2 अगस्त 2022 (अपडेटेड: 2 अगस्त 2022, 06:58 PM IST)
पहली तस्वीर फिल्म की राइटर कनिका ढिल्लों की. दूसरी तरफ फिल्म 'रक्षाबंधन' के एक सीन में अक्षय कुमार.
Small
Medium
Large
Quick AI Highlights
Click here to view more
कनिका ढिल्लों. राइटर और प्रड्यूसर हैं. ‘केदारनाथ’ और ‘मनमर्ज़ियां’ जैसी फिल्में लिख चुकी हैं. उनकी नई फिल्म 'रक्षाबंधन' 11 अगस्त को रिलीज़ के लिए तैयार है. लेकिन सोशल मीडिया के कुछ खलिहर लोगों ने कनिका को ट्रोल करने का नया बहाना ढूंढ लिया. बे-मतलब के हैशटैग चलाने वालों की एक टोली ने कनिका के पुराने ट्वीट्स खंगाले. और अब नया नारा #BoycottRakshabandhan रट रहे हैं. क्या है पूरा मामला नीचे पढ़िए.
कनिका को बताया एंटी-हिंदू
'रक्षाबंधन' फिल्म कनिका ढिल्लों ने अकेले नहीं लिखी हैं. उन्होंने पति हिमांशु शर्मा के साथ मिलकर 'रक्षाबंधन' की कहानी लिखी है. हिमांशु शर्मा यानी वो आदमी जिसने 'तनु वेड्स मनु', 'रांझणा' और 'अतरंगी रे' जैसी फिल्में लिखीं. मगर पब्लिक कनिका के पीछे पड़ी है. उनके पुराने ट्वीट्स के आधार पर कनिका को एंटी-हिंदू बताया जा रहा है. ट्वीट्स के स्क्रीनशॉट ट्विटर पर घूम रहे हैं. कनिका के कामों को ना देखने की मांग की जा रही है.
कनिका ने 29 अप्रैल, 2021 को एक ट्वीट किया था. कोरोना से हुई मौत की एक खबर को री-ट्वीट करते हुए कनिका ने तंज भरे स्वर में लिखा था,
''हॉस्पिटल के बेड के लिए वेट करते-करते पार्किंग में हुई मौत...ये अच्छे दिन हैं. इंडिया सुपर पावर है. और गऊ माता का मूत्र पीने से कोविड चला जाएगा.''
कनिका के इसी ट्वीट को अलग-अलग जगह कोट किया गया है. एक बंदे ने इस ट्वीट समेत कनिका के कई और ट्वीट्स का स्क्रीनशॉट लगाकर लिखा,
''एंटी-हिंदू फिल्म बनाने वाले अक्षय कुमार अब हिंदुओं को चिढ़ाने के लिए 'रक्षाबंधन' जैसी फिल्म बना रहे हैं. जिसकी राइटर के ऐसे ट्वीट्स हैं.''
एक जनाब ने ट्वीट किया,
‘’अक्षय कुमार की फिल्म 'रक्षाबंधन' का बहिष्कार किया जाए. क्योंकि उसकी राइटर कनिका ढिल्लों है. जो कागज़ नहीं दिखाएंगे गैंग की सदस्य है. उसके कई पुराने ट्वीट्स में गाय और सनातन धर्म का मज़ाक बनाया गया है.''
सोशल मीडिया पर विचरते कई ट्वीट्स आपको मिल जाएंगे. जिसमें उनकी पुरानी फिल्म 'हसीन दिलरुबा' का भी ज़िक्र है. दरअसल, तापसी पन्नू की इस फिल्म के वक्त भी लोगों ने कनिका को ट्रोल किया था. 'हसीन दिलरुबा' में एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर जैसे मसले को लेकर कनिका को खूब आलोचना झेलनी पड़ी थी.
क्या होगी 'रक्षाबंधन' की कहानी?
एक भाई है. उसकी चार बहनें हैं. उसको किसी भी तरह उन चारों की शादी करवानी है. सुनने में ये आइडिया बहुत दकियानूसी लग सकता है. लेकिन इतनी जल्दी जज करना सही नहीं होगा. इसे डायरेक्ट किया है आनंद एल. राय ने. अक्षय कुमार ने भाई का रोल किया है. भाई की भी शादी होगी. इसलिए अक्षय की प्रेमिका का रोल किया है भूमि पेडणेकर ने. ‘रक्षाबंधन’ अक्षय की पिछली फिल्मों से इतर फ़ील गुड टाइप फैमिली ड्रामा लग रही है. बस फिल्म अपने सब्जेक्ट को सही से कैरी कर ले जाए.
वीडियो: अक्षय कुमार ने ‘रक्षा बंधन’ और ‘अतरंगी रे’ के डायरेक्टर आनंद के सामने रखी ये शर्त