The Lallantop
Advertisement

लोकेश कनगराज की पैन-इंडिया एक्शन फिल्म से धमाकेदार वापसी करेंगे आमिर खान!

Aamir Khan और Lokesh Kanagaraj उसी फिल्म के लिए साथ आ रहे हैं, जिसे Shahrukh Khan और Hrithik Roshan ने रिजेक्ट कर दिया?

Advertisement
pic
19 अगस्त 2024 (अपडेटेड: 19 अगस्त 2024, 05:40 PM IST)
Aamir Khan, Lokesh Kanagraj
इससे पहले लोकेश कनगराज के शाहरुख खान और ऋतिक रौशन के साथ काम करने की भी खबरें आ चुकी हैं. आमिर खान लिस्ट में नए एडिशन हैं.
Quick AI Highlights
Click here to view more

Aamir Khan, Laal Singh Chaddha की रिलीज़ के बाद से ब्रेक पर थे. उसके बाद वो वापसी के लिए मल्टीपल प्रोजेक्ट से जुड़ रहे हैं. फिलहाल वो अपनी अगली फिल्म Sitare Zameen Par में व्यस्त हैं. जिसे इस साल के आखिर में रिलीज़ किया जाना है. इसी बीच अब ये खबर आ रही है कि आमिर Lokesh Kanagaraj के साथ एक फिल्म करने जा रहे हैं. दोनों के बीच एक पैन-इंडिया प्रोजेक्ट को लेकर बातचीत चल रही है. लोकेश पिछले कुछ दिनों से एक नॉर्थ इंडियन सुपरस्टार के साथ फिल्म बनाना चाह रहे थे. एक प्रोजेक्ट के लिए Shahrukh Khan को भी अप्रोच किया था. मगर बात नहीं बनी. इसके बाद उन्होंनें Ranveer Singh से भी एक फिल्म को लेकर बात की थी. अब आमिर के साथ वही फिल्म बन रही है, या ये कोई दूसरा प्रोजेक्ट है, अभी ये बता पाना मुश्किल है.

Aakashavaani नाम के एक न्यूज़ पोर्टल ने अपने X अकाउंट पर ये खबर ब्रेक की. उन्होंने लिखा, 

"बड़ी ब्रेकिंग- आमिर खान, लोकेश कनगराज और मैत्री मूवीमेकर्स एक पैन-इंडिया फिल्म के लिए साथ आ रहे हैं. ये एक जबरदस्त कॉम्बिनेशन है. एक भरोसेमंद सूत्र ने इस प्रोजेक्ट को कंफर्म बताया है. इस पैन इंडिया फिल्म में इन तीनों के साथ आने की बात लंबे समय से चल रही है. अगर सब कुछ सही रहा, तो जल्द ही प्रोजेक्ट की ऑफिशियल अनाउंसमेंट होगी."

हालांकि इस खबर पर अभी तक किसी की भी तरफ की आधिकारिक जानकारी नहीं आई है. लल्लनटॉप इस ख़बर की पुष्टि नहीं करता है. कोईमोई की एक रिपोर्ट में बताया गया कि ये वही प्रोजेक्ट हो सकता है, जो पहले ऋतिक रौशन को ऑफर किया गया था. ऋतिक पिछले साल मैत्री मूवी मेकर्स के मालिक नवीन यरनेनी से मिले थे. मगर उन्होंने ये फिल्म रिजेक्ट कर दी. जिसके बाद मेकर्स ने आमिर से बातचीत करनी शुरू की. जो कि अब मूर्त रूप लेता नज़र आ रहा है. 

आमिर की आखिरी सक्सेसफुल फिल्म थी ‘दंगल’, जो कि 2016 में रिलीज़ हुई थी. उसके बाद उन्होंने अपने ही प्रोडक्शन की फिल्म 'सीक्रेट सुपरस्टार' में कैमियो किया. जो कि हिट रही. उसके बाद से लीड रोल में वो एक अदद हिट फिल्म की तलाश कर रहे हैं. उनकी ‘ठग्स ऑफ हिंदोस्तान’ और ‘लाल सिंह चड्ढा’ बड़े गाजे-बाजे के साथ रिलीज़ हुईं. मगर टिकट खिड़की पर औंधे मुंह गिर गईं. अब वो ‘सितारे ज़मीन पर’ के साथ कमबैक करने जा रहे हैं. मगर वो कॉन्टेंट ड्रिवन सिनेमा बताया जा रहा है. ऐसे में आमिर एक कॉमर्शियल प्रोजेक्ट से जुड़ना चाहते हैं. जो उनका बॉक्स ऑफिस सूखा खत्म कर सके. 

अगर आमिर और लोकेश के साथ आने की खबरें सही हैं, तो वो भी शाहरुख औऱ सलमान की राह पर हैं. शाहरुख ने ‘पठान’ के बाद ‘जवान’ में काम किया. जिसे एटली कुमार ने डायरेक्ट किया था. ‘जवान’ शाहरुख के 34 साल लंबे करियर की सबसे बड़ी हिट फिल्म बनी. वहीं सलमान फिलहाल ए आर मुरुगादास की फिल्म ‘सिकंदर’ में काम कर रहे हैं. खबरें हैं कि वो एटली की अगली फिल्म A6 में काम करने जा रहे हैं. जो कि दो हीरो वाली फिल्म होगी. 

खै़र, लोकेश कनगराज इन दिनों अपनी नई फिल्म ‘कुली’ की शूटिंग में बिज़ी हैं. इसमें रजनीकांत, सत्यराज और श्रुति हासन जैसे एक्टर्स काम कर रहे हैं. ये फिल्म 2025 में रिलीज़ के लिए शेड्यूल्ड है. इस फिल्म में एक नॉर्थ इंडियन स्टार के कैमियो की बात कही जा रही है. ये रिपोर्ट्स कितनी पुख्ता हैं, इसका पता ‘कुली’ की रिलीज़ के बाद ही चलेगा. 

वीडियो: अल्लू अर्जुन बाहर होने पर सलमान के साथ बनेगी एटली की एक्शन फिल्म!

Advertisement

Advertisement

()