एटली और लोकेश की मासी एक्शन फिल्म के बाद अल्लू अर्जुन सुपरहीरो बनने जा रहे हैं?
अल्लू अर्जुन की 23वीं और 25वीं फिल्म पर तो चर्चा हो रही है. मगर AA24 सबसे बड़ा सरप्राइज़ होने वाली है.

एक के बाद एक Allu Arjun की फिल्म लाइनअप से पर्दा उठता जा रहा है. फिलहाल वो Atlee के साथ AA22XA6 की शूटिंग कर रहे हैं. इसके बाद वो Lokesh Kanagaraj की AA23 में नज़र आएंगे. अब खबर आ रही है कि वो Basil Joseph के साथ भी एक मूवी प्लान कर रहे हैं. इस फिल्म को AA25 का टेन्टेटिव टाइटल दिया जा रहा है. AA25 यानी अल्लू अर्जुन की 25वीं फिल्म. इस बात ने एक तरफ लोगों को काफी एक्साइटेड कर दिया, वहीं दूसरी तरफ अर्जुन की 24वीं मूवी को लेकर भी सवाल पैदा कर दिए हैं.
बेसिल ने 'मिन्नल मुरली' जैसी बेहतरीन सुपरहीरो फिल्म को डायरेक्ट किया है. साथ ही 'पॉनमैन' और 'सूक्ष्मदर्शिनी' जैसी फिल्मों में उन्होंने बतौर एक्टर काफी तारीफ़ें बटोरी हैं. वैरायटी इंडिया ने बेसिल के एक करीबी सूत्र के हवाले से AA25 वाली न्यूज को कन्फर्म किया है. उन्होंने जानकारी दी कि इस फिल्म को गीता आर्ट्स के बैनर तले बनाया जाएगा. ये अर्जुन के पिता और वेटरन प्रोड्यूसर अल्लू अरविन्द की प्रोडक्शन कंपनी है. मगर जब अर्जुन के करीबी सूत्र से इस बारे में पूछा गया, तो उन्होंने बताया कि अबतक इस प्रोजेक्ट पर कोई कन्फर्मेशन नहीं है. लगे हाथ बेसिल की टीम से भी इस बारे में सवाल कर लिया गया. इस पर एक टीम मेम्बर ने बताया,
"फिलहाल इस प्रोजेक्ट का पेपरवर्क चालू है. हम इसकी टर्म्स एंड कन्डीशंस पर काम कर रहे हैं. उम्मीद है कि ये मूवी अगले दो हफ्तों में ऑफिशियली साइन हो जाएगी."
मतलब अर्जुन और बेसिल के फैंस को अभी AA25 प्रोजेक्ट पर किसी ठोस न्यूज के लिए थोड़ा और इंतज़ार करना होगा. पर यदि वो साथ आते हैं, तो ये वाकई दर्शकों को कुछ नया देकर जाएगा. अब आते हैं दोबारा उसी सवाल पर कि लोकेश कनगराज की AA23 के बाद बेसिल वाली फिल्म को AA25 क्यों कहा जा रहा है? आखिर अर्जुन की 24वीं मूवी कौनसी है? तो बताया जा रहा है कि वो लोकेश की मूवी के बाद 'पुष्पा 3' पर काम कर सकते हैं. मेकर्स 'पुष्पा 2' के एंड में ही इस फिल्म की अनाउंसमेंट कर चुके हैं. इसलिए संभावना जताई जा रही है कि वो इस मूवी पर काम करने वाले हैं. मगर फिलहाल इस बारे में कुछ भी कन्फर्म नहीं है.
वैसे ये पहला मौका नहीं है जब अर्जुन और बेसिल के साथ में फिल्म करने की चर्चा उठी हो. इससे पहले उनके 'शक्तिमान' प्रोजेक्ट पर कोलैब करने की खबरें भी उड़ी थीं. दरअसल, सोनी एंटरटेनमेंट ने इस सुपरहीरो प्रोजेक्ट को डायरेक्ट करने की जिम्मेदारी बेसिल को ही दी थी. इसमें रणवीर सिंह को लीड रोल देने की तैयारी थी. मगर मुकेश खन्ना उनके नाम पर तैयार नहीं हुए. उन्होंने इच्छा जताई कि रणवीर की जगह अर्जुन बेहतर 'शक्तिमान' हो सकते हैं. इस खबर ने जल्द ही काफी आग पकड़ ली थी. ऐसे में बेसिल को खुद ही बताना पड़ा कि वो इस सुपरहीरो प्रोजेक्ट को केवल रणवीर के साथ बनाएंगे, किसी और के साथ नहीं.
तब तो अर्जुन और उनके साथ फिल्म करने का मामला जम नहीं पाया था. देखना होगा कि AA25 प्रोजेक्ट पर भी कुछ बात बन पाती है या नहीं. वैसे इस संभावना से इन्कार नहीं किया जा सकता कि AA25 भी एक सुपरहीरो फिल्म हो सकती है. बेसिल को उसी जॉनर के लिए जाना जाता है. प्लस अल्लू अर्जुन भी अब उस तरह का काम करना चाहते हैं. तभी उन्होंने ‘शक्तिमान’ में इंटरेस्ट दिखाया था.
वीडियो: अल्लू अर्जुन नहीं रणवीर सिंह के साथ ही बनेगी शक्तिमान, बेसिल जोसेफ ने क्या बताया?

.webp?width=60)
