The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Election
  • tmc mamata banerjee EVMs tampered bhabanipur strongroom West bengal election

'ये महाराष्ट्र, बिहार और दिल्ली नहीं... ', ममता बनर्जी ने दी चेतावनी, बंगाल में स्ट्रॉन्ग रूम पर बवाल जारी

West Bengal की मुख्यमंत्री Mamata Banerjee ने कहा कि अगर कोई EVM मशीन चुराने या गिनती में छेड़छाड़ करने की कोशिश करता है, तो तृणमूल कांग्रेस (TMC) जान की बाजी लगाकर लड़ेगी.

Advertisement
pic
1 मई 2026 (पब्लिश्ड: 09:57 AM IST)
tmc mamata banerjee EVMs tampered bhabanipur strongroom West bengal election
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी. (फाइल फोटो: इंडिया टुडे)
Quick AI Highlights
Click here to view more

पश्चिम बंगाल में 4 मई को होने वाली काउंटिंग से पहले बवाल बढ़ गया है. मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने EVM में कथित गड़बड़ियों को लेकर कड़ी चेतावनी जारी की है. उन्होंने कहा कि अगर कोई EVM मशीन चुराने या गिनती में छेड़छाड़ करने की कोशिश करता है, तो तृणमूल कांग्रेस (TMC) जान की बाजी लगाकर लड़ेगी. टीएमसी ने एक CCTV फुटेज जारी करके चुनाव आयोग और बीजेपी पर मिलीभगत का आरोप लगाया है. 

इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, 30 अप्रैल को टीएमसी ने दावा किया कि काउंटिंग से पहले बैलेट बॉक्स से छेड़छाड़ की जा रही है. पार्टी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो शेयर करते हुए आरोप लगाया कि पार्टी प्रतिनिधियों की मौजूदगी के बिना बैलेट बॉक्स खोले जा रहे हैं. इसके बाद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी सखावत मेमोरियल गर्ल्स स्कूल पहुंच गईं. जहां भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र के बैलेट रखे हुए हैं. 

ममता बनर्जी ने क्या बताया?

स्ट्रॉन्गरूम में तीन घंटे से ज्यादा समय बिताने के बाद उन्होंने कहा, 

“ये महाराष्ट्र, बिहार और दिल्ली नहीं… अगर यहां कोई EVM मशीन चुराने या गिनती में छेड़छाड़ करने की कोशिश करता है, तो हम जान की बाजी लगाकर लड़ेंगे.”

बाहर निकलने के बाद बनर्जी ने कहा कि उन्होंने CCTV फुटेज देखने के बाद यह कदम उठाया. उन्होंने कहा, 

“यहां EVM के लिए एक स्ट्रॉन्ग रूम है. हमने पाया कि कई जगहों पर हेरफेर हो रहा है. जब मैंने इसे TV पर देखा, तो मुझे लगा कि मुझे यहां आना चाहिए.”

उन्होंने आगे कहा कि केंद्रीय बलों ने शुरू में उन्हें अंदर जाने से रोका, लेकिन बाद में जब उन्होंने एक उम्मीदवार के तौर पर अपने अधिकारों का जोर देकर दावा किया, तो उन्हें अंदर जाने दिया गया. 

TMC ने लगाए गंभीर आरोप

इस बीच, तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने BJP और चुनाव आयोग पर अपना हमला तेज कर दिया है. X पर पोस्ट करते हुए पार्टी ने आरोप लगाया,

"उन्होंने (बीजेपी) दूसरे राज्यों से अपने लोग बुलाए हैं ताकि वे नेताजी इंडोर स्टेडियम के बाहर के इलाके को घेर लें. ऐसा करके वे मीडिया के सामने एक तमाशा खड़ा कर रहे हैं, ताकि अपना डर ​​छिपा सकें. हमें भीड़ जुटाने की जरूरत नहीं है. मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के बस एक इशारे पर, 10,000 लोग कुछ ही मिनटों में उस इलाके में पहुंच जाएंगे."

पार्टी ने कहा कि वह कानून के सम्मान में शांति बनाए रख रही है, डर से नहीं. पार्टी ने चेतावनी देते हुए कहा, 

“हम शांति चुनते हैं क्योंकि हम कानून का सम्मान करते हैं. एक भी EVM को छूने की कोशिश की तो आपको इसके नतीजे भुगतने होंगे. दीदी ने खुद स्ट्रांगरूम साइट्स का दौरा करके रास्ता दिखाया है.”

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने अपने कार्यकर्ताओं से काउंटिंग सेंटर्स पर चौबीस घंटे पहरा देने की अपील की है.

TMC ने क्या आरोप लगाए हैं?

- जब स्ट्रॉन्ग रूम खोला गया तो हमें क्यों नहीं बताया गया. 

- स्ट्रॉन्ग रूम में कौन था? क्या कर रहा था?

- EVM के साथ छेड़छाड़ की गई है.

- BJP और चुनाव आयोग की मिलीभगत.

- बिना आधिकारिक सूचना के स्ट्रॉन्ग रूम एरिया में एक्टिविटी.

चुनाव आयोग का जवाब

चुनाव आयोग ने तृणमूल कांग्रेस के आरोपों को खारिज किया है. इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, आयोग ने बताया: - 

- 7 EVM स्ट्रॉन्ग रूम पूरी तरह से सील और सुरक्षित हैं.

- सीलिंग कैंडिडेट्स, एजेंट्स और ऑब्जर्वर की देखरेख में हुई.

- वीडियो में दिख रही गतिविधि EVM नहीं पोस्टल बैलेट से जुड़ी है.

- सभी पार्टियों को पहले से RO के जरिए जानकारी दी गई.

- ईमेल के माध्यम से भी सूचना दी गई.

- पोस्टल बैलेट सेग्रीगेशन शाम 4 बजे से नियम के अनुसार शुरू हुआ.

- TMC के शेयर किए गए CCTV में शाम 5.55 बजे का समय दिख रहा है.

- EVM स्ट्रॉन्ग रूम पूरी तरह सुरक्षित, लॉक और अनछुए.

ये भी पढ़ें: बंगाल में स्ट्रॉन्ग रूम को लेकर बवाल, छेड़छाड़ का आरोप लगा ममता बनर्जी खुद पहुंच गईं

बीजेपी ने साधा निशाना

बीजेपी ने इस पूरे घटनाक्रम को लेकर टीएमसी पर निशाना साधा है. बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने दावा किया कि टीएमसी ने रिजल्ट से पहले ही हार मान ली है. उन्होंने कहा,

‘ममता बनर्जी टीएमसी की स्थिति जानती है. सरकार सत्ता से बाहर हो रही है. इसके साथ ही कुछ महीनों में पार्टी भी खत्म हो जाएगी. इसलिए ये लौ के बुझने से पहले फड़फड़ाना मात्र है. पश्चिम बंगाल के लोग कब तक यह ड्रामा देखते रहेंगे? इसका कोई असर नहीं होगा.’

पश्चिम बंगाल में 23 और 29 अप्रैल को दो फेज में वोटिंग हुई थी. चुनाव के बाद आए अधिकतर एग्जिट पोल्स ने बंगाल में बीजेपी को निर्णायक बढ़त मिलने का अनुमान लगाया है. वहीं कुछ ने टीएमसी को भी बढ़त दिलाई है. अंतिम नतीजे 4 मई को आएंगे.

वीडियो: दी लल्लनटॉप शो: एग्जिट पोल में हार गईं ममता बनर्जी? क्या BJP बनाएगी पश्चिम बंगाल में सरकार?

Advertisement

Advertisement

()