आमिर खान की फिल्म पर कोई पैसा लगाने को तैयार नहीं, मजबूरी में लेंगे लंबा ब्रेक?
आमिर मंसूर खान की नॉवेल ONE: The Story of the Ultimate Myth पर फिल्म बनाना चाहते थे.

Aamir Khan की अगली फिल्म कौन सी होगी, इस पर एक बड़ा सवालिया निशान लगा हुआ है. कभी वो Rajkumar Hirani के साथ Dada Sahab Phalke की बायोपिक को लेकर चर्चा में आते हैं. तो कभी Lokesh Kanagaraj के साथ उनकी सुपरहीरो मूवी की खबरें उड़ने लगती है. मगर रिपोर्ट्स हैं कि उनके पास इस वक्त कोई भी सॉलिड प्रोजेक्ट नहीं. हालांकि वो अपने कजिन और डायरेक्टर Mansoor Khan के नॉवेल One पर एक मूवी जरूर प्लान कर रहे. मगर दिक्कत ये है कि कोई भी इन्वेस्टर उसे फंड करने को तैयार नहीं हो रहा. रिपोर्ट्स हैं कि इससे तंग आकर आमिर ने लंबे समय के लिए फिल्मों से दूरी बनाने का फैसला किया है. हालांकि लल्लनटॉप इसकी पुष्टि नहीं करता.
कुछ मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, आमिर काफी समय से ONE: The Story of the Ultimate Myth नॉवेल पर फिल्म बनाने पर विचार कर रहे थे. इसमें दो ऐसे अजनबियों की कहानी है, जो एक पार्क में अचानक मिलते हैं. उनमें से जो महिला है, वो पहले सोशियोलॉजी की प्रोफेसर और एक्टिविस्ट थी. लेकिन अब वो अपनी याददाश्त खोने लगी है. दूसरी तरफ़ जो आदमी है, वो पहले एक मशहूर जेनेटिक इंजीनियर था. लेकिन अब वो पूरी दुनिया से छिपकर रह रहा है. वो काफी इंटेलिजेंट है. मगर उसके आसपास रह रहे लोगों को उस पर शक़ हो रहा. खैर, वो आदमी अपने थॉट्स एक किताब के ज़रिए उस महिला के साथ शेयर करता है. फिर आगे क्या होता है, नॉवेल में उसकी कहानी है.
चर्चा है कि आमिर इसी आइडिया पर काम करना चाहते हैं. मगर कोई भी इन्वेस्टर फिल्म पर पैसे लगाने को तैयार नहीं. इस मूवी से कोई बतौर को-पार्टनर भी नहीं जुड़ना चाहता. अब इसके पीछे फिल्म का थीम दोषी है या कुछ और, कहना कठिन है. लेकिन बताया जा रहा है कि मंसूर इस बात से काफी खफा हैं. मंसूर ने 'कयामत से कयामत तक', 'जो जीता वही सिकंदर', 'अकेले हम अकेले तुम' और 'जोश' जैसी फिल्में डायरेक्ट कर चुके हैं. मगर इस प्रोजेक्ट को लेकर इन्वेस्टर्स की खींचा-तानी देखकर वो अपने पांव पीछे खींच सकते हैं. यदि ऐसा हुआ, तो 'सीक्रेट सुपरस्टार' और 'लाल सिंह चड्ढा' वाले अद्वैत चंदन इसे डायरेक्ट करेंगे. मगर ऐसा तभी होगा, जब कोई इन्वेस्टर इस फिल्म पर पैसे लगाने को तैयार होगा.
दावा तो ये भी किया जा रहा है कि यदि इस प्रोजेक्ट पर बात नहीं बनी, तो आमिर लंबे समय के लिए फिल्मों से दूर हो जाएंगे. दूसरी तरफ ये भी बताया जा रहा है कि वो राजकुमार हीरानी के साथ दादा साहब फाल्के बायोपिक और '3 इडियट्स' के सीक्वल पर काम कर रहे. हालांकि इनमें से भी किसी भी मूवी को ऑफिशियली अनाउंस नहीं किया गया है.
वीडियो: आमिर खान अपनी ही सुपरहिट फिल्म के सीक्वल में नजर नहीं आएंगे?

