The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Election
  • pm narendra modi jhalmuri tmc jharkhand cm hemant soren landing denied west bengal election

'PM मोदी झालमुड़ी खाने गए तो हेमंत सोरेन का हेलीकॉप्टर लैंड नहीं होने दिया,' TMC का बड़ा आरोप

PM Narendra Modi Jhargram Rally: तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने आरोप लगाया कि पीएम नरेंद्र मोदी की वजह से झारखंड के मुख्यमंत्री Hemant Soren के हेलीकॉप्टर को लैंडिंग की अनुमति नहीं दी गई. TMC ने आदिवासी समुदाय के सम्मान को लेकर सवाल किए हैं.

Advertisement
pic
20 अप्रैल 2026 (अपडेटेड: 20 अप्रैल 2026, 10:34 AM IST)
pm modi jhalmuri, Hemant Soren, Narendra Modi, jhalmuri
पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम में झालमुड़ी खाते पीएम नरेंद्र मोदी (दाएं). (फोटो-X @narendramodi)
Quick AI Highlights
Click here to view more

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम जिले में चुनावी रैली कर रहे थे. रैली के बाद उन्हें ‘झालमुड़ी’ खाने की तलब हुई. कई जगह पर इसे ‘मुरमुरा’ या ‘लाई’ भी कहते हैं. पीएम सड़क किनारे एक दुकान पर गए और झालमुड़ी खरीद ली. सोशल मीडिया पर इस वाकये का एक वीडियो भी शेयर किया. लेकिन तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने इस मामले में बड़ा आरोप लगा दिया है. TMC ने दावा किया कि पीएम मोदी के झालमुड़ी खाने की वजह से झाड़ग्राम में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के हेलीकॉप्टर को लैंड करने की इजाजत नहीं दी गई. 

रविवार, 19 अप्रैल का दिन था. पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चुनावी रैली खत्म हो चुकी थी. लेकिन झालमुड़ी खाने की वजह से उनके कार्यक्रम को एक्सटेंड कर दिया. इस बीच झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनकी पत्नी और विधायक कल्पना सोरेन झाड़ग्राम लैंड करने वाले थे.

वे दोपहर में दांतन और केशियारी में टीएमसी की बैठक में शामिल होने आए थे. लेकिन टीएमसी का कहना है कि पीएम के औचक प्लान की वजह से उनके हेलीकॉप्टर को लैंड नहीं करने दिया गया. पार्टी ने एक पोस्ट में तंज भरे लहजे में लिखा, 

‘चूंकि प्रधानसेवक को झाड़ग्राम में झालमुड़ी खानी थी, इसलिए झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन और उनकी पत्नी को लैंडिंग की अनुमति नहीं दी गई. ये उनकी आदिवासी विरोधी सोच को दर्शाता है. दोनों नेताओं को घंटो इंतज़ार करना पड़ा. फिर आखिर में मीटिंग अटेंड किए बिना ही उन्हें वापस रांची लौटना पड़ा.’

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन आदिवासी समुदाय से आते हैं. मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की पार्टी ने कहा कि यह दिखाता है कि पीएम मोदी आदिवासी नेताओं का कितना आदर करते हैं. TMC ने यह भी दावा किया कि पीएम मोदी झाड़ग्राम आदिवासी वोटरों से अपील करने आए थे, लेकिन जाते-जाते उन्होंने खुद उनका अपमान कर दिया.

पीएम मोदी ने अपने ऑफिशियल X हैंडल से झालमुड़ी खाने की तस्वीरें और वीडियो शेयर किए. उन्होंने लिखा कि ‘आज का दिन बहुत हेवी था और इस बीच मशहूर झालमुड़ी का सेवन किया गया.’ सोशल मीडिया पर इस वीडियो ने खूब सुर्खियां बटोरीं. दुकानदार विक्रम शॉ के चेहरे पर भी खुशी साफ़ झलक रही थी. 

पश्चिम बंगाल में इस हफ्ते चुनाव है. सत्तारूढ़ दल और विपक्षी पार्टियां अपनी-अपनी चुनावी रैलियों में एक-दूसरे पर हावी होने की कोशिश में जुटे हैं. ऐसे में झालमुड़ी पर भी सियासत गर्मा गई. बंगाल में विधानसभा चुनाव दो चरणों- 23 अप्रैल और 29 अप्रैल में होगा और नतीजे 4 मई को आएंगे.

वीडियो: पीएम मोदी ने 'राष्ट्र के नाम संबोधन' में 59 बार कांग्रेस का नाम लिया; Mallikarjun Kharge और विपक्ष क्यों भड़का?

Advertisement

Advertisement

()