'आदिपुरुष' की भयंकर ट्रोलिंग के बाद भी मेकर्स अड़े, नहीं करेंगे कोई बड़ा बदलाव
'आदिपुरुष' में रामायण को री-क्रिएट किया जाएगा. जिसमें राम बनेंगे प्रभास, जानकी बनी हैं कृति सेनन और लंकेश बने हैं सैफ अली खान.
.webp?width=210)
पिछले साल पूरे गाजे-बाजे के साथ Prabhas की फिल्म Adipurush का टीज़र आया था. जिसके आते ही इसकी आलोचना शुरू हो गई थी. इसके VFX का लोगों ने ना सिर्फ मज़ाक उड़ाया बल्कि डायरेक्टर ओम राउत को बहुत भला-बुरा भी कहा. किसी ने इसे ‘गेम ऑफ थ्रोन्स’ की कॉपी कहा, तो किसी ने इसे ‘टेंपल रन’ गेम की कॉपी बताया. सैफ अली खान को उनकी दाढ़ी के लिए भी ट्रोल किया गया. लेकिन अब फिल्म के एडिटर आशीष म्हात्रे ने बताया कि इतनी क्रिटिसिज़्म के बाद भी फिल्म में कोई खास बदलाव नहीं किए जाएंगे.
'आदिपुरुष' में रामायण को री-क्रिएट किया जाएगा. जिसमें राम बनेंगे प्रभास, जानकी बनी हैं कृति सेनन और लंकेश बने हैं सैफ अली खान. इसके टीज़र आने के बाद कई लोगों ने ये भी कहा कि इसे देखकर उनकी धार्मिक भावनाएं भी आहत हुई हैं. अब टाइम्स ऑफ इंडिया को दिए इंटरव्यू में आशीष ने इन सब पर बात की. कहा,
''हमारी पूरी टीम बहुत शॉक में थी जब टीज़र को ऐसा रिस्पॉन्स मिला. क्योंकि हमने ऐसे रिएक्शन्स की बिल्कुल उम्मीद नहीं की थी. ओम राउत का विज़न बिल्कुल क्लीयर था. जब उन्होंने हमें फिल्मों के कैरेक्टर्स को एक्सप्लेन किया तो वो बहुत क्लीयर थे कि उन्हें स्टोरी में क्या चाहिए. उन्होंने इस बात का पूरा ख्याल रखा था कि किसी की भावनाएं आहत ना हों. उन्होंने बस कुछ नामों में बदलाव किए ताकि वो यूथ्स को अपील करे.''
आशीष ने आगे कहा,
''मुझे लगता है कि हम जो चाहते थे कि ऑडिएंस तक पहुंचे वो उस तरीके से नहीं पहुंचा. दो चीज़ें हुई होंगी एक तो ये कि लोगों ने इस नई दुनिया की उम्मीद नहीं की होगी. क्योंकि उन्होंने हमेशा ही राम और सीता को अलग अवतार में देखा. अलग लुक में देखा. हो सकता है 'आदिपुरुष' वैसी ना रही हो. दूसरी वजह ये है कि बहुत से लोगों ने टीज़र को थ्री डी में नहीं देखा उन्होंने अपने मोबाइल फोन पर इसे देखा. बाद में जब उसी टीज़र को थ्री डी में देखा तो उनके विचार बदल गए.''
जब आशीष से ये पूछा गया कि क्या इतनी आलोचनाओं के बाद वो फिल्म के VFX में कुछ बदलाव करेंगे तो उन्होंने कहा,
''एक VFX फिल्म में कई तरह के एक्सपेक्ट्स होते हैं. इसे पोस्ट प्रोडक्शन के समय तय किया जाता है. जैसे इसके लेआउट्स, एनिमेशन वगैरह. ये मेरे करियर की पहली ऐसी फिल्म है जिसमें मोशन कैप्चर टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल किया गया है. जो बिल्कुल भी आसान नहीं है. ये बहुत सारी डीटेलिंग मांगती जिसे मेकिंग ऑफ द फिल्म में ऑडिएंस भी देख सकेगी. इसमें बहुत समय लगता है.''
''हमने आलोचना के बाद भी फिल्म में कुछ खास बदलाव नहीं किए हैं. हमने वैसे ही फिल्म बनाई है जैसे पहले प्लान किया गया था. हमने कुछ सीन्स में बदलाव किए हैं क्योंकि उनमें बदलाव की ज़रूरत थी. हमने जिस तरह फिल्म बनानी शुरू की थी वो विजन आज भी है. क्योंकि हमने पहली बार में कोई गलती नहीं की थी जिसे बार-बार सही किया जाए.''
आशीष ने कहा,
''मैं बस इतना कह सकता हूं कि जब तक लोग इस फिल्म को देखने थिएटर्स में नहीं आएंगे, तब तक उनको पता नहीं चलेगा कि हमने कौन सी दुनिया बनाई हैं. हम उसे शब्दों में बयां नहीं कर सकते. इसे बस महसूस किया जा सकता है. लोगों ने रामायण को टीवी पर देखा है. ये हमारा वर्जन है. हर कैरेक्टर के साथ इमोशन जुड़े हैं. हमने जिस तरह सोचा था वैसे ही फिल्म बनाई है. जब लोग इसे थिएटर में देखने जाएंगे तो उनकी सोच में बदलाव ज़रूर आएगा. सिर्फ 90 सेकेंड्स का टीज़र देखकर आप पूरी फिल्म को जज नहीं कर सकते.''
आशीष इससे पहले 'धारावी बैंक', 'गांधी टॉक्स' और कुछ मराठी फिल्मों पर काम कर चुके हैं. जहां तक बाद है 'आदिपुरुष' की तो वो 16 जून को थिएटर्स में रिलीज़ की जाएगी.
वीडियो: आदिपुरुष का VFX ठीक होने के बाद, प्रभास स्टारर ये फिल्म बन जाएगी इंडिया की सबसे महंगी फिल्म

