अक्षय की 'सरफिरा' में 80% का उछाल, फिर भी फिल्म की हालत खराब है!
Akshay Kumar की Sarfira को Kalki 2898 AD और Indian 2 से बड़ी टक्कर मिल रही है.

Akshay Kumar की फिल्म Sarfira को उनके करियर की सबसे कमज़ोर ओपनिंग में से एक मिली. मेकर्स ने फिल्म को प्रमोट नहीं किया था. उसका बज़ नहीं बना. उन्हें भरोसा था कि '12th फेल' की तरह उनकी फिल्म को भी वर्ड ऑफ माउथ का फायदा मिलेगा. फिल्म रिलीज़ हुई. रिव्यूज़ आए. ‘सरफिरा’ की तारीफ हुई. अक्षय की परफॉरमेंस को ईमानदार बताया गया. फिर भी फिल्म को उस पॉज़िटिव वर्ड ऑफ माउथ से कोई फायदा नहीं हुआ. ट्रेड ऐनलिस्ट तरण आदर्श ने बताया कि ‘सरफिरा’ को 2.5 करोड़ रुपये की ओपनिंग मिली. उन्होंने बताया कि फिल्म के दूसरे दिन के कलेक्शन में करीब 80% का जम्प आया. फिल्म ने 13 जुलाई को 4.5 करोड़ रुपये कमाए.
तरण आदर्श ने कहा कि फिल्म को ठीक-ठाक वीकेंड कलेक्शन दर्ज करने के लिए रविवार यानी 14 जुलाई को तगड़ी कमाई करनी होगी. वो फिल्म के लिए अभी मुश्किल लग रहा है. पहली वजह तो ये कि मेकर्स ने प्रमोशन के लिए सिर्फ वर्ड ऑफ माउथ का सहारा लिया. ये बहुत ऑर्गैनिक चीज़ है. जनता को कोई फिल्म कब पसंद आएगी, इसे ट्रैक नहीं किया जा सकता. दूसरी वजह है कि ‘सरफिरा’ के सामने ‘कल्कि 2898 AD’ और ‘इंडियन 2’ जैसी बड़ी फिल्में खड़ी हैं. प्रभास, अमिताभ बच्चन, कमल हासन और दीपिका पादुकोण की फिल्म ‘कल्कि’ ने दुनियाभर में 1000 करोड़ से ज़्यादा की कमाई कर ली है. फिल्म के एंड में टीज़ किया गया कि उसका सीक्वल भी आएगा.
वहीं ‘इंडियन 2’ इस साल की सबसे एंटीसिपेटिड फिल्मों में से एक थी. ये शंकर और कमल हासन की साल 1996 में आई फिल्म ‘इंडियन’ का सीक्वल है. फिल्म को बहुत बुरे रिव्यूज़ मिल रहे हैं. उसके बावजूद कमल हासन की स्टार पावर के चलते ये फिल्म तमिलनाडु में अच्छी कमाई कर रही है. वो बात अलग है कि हिंदी और तेलुगु बेल्ट से फिल्म को ज़्यादा मदद नहीं मिल रही है. ‘कल्कि’ और ‘इंडियन 2’ के अलावा ‘किल’ भी बॉक्स ऑफिस पर रफ्तार पकड़ रही है. ‘सरफिरा’ की टक्कर इन तीनों फिल्मों से ही है.
बता दें कि साल 2021 में आई ‘सूर्यवंशी’ के बाद अक्षय की कोई फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बड़ी हिट साबित नहीं हुई. OMG 2 ने अच्छी कमाई की थी लेकिन उसे पूरी तरह से अक्षय कुमार की फिल्म नहीं कहा जा सकता. ‘सम्राट पृथ्वीराज’, ‘सेल्फी’, ‘बेल बॉटम’ और ‘बड़े मियां छोटे मियां’ जैसी बड़े बजट की फिल्में कोई छाप नहीं छोड़ पाईं. बाकी अक्षय की आने वाली फिल्मों की बात करें तो वो ‘सिंघम अगेन’ में नज़र आएंगे. उसके अलावा उनकी फिल्म ‘खेल खेल में’ स्वतंत्रता दिवस वाले वीकेंड में रिलीज़ होने वाली है.
वीडियो: अक्षय कुमार ने कहा, 'मेरी फिल्मों के फ्लॉप होने से फिल्म इंडस्ट्री के लोग खुश होते हैं'

