लोग ना-ना करते रहे, आमिर खान ने '3 इडियट्स 2' अनाउंस भी कर डाली!
आर माधवन ने '3 इडियट्स' का सीक्वल बनाने के आइडिया को 'इडियोटिक' यानी बेवकूफाना बताया था.

Aamir Khan और Rajkumar Hirani की ब्लॉकबस्टर जोड़ी Dadasaheb Phalke की बायोपिक बनाने वाली थी. मगर तमाम चर्चाओं के बावजूद ये फिल्म बनती नज़र नहीं आ रही. दूसरी तरफ आमिर खान ने Sitaare Zameen Par के बाद से कोई फिल्म साइन नहीं की है. इस सबके बीच ये खबर आई कि हीरानी 3 Idiots का सीक्वल लिख रहे हैं. उन्होंने कुछेक इंटरव्यूज़ में इस बात को कन्फर्म भी किया. मगर इस फिल्म से जुड़े एक्टर्स ने ऐसी किसी डेवलपमेंट का खंडन कर दिया. अब आमिर ने खुद भी इस सीक्वल के बनने की बात पक्की कर दी है. हालिया इंटरव्यू में उन्होंने बात-बात में फिल्म का बेसिक प्लॉट भी बता दिया है.
अमर उजाला से हुई बातचीत में आमिर से फाल्के बायोपिक पर सवाल किया गया था. उसका जवाब देते हुए आमिर ने '3 इडियट्स' का सीक्वल कन्फर्म कर दिया. वो कहते हैं,
"दादा साहब फाल्के की कहानी बहुत प्रेरक है. राजू हीरानी उस पर काम कर रहे थे. उसके तीन ड्राफ्टस बनाए उन्होंने. मगर वो खुश नहीं हुए. इसलिए उन्होंने फिलहाल उस मूवी को रख दिया है. शायद बाद में वो उस पर दोबारा काम करेंगे. लेकिन इस वक्त वो 3 इडियट्स 2 पर काम कर रहे हैं. वो कहानी मैंने सुनी है, जो कि बहुत अच्छी है. स्क्रिप्ट पर आगे अभी काम है लेकिन वो बहुत ही अच्छी कहानी बनी है. उसका ह्यूमर भी अच्छा है. हमारे जो किरदार आपने देखे हैं 3 इडियट्स में, उसमें उनकी ही 10 साल बाद की स्टोरी है. ये भी एक फिल्म है, जो आने वाले दिनों में मैं करूंगा."
वैसे, कुछ महीने पहले भी इस सीक्वल को लेकर खबरों का बाजार गर्म हुआ था. तब बताया गया था कि इसमें लीड कैरेक्टर्स 10-15 साल बाद एक-दूसरे से मिलेंगे. उस वक्त तक उनकी ज़िंदगी में बहुत कुछ घट चुका होगा. मगर वो फिर से नए एडवेंचर पर निकलेंगे. ओरिजिनल फिल्म में रैंचो, फरहान और राजू का किरदार आमिर, आर माधवन और शरमन जोशी ने निभाया था. मगर दिसंबर 2025 में बॉलीवुड हंगामा से हुई बातचीत में माधवन ने बताया कि उन्हें इस सीक्वल के लिए कभी अप्रोच ही नहीं किया गया. वो कहते हैं,
"3 इडियट्स का सीक्वल सुनने में अच्छा लगता है. लेकिन असल में ये थोड़ा मुश्किल काम है. अब हम तीनों- आमिर खान, शरमन जोशी और मैं, पहले से काफी बड़े हो गए हैं. ऐसे में कहानी आगे कैसे बढ़ेगी? हम अब क्या कर रहे होंगे? ये सोचने वाली बात है. लेकिन इससे अच्छी फिल्म बना पाना मुश्किल है. मैं राजू हीरानी के साथ फिर से काम करना चाहूंगा. लेकिन 3 इडियट्स का सीक्वल बनाना? मुझे लगता है कि वो थोड़ा बेवकूफ़ाना होगा.”
शरमन का भी इस मुद्दे पर कुछ ऐसा ही रुख था. उन्होंने कहा था कि इस सीक्वल के लिए उनसे किसी ने कॉन्टैक्ट नहीं किया है. मगर अप्रैल 2026 में आमिर ने खुद ही इस प्रोजेक्ट को हरी झंडी दे दी है. वैसे, आमिर ने ये भी बताया कि अभी उन्होंने कोई मूवी साइन नहीं की है. उनके पास कई स्क्रिप्ट्स हैं, जिनमें से एक को वो महीनेभर में फाइनल कर लेंगे. आमिर ने बताया कि वो इस साल सितंबर में अपनी अगली फिल्म की शूटिंग शुरू करेंगे. संभावना जताई जा रही है कि ये फिल्म '3 इडियट्स' का सीक्वल हो सकती है.
वीडियो: ऋतिक रोशन ने बताया किन फिल्मों को रिजेक्ट करने का उन्हें बेहद अफसोस है

