि फिल्म बहुत बढ़िया परफॉर्म करेगी. इसी वजह से मेकर्स ने इसका कोई प्रमोशन नहीं किया और शायद यही सबसे बड़ी गलती हो गई.

Advertisement
pic
15 जुलाई 2024 (अपडेटेड: 15 जुलाई 2024, 11:31 AM IST)
Akshay Kumar
अक्षय कुमार की 'सरफिरा' फिल्म सूर्या की 'सोराराई पोर्ट्रू' का हिंदी रीमेक है.
Quick AI Highlights
Click here to view more

Akshay Kumar की Sarfira को अच्छे रिव्यूज़ मिलने के बाद भी इसकी कमाई बहुत ज़्यादा नहीं हो रही है. उम्मीद लगाई जा रही थी कि पहले संडे को पिक्चर अच्छी कमाई करेगी. मगर ऐसा कुछ भी देखने को नहीं मिला. पहले दिन सिर्फ 2.5 करोड़ की ओपनिंग पाने वाली 'सरफिरा' ने पहले संडे को सिर्फ और सिर्फ 5.1 करोड़ रुपए कमाए. इंडिया में तीन दिनों में कुल 11.85 करोड़ रुपए की कमाई ही कर पाई है.

'सरफिरा' के मेकर्स को भरोसा था कि फिल्म बहुत बढ़िया परफॉर्म करेगी. इसी वजह से मेकर्स ने 'सरफिरा' का कोई प्रमोशन नहीं किया. उन्हें लगा था कि विक्रांत मेस्सी की फिल्म '12th फेल' की तरह 'सरफिरा' का भी बज़ बनेगा और इसकी कमाई धीरे-धीरे बढ़ती ही जाएगी. हालांकि शुरुआती वीकेंड पर तो ऐसा कुछ भी होता नज़र नहीं आ रहा है.

'सरफिरा' में अक्षय कुमार की तारीफ हुई. जिन लोगों ने सूर्या की फिल्म 'सोराराई पोर्ट्रू' नहीं देखी उन्हें और जिन्होंने देखी है, उन्हें भी, 'सरफिरा' पसंद आई. मगर पिक्चर की कमाई में कोई  बहुत ज़्यादा इज़ाफा नहीं हुआ. तीन दिनों के हिसाब से इसकी कमाई को आंकड़ों में समझें तो-

पहले दिन - 2.5 करोड़ रुपए 
दूसरे दिन - 4.25 करोड़ रुपए 
तीसरे दिन - 5.1 करोड़ रुपए

कमाए हैं. पिक्चर ने कुल मिलाकर 11.85 करोड़ रुपए का कलेक्शन कर लिया है. दूसरे से तीसरे दिन की कमाई में करीब 20 प्रतिशत का उछाल तो आया है, मगर फिर भी मेकर्स के लिए ये चिंताजनक बात ही है. फिल्म का 100 करोड़ क्लब में शामिल होना भी मुश्किल लग रहा है. वैसे 'सरफिरा' के सामने दो बहुत बड़े बजट की पैन इंडिया फिल्में हैं. 'कल्कि 2898 AD' और 'इंडियन 2'. प्रभास, अमिताभ बच्चन, कमल हासन और दीपिका पादुकोण की फिल्म 'कल्कि' ने दुनियाभर से 1000 करोड़ से ज़्यादा की कमाई कर चुकी है. उधर 'इंडियन 2' भी तुलनात्मक रूप से 'सरफिरा' से ज़्यादा कलेक्शन कर चुकी है.

अक्षय कुमार ने साल 2021 में आई 'सूर्यवंशी' के बाद से कोई हिट फिल्म नहीं दी. OMG 2 ने अच्छी कमाई की थी लेकिन उसे पूरी तरह से अक्षय कुमार की फिल्म नहीं कहा जा सकता. अक्षय की झोली में फिल्में तो बहुत गिरीं मगर कोई कुछ कमाल नहीं दिखा पाईं. जैसे 'सम्राट पृथ्वीराज', 'सेल्फी', 'बड़े मियां छोटे मियां'. अब आने वाले समय में वो 'सिंघम अगेन', 'खेल-खेल में', 'हाउसफुल 5' और 'वेलकम 3' जैसी फिल्मों में नज़र आने वाले हैं. 

वीडियो: दी सिनेमा शो: सरफिरा ट्रेलर में अक्षय कुमार की परफॉरमेंस देख जनता बोली, अक्षय ने सारी ट्रोलिंग दिल पर ले ली

इस पोस्ट से जुड़े हुए हैशटैग्स

Advertisement

Advertisement

()