The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Election
  • Tamilnadu nda seat sharing deal final aiadmk senior partner bjp grab 27 seats

तमिलनाडु में NDA का सीट बंटवारा, 'छोटे भाई' BJP को कितनी सीटें मिलीं?

तमिलनाडु में 23 अप्रैल को एक ही फेज में विधानसभा चुनाव होने हैं. इस बीच राज्य के मुख्य विपक्षी गठबंधन एनडीए ने सीट शेयरिंग का पेच सुलझा लिया है. राज्य में AIADMK की अगुआई वाले इस गठबंधन ने इस मामले में DMK की अगुआई वाली सत्तारूढ़ गठबंधन पर बढ़त हासिल की है. मुख्यमंत्री एमके स्टालिन के नेतृत्व वाले गठबंधन की स्थिति अभी साफ नहीं हुई है.

Advertisement
pic
23 मार्च 2026 (पब्लिश्ड: 11:20 PM IST)
AIADMK BJP DMK tamilnadu piyush goyal palaniswami
एनडीए में सीट शेयरिंग पर सहमति बन गई है. (इंडिया टुडे)

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव को लेकर एक बड़ा अपडेट है. एनडीए गठबंधन में सीटों के तालमेल पर बात बन गई है. समझौते के तहत ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कझगम (AIADMK) को 178 सीटें मिली हैं. वहीं बीजेपी 27 सीटों पर चुनाव लड़ेगी. इसके अलावा पट्टली मक्कल काची (PMK) को 18 सीटें और अम्मा मक्कल मुनेत्र कझगम (AMMK) को 11 सीटें मिली हैं.

सीट बंटवारे की घोषणा चेन्नई में AIADMK के पार्टी मुख्यालय में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में की गई. AIADMK चीफ पलानीस्वामी ने इसकी घोषणा की. इस कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री और तमिलनाडु बीजेपी के प्रभारी पीयूष गोयल, तमिलनाडु बीजेपी के अध्यक्ष नैनार नाग्रेंद्रन, PMK के अध्यक्ष अंबुमणि रामदास और AMMK महासचिव टीटीवी दिनाकरन भी शामिल हुए.

टीटीवी दिनाकरन ने कुछ महीने पहले एनडीए छोड़ दिया था. लेकिन एक बार फिर से उनकी वापसी हो गई है. उन्होंने पिछले दिनों केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी. इस मुलाकात में सीट बंटवारे समेत दूसरे मुद्दों पर सहमति बन गई. उनकी पार्टी AMMK को 11 सीटें मिली हैं. दूसरी तरफ बीजेपी ने राज्य में सबसे सीनियर पार्टनर AIADMK से 30 सीटों की डिमांड की थी. लेकिन बातचीत के दौरान 27 सीटों पर सहमति बनी.

PMK की सीटें कम हुईं
साल 2021 के विधानसभा चुनाव में PMK को 23 सीटें मिली थीं. तब उनकी पार्टी एकजुट थी. अब पिता-पुत्र में नेतृत्व को लेकर हुए विवाद के बाद पार्टी का विभाजन हो गया है. एक गुट का नेतृत्व अंबुमणि रामदास कर रहे हैं. वहीं दूसरे गुट का नेतृत्व पार्टी के संस्थापक डॉ. एस रामदास कर रहे हैं. उन्होंने दिवंगत मुख्यमंत्री जयललिता की करीबी सहयोगी रहीं वी.के. शशिकला द्वारा गठित नई पार्टी के साथ गठबंधन किया है.

पीयूष गोयल और के पलानीसामी ने बताया कि पूर्व केंद्रीय जहाजरानी मंत्री जी.के. वासन अभी कुछ और छोटी पार्टियों के साथ सीट बंटवारे को लेकर बात कर रहे हैं. समझौता होने की स्थिति में उनके प्रत्याशियों को AIADMK या फिर बीजेपी के सिंबल पर एडजस्ट किया जा सकता है. 

तमिलनाडु में फिलहाल द्रविड़ मुनेत्र कझगम के नेतृत्व वाले गठबंधन की सरकार है. DMK चीफ एमके स्टालिन राज्य के मुख्यमंत्री हैं. इसके अलावा एक्टर विजय भी अपनी नई पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) के साथ चुनावी मैदान में हैं. राज्य की 234 विधानसभा सीटों के लिए 23 अप्रैल को एक ही फेज में चुनाव होने वाले हैं. 

वीडियो: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और राज्यपाल के बीच राजनीतिक विवाद क्यों?

Advertisement

Advertisement

()