'डंकी' के बाद फिर से साथ काम करने जा रहे हैं शाहरुख खान और राजकुमार हीरानी?
राजकुमार हीरानी शाहरुख के पास एक दो हीरो वाला प्रोजेक्ट लेकर गए थे. उसमें उनके अलावा सलमान खान को कास्ट करने का प्लान था.

2023 में Shah Rukh Khan लंबे इंतज़ार के बाद सिनेमाघरों में वापस लौट रहे थे. Jawan और Pathaan ने बॉक्स ऑफिस पर एक-एक हज़ार करोड़ रुपये का कलेक्शन कर लिया था. इस कड़ी में उनकी तीसरी फिल्म Rajkumar Hirani के डायरेक्शन में बनी Dunki थी. लोगों को लगा कि शाहरुख-हीरानी की जोड़ी थिएटर्स में तहलका मचा देगी. फिल्म ने ठीक-ठाक पैसे कमा भी लिए थे. मगर उतने नहीं, जितनी लोगों को उम्मीद थी. 454 करोड़ रुपये छापने के बावजूद 'डंकी' को हीरानी की कमज़ोर फिल्मों में गिना गया. खुद शाहरुख भी इस मूवी से निराश हुए थे. मगर हीरानी ने फिर भी उम्मीद नहीं छोड़ी है. खबर है कि उन्होंने शाहरुख को एक नई फिल्म के लिए अप्रोच किया है.
दरअसल, इंटरनेट पर ऐसी खबरें चल रही हैं कि हीरानी ने शाहरुख को एक नया आइडिया सुनाया है. ये आइडिया एक सोशल कॉमेडी फिल्म का है. कुछ उसी तरह की फिल्म, जिसके लिए हीरानी आमतौर पर जाने जाते हैं. दावा तो ये भी है कि फिल्म की स्क्रिप्ट पर काम चालू हो चुका है. सोशल मीडिया पर कुछ लोग इसे 'डंकी' का सीक्वल बता रहे हैं. हालांकि मेकर्स ने अपनी तरफ़ से इस बारे में अबतक कुछ भी नहीं कहा है.

पिछले दिनों हीरानी ने वैरायटी इंडिया को एक इंटरव्यू दिया था. उन्होंने जानकारी दी कि वो फिलहाल दो फिल्मों पर काम कर रहे हैं. एक है '3 इडियट्स' का सीक्वल. वहीं दूसरी मूवी 'मुन्ना भाई 3' है. इस बातचीत में हीरानी ने शाहरुख से मिलने या किसी नई स्क्रिप्ट पर काम करने को लेकर कुछ नहीं बताया था. इसलिए दोनों साथ में कोई फिल्म करने वाले हैं, ये कहना थोड़ी जल्दबाज़ी होगी.
हालांकि 2023 में पिंकविला से हुई बातचीत में हीरानी ने कहा था कि वो शाहरुख के साथ दोबारा काम करना चाहेंगे. तब उन्होंने ये हिंट भी दिया था कि वो किसी नई स्क्रिप्ट पर काम ज़रूर कर रहे हैं. उनके मुताबिक,
"मैं शाहरुख के साथ दोबारा काम करना चाहूंगा. मुझे उनके साथ काम करके बहुत मज़ा आया. जब आपको किसी के साथ काम करके खुशी महसूस होती है, तो आप उनके साथ दोबारा काम करना चाहते हैं. मगर अभी तो स्क्रिप्ट्स पर काम चल रहा है."
हीरानी ने अपने FTII के दिनों में 'सर्कस' देखी थी, तभी उन्होंने ये ठान लिया था कि यदि उन्होंने कभी कोई फिल्म बनाई, तो वो शाहरुख के साथ ही होगी. 2003 में वो बतौर डायरेक्टर अपनी पहली मूवी 'मुन्नाभाई MBBS' बना रहे थे. तब उन्होंने सबसे पहले शाहरुख को ही अप्रोच किया था. शाहरुख को फिल्म की कहानी खूब पसंद आई. मगर उस वक्त वो स्पाइन इंजरी से जूझ रहे थे. इस वजह से उन्होंने हीरानी को 8-9 महीने वेट करने को कहा. मगर हीरानी इतना इंतज़ार नहीं करना चाहते थे. इसलिए वो दूसरे एक्टर्स की तलाश करने लगे. तब जाकर संजय दत्त उस प्रोजेक्ट में कास्ट किए गए थे. ‘मुन्ना भाई MBBS’ को ऑडियंस और क्रिटिक्स, दोनों ने खूब पसंद किया था. हालांकि उसके क्रेडिट्स में हीरानी शाहरुख को श्रेय देना नहीं भूले.

हीरानी ने शाहरुख को दोबारा '3 इडियट्स' के लिए अप्रोच किया था. मगर समय की कमी और एक अन्य इंजरी के कारण उस पर भी बात नहीं बन पाई. बॉलीवुड हंगामा की एक रिपोर्ट के मुताबिक, हीरानी 2020 में शाहरुख और काजोल के साथ एक मच्योर लव स्टोरी बनाना चाहते थे. शाहरुख को कहानी तो पसंद आई मगर वो फिल्म कभी बन नहीं पाई. उसी साल राजीव मसंद ने ओपन मैग्जीन में एक अन्य प्रोजेक्ट का ज़िक्र किया. रिपोर्ट के मुताबिक, हीरानी शाहरुख के पास एक डुअल हीरो प्रोजेक्ट लेकर गए थे. उसमें उनके अलावा सलमान को कास्ट करने का प्लान था. मगर शाहरुख उस वक्त केवल सोलो हीरो फिल्म करना चाहते थे. इसलिए उस मूवी पर बात नहीं बनी. फाइनली, दोनों ने 2023 में रिलीज़ हुई 'डंकी' में साथ काम किया.
वीडियो: शाहरुख खान की किंग के इस एक सीन पर खर्च हो गए 50 करोड़

.webp?width=60)

