The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Entertainment
  • A fanmade Dunki teaser starring Shahrukh Khan is going viral on social media

शाहरुख की 'डंकी' का ये जबरदस्त फैन मेड टीज़र फिल्म के लिए आपका इंतज़ार बढ़ा देगा

इस टीज़र में शाहरुख खान का किरदार दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में भटकता दिखाई देता है. अगर मेकर्स ने भी ऐसा ही टीज़र ला दिया, तो फैन्स की दीवाली हो जाएगी.

Advertisement
pic
23 अक्तूबर 2023 (पब्लिश्ड: 04:48 PM IST)
dunki teaser, shahrukh khan,
'डंकी' के फैनमेड टीज़र का स्क्रीनशॉट.
Quick AI Highlights
Click here to view more

Shahrukh Khan की फिल्म Dunki का बेसब्री से इंतज़ार हो रहा है. क्योंकि ये Rajkumar Hirani के साथ शाहरुख की पहली फिल्म है. दूसरी वजह ये कि शाहरुख 2023 में अलग लेवल के फॉर्म में हैं. वो अब तक साल की दो हाइएस्ट ग्रोसर दे चुके हैं. 'डंकी' से भी फैन्स को ऐसी ही उम्मीद है. कुछ दिन पहले फिल्म का पहला ऑफिशियल पोस्टर रिलीज़ किया गया. बताया गया कि ये फिल्म का इंटरनेशनल पोस्टर है. क्योंकि उस पर रिलीज़ डेट 21 दिसंबर लिखी थी. अब टीज़र का वेट हो रहा है. इसी बीच 'डंकी' का एक फैन मेड टीज़र सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

शाहरुख खान के किसी फैन ने 'डंकी' का 40 सेकंड का एक टीज़र बनाया है. ऑफिशियल पोस्टर की तरह इस टीज़र में भी दुनिया के नक्शे को काफी स्पेस दिया गया. इसमें दिखता है कि शाहरुख खान का किरदार दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में घूम रहा है. किसी ठंडे देश मेंं लकड़ियां काटकर कंधे पर ले जा रहा है. किसी रेगिस्तान में रेत से पांवों को जलने से बचाने के लिए जूट के बोड़े का जूता पहनकर घूम रहा है. किसी युद्ध ग्रस्त देश में खड़े होकर उसकी विभीषिका देख रहा है. एक सीन में शाहरुख का किरदार एक एरोप्लेन से लटका भी नज़र आता है. मगर दिलचस्प बात ये कि इस पूरे वीडियो में कहीं पर भी शाहरुख खान की शक्ल नज़र नहीं आती. न ही कोई डायलॉग सुनाई आता. और ये टीज़र बनाने वाले शख्स का सोचा-समझा फैसला है.

मेकर्स ने जो पहला पोस्टर रिलीज़ किया है, उसमें भी सिर्फ शाहरुख की पीठ ही दिख रही है. इसलिए किसी को पता नहीं है कि 'डंकी' में उनका लुक कैसा होने वाला है. शायद इसीलिए उस फैन ने टीज़र में शाहरुख का चेहरा नहीं दिखाया. 'डंकी' के आधिकारिक पोस्टर में शाहरुख के किरदार के बारे में थोड़ा सा बताया गया है. वो इस फिल्म में एक फौजी का रोल करने वाले हैं. वो फौजी किसी से किया अपना वादा पूरा करने के लिए दुनियाभर घूमता है. फिर अपने वतन भारत लौटता है.

'डंकी' की रिलीज़ डेट बड़े पचड़े में फंसी हुई है. अनाउंसमेंट टीज़र के साथ बताया गया था कि राजू हिरानी और शाहरुख की ये फिल्म 22 दिसंबर को रिलीज़ होगी. पिछले दिनों प्रभास की 'सलार' को भी 22 दिसंबर पर रिलीज़ के लिए शेड्यूल कर दिया गया. अब ये बड़ा क्लैश था. सबको लग रहा था कि शाहरुख शायद अपनी फिल्म आगे-पीछे खिसका लेंगे. क्योंकि पैन-इंडिया फिल्म के साथ भिड़ना प्रैक्टिकल नहीं है. इसलिए अब 'डंकी' इंटरनेशनल मार्केट्स में एक दिन पहले 21 दिसंबर को रिलीज़ होगी. खबरें ये भी हैं कि फिल्म इंडिया में भी 'सलार' से एक दिन पहले यानी 21 दिसंबर को ही रिलीज़ हो सकती है. हालांकि इसको लेकर अब तक कोई ऑफिशियल अनाउंसमेंट नहीं की गई है.

'डंकी' में शाहरुख खान के साथ तापसी पन्नू, सतीश शाह, गुरप्रीत गुग्गी और विकी कौशल जैसे एक्टर्स काम कर रहे हैं. इस फिल्म को राजकुमार हिरानी ने डायरेक्ट किया है और शाहरुख की कंपनी रेड टिलीज़ एंटरटेनमेंट ने प्रोड्यूस किया है. हिरानी के करियर की ये पहली फिल्म होगी, जिसे विधु विनोद चोपड़ा प्रोड्यूस नहीं कर रहे. 

Advertisement

Advertisement

()