तेलंगाना में 1 बजे तक 36 फीसदी से ज्यादा मतदान, किन बड़े चेहरों ने लिया वोटिंग में हिस्सा?
Telangana में एक ही चरण में मतदान हो रहा है. चुनाव आयोग के अनुसार 1 बजे तक राज्य में 36.68 फीसदी मतदान हो चुका है.

तेलंगाना (Telangana) में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान जारी है. राज्य में केवल एक ही चरण में मतदान हो रहा है. चुनाव आयोग के अनुसार सुबह 1 बजे तक राज्य में 36.68 फीसदी मतदान हो चुका है. राज्य में नेशनल और रीजनल सहित 109 दलों के 2,290 उम्मीदवार मैदान में हैं. स्टेट इलेक्शन कमीशन के मुताबिक, पूरे राज्य में 3.17 करोड़ से ज्यादा वोटर्स हैं. इनमें से लगभग 8 लाख लोग पहली बार वोट डालेंगे.
तेलंगाना में कुल 35 हजार 655 मतदान केंद्र बनाए गए हैं. जिनमें से 511 मतदान केंद्र बेहद संवेदनशील हैं. ये सभी छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र की सीमा से लगे हैं और नक्सल प्रभावित हैं. जनगांव के एक मतदान केंद्र पर कांग्रेस, बीजेपी और बीआरएस के कार्यकर्ताओं के समूहों के बीच झड़प हो गई. हालांकि पुलिस के हस्तक्षेप से स्थिति पर काबू पाया गया.
ये भी पढ़ें: 'बेशर्म, झूठ बोलते हैं... ', हंसाने वाले कपिल इंडिगो पर इतना क्यों भड़क गए, गलती किसकी निकली?
इन लोगों ने किया मतदानइन चुनावों में कई बड़े नेता और सेलिब्रिटी भी बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं. केंद्रीय मंत्री और तेलंगाना भाजपा के अध्यक्ष जी किशन रेड्डी ने हैदराबाद के बरकतपुरा इलाके में वोटिंग की. जबकि पूर्व क्रिकेटर और कांग्रेस प्रत्याशी मोहम्मद अजहरुद्दीन ने अपने पूरे परिवार समेत मतदान किया.
फिल्म अभिनेता श्रीकांत ने जुबली हिल्स स्थित एक मतदान केंद्र पर मतदान किया. इस दौरान उन्होंने कई लोगों से वोट डालने की अपील की थी. वहीं फिल्म स्टार वेंकटेश दग्गुबाती ने रंगा रेड्डी जिले के राजेंद्र नगर निर्वाचन क्षेत्र में वोट डाला. RRR स्टार जूनियर NTR अपनी पत्नी लक्ष्मी प्रणति और मां शालिनी नंदमुरी के साथ वोट देने मतदान केंद्र पहुंचे.
वहीं मेगास्टार चिरंजीवी ने भी लाइन में लगकर वोटिंग की. जबकि फिल्म निर्माता एसएस राजामौली ने अपनी पत्नी रमा राजामौली के साथ वोटिंग की.
पिछली बार क्या रहा था नतीजा?जब 2018 के विधानसभा चुनाव के नतीजे आए तो 119 सदस्यीय विधानसभा में BRS को सबसे ज्यादा 88 सीटें मिलीं थी. दूसरे स्थान पर रही कांग्रेस के 19 उम्मीदवार चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचे. वहीं, असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM को सात, TDP को दो, BJP को एक, AIFB (ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक) को एक सीट मिली. इसके अलावा एक सीट पर निर्दलीय प्रत्याशी भी जीते थे. बताते चलें कि 2 जून 2014 को तेलंगाना का गठन हुआ था. तब से एक दशक में यहां दो विधानसभा चुनाव हो चुके हैं. और यहां के CM चंद्रशेखर राव की अगुवाई वाली पार्टी BRS (पहले TRS) सत्ता में है.
वीडियो: सिल्क्यारा सुरंग में फंसे मजदूरों ने कैसे काटे 17 दिन, पता लगी असली कहानी

