आमिर खान ने बताया, "डर पहले मुझे ऑफर हुई थी, मगर फिर शाहरुख..."
Shahrukh Khan की तारीफ़ करते हुए बोले Aamir Khan- Darr के लिए शाहरुख परफेक्ट थे.

Darr. Shahrukh Khan के करियर की ब्रेकथ्रू फिल्म. ये फिल्म पहले Aamir Khan के साथ बनने वाली थी. शाहरुख का किरदार आमिर को ऑफर किया गया था. मगर जब तक आमिर सोच-विचार करते, तब तक शाहरुख हां कह चुके थे. हालांकि अब आमिर का भी मानना है कि शाहरुख इस रोल के लिए सही थे. दरअसल, आमिर खान के जन्मदिन पर 14 से 27 मार्च तक स्पेशल फ़िल्म फेस्टिवल कराया जा रहा है. इसमें आमिर की 22 बेहतरीन फिल्में एक बार फिर सिनेमाघरों में रिलीज की जाएंगी. इसी की घोषणा के लिए हुए इवेंट में आमिर ने कई अनसुने किस्से सुनाए. फिल्म 'डर' से जुड़ा ये वाकया सुनाते हुए उन्होंने कहा -
"यश चोपड़ा ने डर का राहुल मेहरा का किरदार मुझे भी ऑफर किया था. शाहरुख भी उनकी चॉइस थे. मगर जब तक मैं कुछ सोच पाता, शाहरुख इस रोल के लिए हां कह चुके थे. मुझे लगा कि मैं इस किरदार के साथ न्याय नहीं कर पाऊंगा. आज इतने सालों बाद मैं बताना चाहता हूं कि जो हुआ, अच्छा हुआ. इस कैरेक्टर के लिए यश चोपड़ा जो सुर चाहते थे, शाहरुख ने वो बराबर पकड़ा. मैं ये किरदार करता, तो कुछ और ही हो जाता. शाहरुख इस रोल के लिए परफेक्ट रहे."
1993 में आई इस फिल्म में सनी देओल और जूही चावला भी अहम किरदारों में थे. शाहरुख का रोल नेगेटिव था. मुख़्तसर में कहानी यूं है कि किरण (जूही चावला) और राहुल (शाहरुख) कॉलेज में साथ पढ़ते थे. किरण को पाने के लिए राहुल हर हद से गुज़र जाने को तैयार था. नेवल ऑफिसर सुनील (सनी देओल) से किरण की सगाई और शादी के बाद भी राहुल किरण का पीछा नहीं छोड़ता. इस रोल में अपनी परफॉरमेंस से शाहरुख ने फैन्स और क्रिटिक, दोनों की तारीफें बटोरी.
# आमिर की 22 आइकॉनिक फिल्में होंगी री-रिलीज़
आमिर 14 मार्च को 60 साल के हो रहे हैं. उनके सम्मान में PVR खास फिल्म फेस्टिवल कराने जा रहा है. टाइटल है ‘आमिर खान: सिनेमा का जादूगर’. ये फेस्टिवल आमिर खान के भारतीय सिनेमा में दिए गए योगदान को सेलिब्रेट करेगा. इसमें आमिर की 22 आइकॉनिक फिल्में री-रिलीज़ की जाएंगी. इसमें 'दंगल', '3 इडियट्स', 'लगान', 'हम हैं राही प्यार के', 'तारे ज़मीन पर', और ‘सरफरोश’ जैसी फिल्में शामिल हैं. दर्शक ये 22 फिल्में एक बार फिर बड़े पर्दे पर देख सकेंगे. ये फेस्टिवल 14 से 27 मार्च तक चलेगा.
बहरहाल, आमिर इन दिनों अपनी अगली फिल्म 'सितारे ज़मीन पर' में मसरूफ़ हैं. ये 2007 में आई 'तारे ज़मीन पर' का सीक्वल नहीं है. मगर थीम कुछ मिलती-जुलती है. ये डाउन सिंड्रोम से जूझ रहे बच्चों पर आधारित कहानी है. आर एस प्रसन्ना के डायरेक्शन में बन रही, इस फिल्म में जेनेलिया डिसूज़ा भी नज़र आएंगी. पहले ये फिल्म इसी साल क्रिसमस पर रिलीज़ होने वाली थी. मगर हालिया रिपोर्ट्स के मुताबिक आमिर इस फिल्म की रिलीज़ में कोई जल्दबाज़ी नहीं करना चाहते. वो कायदे से समय लेकर इस पर काम करना चाहते हैं. ऐसे में ‘सितारे ज़मीन पर’ 2026 में सिनेमाघरों में उतर सकती है. ये स्पैनिश फिल्म ‘कैंपियोनेस’ की रीमेक है. वहीं शाहरुख इन दिनों फिल्म ‘किंग’ पर काम कर रहे हैं. मई से इस फिल्म का शूट शुरू होगा. फिल्म में शाहरुख के साथ उनकी बिटिया सुहाना, अभिषेक बच्चन और ‘मुंज्या’ फेम अभय वर्मा जैसे एक्टर्स काम कर रहे हैं. इंट्रेस्टिंग बात ये कि ‘किंग’ भी फ्रेंच थ्रिलर फिल्म ‘लियोन- द प्रोफेशनल’ की रीमेक है. इस फिल्म को ‘पठान’ फेम सिद्धार्थ आनंद डायरेक्ट करने वाले हैं. ‘किंग’ भी 2026 में रिलीज़ होगी.
वीडियो: आदिमानव बनकर सड़कों पर क्यों घूम रहे हैं आमिर खान?

.webp?width=60)

