The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Election
  • Narendra modi called Jadavpur University place of anarchy mamata Banerjee defends

जादवपुर यूनवर्सिटी को PM मोदी ने बताया 'अराजकता का अड्डा', ममता बनर्जी बोलीं, 'ये एक्सीलेंस है'

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जादवपुर यूनिवर्सिटी को अराजकता का अड्डा बताया, जिस पर ममता बनर्जी ने आपत्ति जताई. उन्होंने इसके लिए पीएम मोदी की आलोचना की.

Advertisement
pic
25 अप्रैल 2026 (पब्लिश्ड: 09:55 PM IST)
narendra modi mamata banerjee
जादवपुर यूनिवर्सिटी पर मोदी-ममता में तकरार. (फोटो- India Today)
Quick AI Highlights
Click here to view more

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव (West Bengal Assembly Ellection 2026) के बीच जादवपुर यूनिवर्सिटी (JU) को लेकर पीएम नरेंद्र मोदी और सीएम ममता बनर्जी आमने-सामने आ गए. पीएम मोदी ने प्रदेश की टीएमसी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उसके शासनकाल में जादवपुर यूनिवर्सिटी अराजकता का अड्डा बन गया है. पहले इसकी दुनिया भर में इज्जत थी और यह राष्ट्रवाद की नींव पर बना था. PM मोदी ने कहा कि जो सरकार इस यूनिवर्सिटी को नहीं बचा पाई वो बंगाल क्या बचाएगी? ममता बनर्जी ने पीएम मोदी के इस बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने इसे विश्वविद्यालय के छात्रों का अपमान बताते हुए कहा कि जादवपुर यूनिवर्सिटी के छात्र मेहनत से अपनी जगह बनाते हैं. सवाल पूछते हैं. सोचने-समझने की क्षमता रखते हैं. ये अराजकता नहीं है बल्कि एजुकेशन और एक्सीलेंस है. 

द हिंदू की रिपोर्ट के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार, 24 अप्रैल 2026 को जादवपुर विधानसभा क्षेत्र में चुनाव प्रचार कर रहे थे. इस दौरान एक रैली में मोदी ने कहा कि पहले जादवपुर यूनिवर्सिटी (JU) की दुनिया भर में इज्जत थी. यह राष्ट्रवाद की नींव पर बना था लेकिन अब कैंपस के अंदर धमकियां मिलती हैं. दीवारों पर देश-विरोधी नारे लिखे जा रहे हैं और छात्रों को पढ़ाई पर ध्यान देने की बजाय सड़कों पर विरोध करने के लिए मजबूर किया जाता है. पीएम ने कहा,

हमें यहां अराजकता नहीं, बल्कि पढ़ाई का अच्छा माहौल चाहिए. जो सरकार इस यूनिवर्सिटी को ‘बचा’ नहीं पाई, क्या वह राज्य का भविष्य बचा पाएगी?

बता दें कि जादवपुर यूनिवर्सिटी देश और दुनिया की टॉप यूनिवर्सिटीज में गिनी जाती रही है. ममता बनर्जी और यूनिवर्सिटी के बीच रिश्ते कई बार टेंशन वाले रहे हैं. यहां के छात्रों ने ममता सरकार की आलोचना भी की है. फिर भी पीएम मोदी के बयान के बाद ममता बनर्जी ने तुरंत यूनिवर्सिटी का बचाव किया. उन्होंने कहा, 

जादवपुर यूनिवर्सिटी के होनहार छात्रों को आप इस तरह का बताते हैं? यहां के छात्र अपनी मेहनत से जगह बनाते हैं. डिग्री लेते हैं. सोचने-समझने की क्षमता रखते हैं और सवाल पूछते हैं. यह अराजकता नहीं है बल्कि शिक्षा और उत्कृष्टता है.

ममता बनर्जी ने आगे कहा कि जिसे पीएम मोदी अराजकता कह रहे हैं, वो असल में लोकतंत्र का हिस्सा है. बुलडोजर पॉलिटिक्स, धर्म के नाम पर देश को बांटना और मीडिया का सामना न करना ये असली अराजकता है. ममता ने एक रैली में यूनिवर्सिटी के छात्रों से भी अपील की कि वह मोदी के बयान का विरोध करें.  

बता दें कि NIRF 2025 रैंकिंग में जेयू पूरे भारत की यूनिवर्सिटीज में 9वें स्थान पर रही थी. टॉप 10 में आने वाली यह इकलौती स्टेट यूनिवर्सिटी थी. यह राज्य पब्लिक यूनिवर्सिटी कैटेगरी में पहले स्थान पर और ओवरऑल में 18वें स्थान पर रही.

वीडियो: कोलकाता की बिरयानी में आलू कैसे आया? इसका अंग्रेजों से क्या कनेक्शन है?

Advertisement

Advertisement

()