BMCM की क्रू का बकाया क्लीयर करने के लिए अक्षय कुमार ने अपनी फीस रोक दी
Akshay Kumar की BMCM पर काम करने वाले क्रू मेंबर्स ने शिकायत की थी कि प्रोडक्शन कंपनी Pooja Entertainment ने उनका बकाया नहीं चुकाया है. ऐसे में उनकी मदद को अक्षय आगे आए हैं.
.webp?width=210)
Akshay Kumar की पिछली फिल्म थी Bade Miyan Chote Miyan. इस फिल्म पर काम करने वाले कई क्रू मेंबर्स ने शिकायत की कि प्रोडक्शन कंपनी Pooja Entertainment ने उनके पैसे नहीं चुकाए हैं. पहले तो ये बात दबी ज़ुबान में चलनी शुरू हुई. फिर मामला खुले में आ गया. अब उनकी मदद को खुद फिल्म के 'हीरो' अक्षय कुमार आगे आए हैं. Vashu Bhagnani के बेटे और प्रोडक्शन कंपनी की कमान संभालने वाले Jacky Bhagnani ने हालिया इंटरव्यू में बताया है कि अक्षय ने अपनी फीस रोकने को कहा है. वो चाहते हैं कि प्रोडक्शन कंपनी पहले सभी क्रू मेंबर्स का बकाया क्लीयर करे, उसके बाद वो अपनी बाकी फीस लेंगे.
पूजा एंटरटेनमेंट की फिल्में 'मिशन रानीगंज' और BMCM पर काम करने वाली क्रू के कई सदस्यों को उनकी पेमेंट नहीं मिली है. उनके तमाम कहे पर कोई सुनवाई भी नहीं हो रही थी. ऐसे में क्रू के कुछ लोगों ने इंस्टाग्राम पर प्रोडक्शन कंपनी के बारे में लिखना शुरू कर दिया. जल्द ही मामला वायरल हो गया. अब फाइनली पूजा एंटरटेनमेंट उनके पैसे देने को तैयार हुई है. इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक इन फिल्मों पर काम करने वाले क्रू मेंबर्स और वेंडर्स पर कंपनी का तकरीबन 2.5 करोड़ रुपए बकाया है.
जैकी भगनानी ने अपनी प्रोडक्शन कंपनी के आर्थिक संकट के मसले पर एक बयान जारी किया. इसमें उन्होंने अक्षय कुमार के प्रति कृतज्ञता ज़ाहिर करते हुए कहा,
"इस मैटर पर बात करने के लिए हाल ही में अक्षय सर ने मुझसे मुलाकात की. पूरी स्थिति समझने के बाद वो क्रू के समर्थन में खड़े होने से बिल्कुल भी नहीं हिचकिचाए. अक्षय सर ने आग्रह किया कि हमारे प्रोजेक्ट पर काम करने वाले सभी क्रू मेंबर्स का फुल एंड फाइनल पेमेंट होने तक उनकी फीस रोक दी जाए. हम अक्षय सर के आभारी हैं कि उन्होंने हमारी मुसीबतें समझीं और इस मुश्किल वक्त में हमारे साथ खड़े हुए. मूवी बिज़नेस मजबूत रिश्तों पर टिका है. और हम इंडस्ट्री में इसी भावना को आगे बढ़ाने का प्रयास करते हैं."
इंडियन एक्सप्रेस की उसी रिपोर्ट में बताया गया कि BMCM पर काम करने वाले एक्टर्स टाइगर श्रॉफ, सोनाक्षी सिन्हा, अलाया एफ और मानुषी छिल्लर को भी उनके पैसे नहीं मिले हैं. 'बड़े मियां छोट मियां' को 350 करोड़ रुपए के भारी-भरकम बजट पर बनाया गया था. मगर फिल्म पिट गई. इसने देशभर से 70 करोड़ रुपए के आसपास कमाई की. वहीं फिल्म का वर्ल्डवाइड कलेक्शन 100 से 110 करोड़ रुपए के बीच रहा. इस वजह से प्रोड्यूसर्स को भारी नुकसान हो गया. BMCM को 'सुल्तान' और 'टाइगर ज़िंदा है' जैसी फिल्में डायरेक्ट कर चुके, अली अब्बास ज़फर ने डायरेक्ट किया था.
एक तरफ ये कहा जा रहा है कि पूजा एंटरटेनमेंट बड़ी दिक्कतों से गुज़र रही है. मगर कंपनी के मालिक वाशु भगनानी का सोचना इससे अलग है. उन्होंने टाइम्स ऑफ इंडिया को दिए एक इंटरव्यू में कहा कि उनके लिए चीज़ें इतनी भी खराब नहीं हैं, जितनी बताई जा रही हैं. वो ऑलरेडी एक नया प्रोजेक्ट प्लान कर रहे हैं, जिसे बड़े बजट पर बनाया जाना है.
वीडियो: मेकर्स की दावा है कि अक्षय-टाइगर की BMCM जवान की तरह 1100 करोड़ कमाएगी?

