करीना ने भंसाली को पिछलग्गू और 'नोबडी' बोला, अब उनके साथ काम करना चाहती हैं!
Kareena Kapoor ने कहा था कि Sanjay Leela Bhansali उनके पीछे-पीछे फिल्म लेकर घूमते रहते हैं. मगर वो करियर में कभी उनके साथ काम नहीं करेंगी.

Koffee With Karan 8 चल रहा है. शो के चौथे एपिसोड की मेहमान थीं Kareena Kapoor Khan और Alia Bhatt. ये एपिसोड इसलिए चर्चा में रहा क्योंकि करीना ने यहां Ameesha Patel के साथ अदावत पर बात की. इसके अलावा Sanjay Leela Bhansali को लेकर भी खूब सारी बातें हुईं. करीना और भंसाली का पुराना मैटर है. एक फिल्म से भंसाली ने करीना को निकाल दिया था. दूसरी फिल्म करीना ने खुद छोड़ दी. करीना ने ये भी कसम खाई कि वो अपने करियर में कभी भी भंसाली के साथ काम नहीं करेंगी. मगर अब वो SLB की फिल्म करने को तैयार हैं.
आलिया भट्ट ने पिछले दिनों संजय लीला भंसाली के साथ 'गंगूबाई काठियावाड़ी' में काम किया. वो उनके साथ एक और फिल्म कर रही हैं. संभवत: रणवीर सिंह स्टारर 'बैजू बावरा'. मगर उनकी साथी गेस्ट करीना की भंसाली के साथ हिस्ट्री रही है. करण ने करीना से पूछा कि ऐश्वर्या, दीपिका और आलिया, इन तीनों ने भंसाली के साथ काम किया. करीना इनमें से किस एक्टर के कोलैबरेशन को ज़्यादा रेट करेंगी. इस पर करीना ने कहा-
"मेरे पास अभी भी उनके साथ काम करने का मौका है."
(I still have a chance to work with him)
इस पर करण ने करीना के पुराने बयानों पर चुटकी लेते हुए कहा-
"अच्छा! आ गई न लाइन पर."
ये सारा पंगा शुरू हुआ 'देवदास' की मेकिंग के दौरान. भंसाली ने पहले इस फिल्म में करीना को कास्ट किया था. उन्होंने फोटोशूट वगैरह भी कर लिया था. मगर ऐन वक्त पर भंसाली ने करीना को फिल्म से निकालकर, पारो के रोल में ऐश्वर्या राय बच्चन को कास्ट कर लिया. इस घटना के बाद करीना ने एक इंटरव्यू में कहा था कि वो कभी पारो का रोल करने में इंट्रेस्टेड ही नहीं थीं. क्योंकि उस वक्त वैसा किरदार निभाने के लिहाज से उनकी उम्र काफी कम थी. बकौल करीना, भंसाली ने इंसिस्ट करके उन्हें 'देवदास' में कास्ट किया. उन्होंने कहा कि पारो के रोल में करीना बिल्कुल फिट हैं. फोटोशूट करवाया. फिर उन्हें निकालकर ऐश्वर्या को कास्ट कर लिया. करीना तब ये भी कहा था कि चाहे वो अपने करियर के सबसे खराब फेज़ में हों और भंसाली टॉप डायरेक्टर हों, तब भी वो उनके साथ काम नहीं करेंगी.
हालांकि, 'राम लीला' में दोनों साथ काम करने वाले थे. रणवीर सिंह और करीना कपूर को लेकर ये फिल्म बन रही थी. मगर शूटिंग से 10 दिन पहले करीना ने वो फिल्म छोड़ दी. इसके बाद इंटरव्यू में कहा कि भंसाली 'नोबडी' हैं. करीना ये भी कहा था कि भंसाली एक के बाद एक फिल्म लेकर उनके पीछे-पीछे घूमते हैं. मगर वो बहुत ही कंफ्यूज़्ड डायरेक्टर हैं. और अपनी बात पर टिके रहने वाले आदमी नहीं हैं. उसके बाद संजय लीला भंसाली 'बाजीराव मस्तानी' बनाने वाले थे. इस फिल्म के लिए उनकी पहली पसंद थे सलमान और ऐश्वर्या. मगर निजी वजहों से ऐश्वर्या ने सलमान के साथ काम करने से मना कर दिया. इसके बाद भंसाली करीना और सलमान के साथ वो फिल्म बनाना चाहते थे. मगर तब वो फिल्म बन ही नहीं पाई. 2015 में रणवीर, दीपिका और प्रियंका के साथ उन्होंने वो फिल्म बनाई.
इतने सब के बाद करीना ने 'कॉफी विद करण' में जो कहा, उससे लग रहा है कि वो भंसाली के साथ काम करना चाहती हैं. संभवत: इसलिए क्योंकि भंसाली की फिल्में अब अच्छा परफॉर्म करने लगी हैं. प्लस उनकी फिल्मों की महिला किरदार मजबूत होती हैं. जैसे उन्होंने 'गंगूबाई...' बनाई थी. अब 'हीरा मंडी' बना रहे हैं. दोनों ही महिला केंद्रित प्रोजेक्ट हैं.
करीना कपूर पिछली बार 'जाने जान' नाम की फिल्म में दिखी थीं. आने वाले दिनों वो 'द बकिंगम मर्डर्स' (The Buckingham Murders), 'द क्रू' और 'सिंघम अगेन' जैसी फिल्मों में नज़र आने वाली हैं.

