भूषण कुमार ने ऐक्टर्स की फीस पर कहा: "आप 25 करोड़ लो, हम नुकसान में फ़िल्म करें!"
करन जौहर भी कह चुके हैं: "जिन्हें अभी बॉक्स ऑफिस पर खुद को साबित करना है. बिना बात के 20 से 30 करोड़ रुपए मांग रहे"

कुछ समय पहले करन जौहर ने बॉलीवुड ऐक्टर्स की बढ़ती हुई फीस पर बात की थी. अब इसी मुद्दे पर टी-सीरीज़ के मालिक भूषण कुमार ने भी बात की है. उनका कहना है कि ज़्यादातर ऐक्टर्स मार्केट को समझते हैं और उसी के अनुसार फीस चार्ज करते हैं. पर कुछ ऐक्टर अपनी हाई फीस को लेकर जिद्दी हैं. ऐसे में प्रोड्यूसर उनके साथ काम करने से मना कर देते हैं.
भूषण का मानना है कि महामारी के समय और उसके बाद भी कई प्रोड्यूसर्स को नुकसान हुआ है. ऐसे में प्रोड्यूसर्स का ही सारा नुकसान सहन करना ठीक बात नहीं है. कुछ ऐक्टर्स इसे समझते भी हैं. पर कुछ मांगी गई फीस को कम करने से इनकार कर देते हैं. पिंकविला से बात करते हुए उन्होंने कहा:
अभी तक तो जिन लोगों से हम बात कर रहे हैं, वो पॉजिटिवली ही बात कर रहे हैं. वो मार्केट को समझ भी रहे हैं. वो ये नहीं कहते कि 'नहीं, हम मार्केट को नहीं समझेंगे.'
उनका आगे कहना था:
लेकिन अब भी कुछ ऐक्टर्स हैं, जो कहते हैं: 'नहीं हम तो इतना ही लेंगे, वरना काम नहीं करेंगे'. तो हम उनके साथ काम नहीं कर रहे. हम उनको बोल रहे हैं, मत करो हम भी नहीं करना चाहते. हम नुकसान के लिए क्यों काम करेंगे? बहुत से लोगों ने बड़ी फिल्मों में नुकसान उठाया है. हम आपको पैसा दें, आप बढ़िया कमाई करें और खुद लॉस में रहें. आप 20-25 करोड़ ले लो. हम नुकसान में फ़िल्म करें.
भूषण कुमार का ये भी कहना है कि सभी विन-विन सिचुएशन चाहते हैं, जहां प्रोड्यूसर और ऐक्टर दोनों को फ़ायदा हो. हम भी पैसा कमाएं और प्रोजेक्ट भी सेफ रहे. हमारे लिए बोझ न बन जाए. पर जहां पर आपका प्रोजेक्ट इतनी कॉस्ट नहीं ले सकता, वहां हम ऐक्टर्स से बात कर रहे हैं.
पिछले बरस भूषण कुमार के बैनर तले बनी फ़िल्म भूल-भुलैया 2 कुछ उन चुनिंदा बॉलीवुड फिल्मों में से थी, जो हिट साबित हुई थी. उन्होंने भूल-भुलैया 3 के अगले साल तक फ्लोर पर आने के संकेत दिए हैं.
हम कार्तिक आर्यन के साथ ही भूल-भुलैया 3 बना रहे हैं. अभी ये सोच रहे हैं कि इस फ्रेंचाइज को आगे कैसे बढ़ाया जाए? फिलहाल हम इसकी स्क्रिप्ट पर काम कर रहे हैं. हम इसे 2025 में रिलीज करने की सोच रहे हैं. इसकी शूटिंग 2024 के सेकंड हाफ में शुरू होने की संभावना है.
कुछ समय पहले करन जौहर ने भी ऐक्टर्स की बढ़ी हुई फीस पर बात रखी थी. उनका कहना था कि कई यंगर ऐक्टर्स ने पिछले कुछ महीनों में अपनी फीस 100 परसेंट बढ़ा दी है. कई लोगों ने ये बहाना बनाया है कि हमारी पिछली फ़िल्म नहीं चली या कोरोना के चलते रिलीज़ नहीं हुई. उनका कहना था:
कुछ यंग ऐक्टर, जिन्हें अभी बॉक्स ऑफिस पर खुद को साबित करना है. वो बिना बात के 20 से 30 करोड़ रुपए मांग रहे हैं.
जब करन से पूछा गया था कि धर्मा जैसे बड़े प्रोडक्शन हाउस ऐसे ऐक्टर को मना कर सकते हैं. करन जौहर ने इस पर जवाब देते हुए कहा:
मैं इसके बजाय टेक्निकल क्रू के मेंबर्स को अच्छे पैसे दूंगा, जो फ़िल्म को वास्तव में स्पेशल बनाते हैं. मैं क्यों किसी ऐक्टर को 15 करोड़ और एडिटर को 55 लाख दे रहा हूं.
वीडियो: अक्षय कुमार की 'भूल भुलैया' का सीक्वल, जिसकी टक्कर रणबीर की सबसे बड़ी फिल्म से होगी

